शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2023

सूतांजली अक्तूबर 2023

 


यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/C2uUI6QeYH4

ब्लॉग  पर पढ़ें : à 

https://sootanjali.blogspot.com/2023/10/2023.html


शुक्रवार, 22 सितंबर 2023

तीर्थाटन और पर्यटन

  सोशल मीडिया पर न जाने कितनी निरर्थक बातें, वीडियो, फोटो तैरती रहती हैं। उसी भीड़ में कभी-कभी अचानक ऐसा कुछ दिख जाता है जो दिल को छू लेता है। ऐसा ही, सर्वेश तिवारी का एक पोस्ट पढ़ने को मिला :  



      तीर्थाटन की परम्परा जीवन के तीसरे-चौथे चरण के लिए बनी थी। हमारे देश और संस्कृति  में यह परंपरा अनेक पुरानी है। अपने गृहस्थ धर्म के उत्तरदायित्व से मुक्ति पा कर पूर्णतः ईश्वर में लीन हो चुके बुजुर्ग जब तीर्थ को निकलते थे तो उस भूमि के कण-कण को प्रणाम करते चलते थे। मन जब हर नदी, तालाब, पर्वत या वृक्ष में ईश्वर को देखने लगे, जब हर जीव में ईश्वर का अंश दिखने लगे, तब घूमते हैं तीर्थ...

     बहुत ज्यादा उम्र नहीं हुई मेरी, पर दूर गाँव से काशी आ कर गंगा मईया को देखते ही रो पड़ने वाले बुजुर्गों को भी देखा है मैंने। मैंने देखा है श्रद्धा से प्रणाम करते चलती माताओं को... बेटा यदि एक बार काशीजी, अजोधाजी, प्रयागराज घुमा दे तो उल्लसित मन से उसे भर-भर कर आशीष देती और उसके सारे अपराध माफ करती माताएं! जैसे जीवन में इससे बड़ा कोई काम नहीं....

     बकरी बेच कर बैजनाथ धाम में जल चढ़ाने गया कोई बूढ़ा व्यक्ति जब डेढ़ सौ रुपये में खरीदे गए प्रसाद को घर आ कर सत्तर पुड़िया बना कर गाँव भर को बांटता है, तो उसके चेहरे पर आस्था नहीं, सीधे ईश्वर दिखते हैं। और मैंने ऐसे असंख्य ईश्वरीय चेहरों को देखा है। आपकी आस्था का स्तर यह हो तो कीजिये तीर्थ...

      लोक में तीर्थ की महिमा यह है कि हमारे गाँव के लोग जब गया पिंडदान करने जाते तो समूचा गाँव गाजे बाजे के साथ उनके पीछे-पीछे कुछ दूर तक छोड़ने जाता था। तीर्थ से लौटे व्यक्ति को तो अब भी हर सभ्य देहाती प्रणाम कर के आशीर्वाद लेता है। जैसे तीर्थ घूम लेने भर से उस व्यक्ति में कुछ दैवीय अंश आ गया हो... 

      मैंने अनेक ऐसे लोगों को भी देखा है जो केदार-बदरी की यात्रा के बाद अपने गृहस्थ जीवन से विरक्त से हो गए। झगड़ों में नहीं पड़ेंगे, झूठ नहीं बोलेंगे, लहसुन प्याज नहीं खाएंगे, किसी जीव पर प्रहार नहीं करेंगे... जैसे तीर्थ कर लेने से सब-कुछ बदल गया हो! यह तीर्थ के प्रति सनातन आस्था है।

      कासी-बिसनाथ या बैजनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए लगी लम्बी लाइनों में हर-हर महादेव के नारों के बीच दसों बार मैं रोया हूँ... ईश्वर के सामने पहुँच कर अनायास ही मन भर उठता है भाई... यह सामान्य आस्था है! यह न हो तो कोई अर्थ नहीं तीर्थ का...

      मैं समझ नहीं पाता कि तीर्थों को कूड़े का ढेर बना देने वाले ये ‘पर्यटक’ कौन सा भाव लेकर केदार-बद्रीनाथ धाम जाते हैं? अपनी कथित तीर्थयात्रा से देव-भूमि को नरक बना देने वाले ये लोग कैसे-कैसे कार्य करते हैं?

          सतही तौर पर सफाई और पर्यावरण की बातें करने वाले लोग सफाई ने नाम पर ‘कूड़ा जहां-तहां न फेंकना’ तो जानते हैं लेकिन नष्ट न होने वाले कूड़े का निर्माण और प्रयोग भी वही करते हैं। पर्यावरण के नाम पर अपने घर में गमले लगाते हैं, बगीचे सजाते हैं, फार्म हाउस में फल-फूल भी उगाते हैं लेकिन फिर जंगल काटने में भी नहीं हिचकते।

                    अभी कुछ वर्ष पहले ही धनबाद के नजदीक एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल को राज्य सरकार ने ‘पर्यटक स्थल’ घोषित कर दिया था। स्थानीय लोग उसके विरुद्ध उठ खड़े हुए – पर्यटक स्थल तीर्थस्थल की आत्मा का हनन कर देती है। लेकिन सरकार पर जब इसका कोई असर नहीं हुआ तब देश के अन्य भागों में भी इसका विरोध हुआ और जनता इससे जुड़ने लगी। तब सरकार को अपना फैसला बदलना पड़ा। तीर्थों में तीर्थ यात्रियों की सुविधा की व्यवस्था करना, जाने-आने के मार्ग तैयार करना, ठहरने-खाने की समुचित व्यवस्था करना, दर्शन-पूजा की व्यवस्था करना तक तो ठीक है लेकिन उससे आगे बढ़ कर उसे ‘पर्यटक’ स्थल बनाना तीर्थ के महत्व को कम करना है, उसकी आस्था पर प्रहार करना है, पवित्रता को अपवित्र  करना है, तीर्थ की शुद्धता को अशुद्ध करना है।

          तीर्थाटन और पर्यटन दो विपरीत छोरों पर है। तीर्थाटन की अपनी कमियाँ हैं तो पर्यटन की अपनी। तीर्थ को पर्यटन बनाना, तीर्थ की आस्था को दूषित करना है, उसे नष्ट करना है। पर्यटन के ताम-झम के सामने साधारण मानव अपने घुटने टेक देता है। सरकार और प्रशासन को ‘पर्यटन’ में ही विकास दिखता है, अतः उसे ही प्रोत्साहित करते हैं। पर्यटन से होने वाली कमाई सरकार और बड़ी कंपनी को मिलता है जबकि तीर्थाटन में होने वाली कमाई  स्थानीय लोगों का घर-गृहस्थी चलाती है। पर्यटन में बड़े लोग मालिक होते हैं और स्थानीय नौकर, तीर्थाटन में स्थानीय मालिक होते हैं और तीर्थ यात्री पर्यटक।

          लोग प्रश्न करते हैं कि - मंदिर चाहिये या रोजगार? यह प्रश्न उठाने वाले या तो राजनीति से प्रेरित हैं, या षडयंत्रकारी, या “मंदिर”  को बना-बनाया पैसे कमाने की मशीन के रूप में देखने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी हैं। ऐसा नहीं है कि मंदिर रोजगार उत्पन्न नहीं करती हैं। हर मंदिर स्थानीय विकास करती  है। किसी भी मंदिर के निर्माण के लिए, कोई सरकारी या बैंक से ऋण नहीं लिया जाता है। इनके द्वारा होने वाले निर्माण में न तो किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी का  सहयोग है और न ही विदेशी निवेश की आवश्यकता, अतः उनकी आँखों में खटकता है। मंदिर स्थानीय लोगों को रोजगार देता है, उनमें भक्ति और श्रद्धा का संचार करता है न कि लालच, ईर्ष्य का। 

          किसी भी मंदिर में जाएँ तो जरा सा नजर उठा कर ध्यान से चारों तरफ देखें तो देखेंगे कि मंदिर करोड़ों लोगों को रोजगर दे रहा है। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह कि ये वे लोग हैं  जिनके पास किसी संस्थान से डिग्री नहीं है। इतना धन नहीं है कि कोई बड़ा निवेश कर सकें। अर्थव्यवस्था में समाज के निचले स्तर के लोग है और वहीं के निवासी हैं। ये किसी भी प्रकार से सरकार पर आश्रित नहीं हैं। कारखानों और कंपनियों की तुलना में मंदिरों आयु भी लंबी होती है। कारखाने और कंपनियाँ तो बंद होती रहती हैं लेकिन तीर्थस्थान-मंदिर तो सनातन हैं। किसी प्रकार की छंटनी नहीं, विस्थापन नहीं, प्रदूषण नहीं। ये सामाजिक , धार्मिक उन्नयन का केंद्र है। यदि आर्थिक दृष्टि से देखें तो  मंदिर, अपने निवेश से कई हजार गुना रोजगार दे रहा है।

          हाँ पर्यटन का अपना महत्व है और आवश्यकता भी लेकिन इसके लिए तीर्थस्थलों  को ही क्यों पर्यटन स्थल बनाया जाय। छोटे-छोटे, सुंदर और मनोरम जगहों की कमी नहीं उसे पर्यटन स्थल बनाएँ, लोगों को वहाँ आकर्षित करें, उनका विकास करें! पर्यटन के लिए जगहों की कोई कमी तो है नहीं फिर ‘तीर्थ’ को ही क्यों ‘हड़पें’? अगर जंगल-अभारण्य को संरक्षित घोषित कर जानवरों की, पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है तब तीर्थस्थलों की आस्था और पवित्रता को संरक्षित क्यों नहीं किया जा सकता? तीर्थ ने उस स्थान को आकर्षक बनाया, प्रसिद्ध किया, और लोग पहुँचने लगे तब उसे पर्यटक स्थल बना दिया? जरा एक तीर्थस्थान तो बना कर दिखाएँ?  आज तो कई बड़े-बड़े विशाल मंदिर भी स्वयं ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। फिर शताब्दियों से बने आस्था स्थलों को क्यों दूषित करें?

 ~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, शेयर करें

ऑन लाइन कोम्मेंट्स दें

 

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/Bi_5Y3MnPKE

शुक्रवार, 15 सितंबर 2023

प्रयास की पराकाष्ठा

                                                              हम बदलेंगे युग बदलेगा

           एक बार जंगल में भीषण आग लगी। सभी जानवर घबरा कर अलग-अलग दिशाओं में भाग रहे थे। चारों ओर भय का आतंक छाया हुआ था। अचानक एक चीते ने एक चिड़िया को अपने सिर के ऊपर से उड़ते देखा; लेकिन वह चिड़िया विपरीत दिशा में, जंगल की तरफ जहां आग लगी थी, उसी तरफ उड़ कर जा रही थी। वह आग की लपटों को देख कर भी बिना रुके उसी दिशा में जा रही थी।



(क्या आपको ऐसा लग रहा है कि यह कहानी अपने सुनी है? आप गलत हैं। अपने नहीं सुनी है। अंत तक सुनें फिर खुद ही निर्णय करें।)

          कुछ क्षण बीते, चीते ने उसे फिर से अपने ऊपर से उड़ते देखा, लेकिन इस बार उस दिशा में जिस दिशा में चीता जा रहा था। कुछ समय तक चीते ने उस चिड़िया की गतिविधि को बहुत ध्यान से देखा और महसूस किया कि वह चिड़िया जंगल की ओर तथा उसके विपरीत दिशा में कई बार आ- जा रही है।

          कुछ समय तक यह सब देखने के बाद चीते से रहा नहीं गया और उसने चिड़िया से पूछने का निश्चय किया; क्योंकि चिड़िया का यह व्यवहार बहुत ही विचित्र लग रहा था। चीते ने उससे पूछा, 'तुम बार-बार इधर-से-उधर क्यों उड़ रही हो ?'

          चिड़िया ने उत्तर दिया, 'मैं पहले झील की तरफ जाती हूँ और अपनी चोंच में पानी भर कर लाती हूँ तथा उसे जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए डालती हूँ।"

          यह सुन कर चीता हंसने लगा। उसने चिड़िया से कहा, "क्या तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है? क्या तुम सच में सोचती हो कि तुम अपनी इस छोटी-सी चोंच के पानी से उस भयंकर आग को बुझा सकती हो ?"

          ‘नहीं’, चिड़िया ने कहा, 'मुझे पता है कि मैं आग बुझाने में सफल नहीं हो पाऊँगी, लेकिन जंगल मेरा घर है। जंगल मुझे खाने के लिए फल देता है, यह मुझे और मेरे परिवार को आश्रय देता है। इस सब के लिए मैं जंगल की बहुत आभारी हूँ। और जब मैं जंगल के फल-फूल खाकर, उनके बीजों को इधर-उधर गिरा देती हूँ तो ये बीज जंगल को फैलाने और घना करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैं इस जंगल का एक हिस्सा हूँ और यह जंगल मेरे जीने का एक महत्वपूर्ण भाग है। मुझे पता है कि मैं इस भयंकर आग को नहीं बुझा सकती लेकिन मुझे अपनी तरफ से पूरी कोशिश करनी ही होगी।’

          जब चीते और चिड़िया का यह संवाद चल रहा था, उसी समय जंगल में भागने वाले अन्य जीव-जन्तु भी रुक कर उनका संवाद सुनने लगे। बहुतों ने तो चिड़िया को पागल समझा और उसकी हंसी उड़ते हुए यह कहते हुए भाग निकले कि उसके अकेले के करने से क्या होगा। लेकिन कुछ को उसकी बात में सार नजर आया और वे भी अपनी-अपनी समझ और क्षमता के अनुसार जंगल की आग बुझाने में लग गए।

          उस समय वन में रहने वाली ‘दिव्य आत्माएं’ इसे बहुत गहराई से अनुभव कर रही थीं। वे सब जंगल के प्रति चिड़िया और फिर उसके साथ लगे अन्य प्राणियों की प्यार भरी भावनाओं से बहुत प्रसन्न हुईं और एक चमत्कार हुआ, जंगल में हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण आग को शान्त कर दिया।

          क्या आप अपने जीवन में चमत्कारों को अनुभव करना चाहते हैं, चमत्कार करना चाहते हैं? यदि हां, तो हमेशा अपना शत-प्रतिशत दीजिये। यह विचार मत कीजिये कि अकेले के करने से क्या होगा? अगर हमारे दिल में प्यार, कोमलता, विनम्रता और सहजता की भावना है, अगर हम  इतने रचनात्मक बन सकते हैं तो हम मानवता को अलग स्तर पर ले जाने में सक्षम हो सकते हैं। अगर कुछ होगा तो हमारे अकेले के करने से ही होगा। हम बदलेंगे, युग बदलेगा।

~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, शेयर करें

ऑन लाइन कोम्मेंट्स दें

 

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/y9PCfI18jf4


शुक्रवार, 8 सितंबर 2023

सूतांजली सितंबर 2023


 

 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/6mZM5KEn8g4

ब्लॉग  पर पढ़ें : à 

https://sootanjali.blogspot.com/2023/09/2023.html


शुक्रवार, 18 अगस्त 2023

मेरी नहीं, तेरी इच्छा पूरी हो

  जीवन में ऐसे अनेक क्षण आते हैं जब प्रार्थना में पूर्ण आस्था रखने के बावजूद जब प्रार्थना न सुनी जाने के कारण ‘उस’ पर से हमारा विश्वास हिल जाता है। और ठीक इसके विपरीत यानी ऐसी भी अनेक घटनाएँ हैं जब प्रार्थना में विश्वास न करने वाला भी प्रार्थना करता नजर आता है और उसकी प्रार्थना सुन ली जाती है।



विचित्रा, मिशिगन के एक विशाल ग्रेनाइट चट्टान की चोटी पर चढ़ने में  लगी हुई थी। वह लगभग आधा रास्ता तय पर कर चुकी थी। ऐसी चट्टान पर पर्वतारोहण करने का यह उसका पहला अनुभव था। चट्टान के एक कगार पर खड़ी वह जरा आराम कर रही थी। जैसे ही उसने वहां से आगे बढ़ने के लिए कदम बढ़ाया, अचानक उसका कॉन्टैक्ट लेंस आँख से निकल कर गिर गया। बहुत ढूंढा लेकिन नहीं मिला। उसके मुंह से अनायास निकल पड़ा 'बहुत बढ़िया!’ और खयाल आया - यहां मैं एक चट्टान के मुहाने पर खड़ी हूं, नीचे से सैकड़ों फीट ऊपर और इसकी चोटी से सैकड़ों फीट नीचे, और अब मुझे सब कुछ धुंधला नजर आ रहा  है।' 

          उसकी नजरें लेंस को चारों तरफ खोजती रहीं और आशा करती रही कि शायद वह लेंस इस मोड़ पर मिल जाये। लेकिन वह कहीं नहीं था। धीरे-धीरे उसने महसूस किया कि उसके अंदर घबराहट बढ़ रही है। उसके ओंठ स्वतः प्रार्थना करने लगे। उसने धैर्य, शांति और शक्ति के लिए प्रार्थना की, और उसने प्रार्थना की कि उसे उसका कॉन्टैक्ट लेंस मिल जाए। यही प्रार्थना करती हुई वह धीरे-धीरे चट्टान की चोटी तक  पहुंच गई। वहाँ उसके साथियों ने उसके लेंस को उसकी आंख और कपड़ों पर ढूंढा। लेकिन लेंस को नहीं मिलना था, नहीं मिला। हालाँकि अब वह शांत थी क्योंकि वह चोटी तक पहुँच चुकी थी, लेकिन वह दुखी भी थी क्योंकि वह पहाड़ों की श्रृंखला के पार स्पष्ट रूप से कुछ नहीं देख पा रही थी।

          उसने फिर से भगवान से प्रार्थना की... “हे ईश्वर, आप इन सभी पहाड़ों को देख सकते हैं। आप हर पत्थर और पत्ते को जानते हैं, और आप ठीक-ठीक जानते हैं कि मेरा कॉन्टैक्ट लेंस कहाँ है। कृपया मेरी मदद करें।” थोड़ी देर बाद, पर्वतारोहियों का दूसरा दल शीर्ष पर पहुंच गया। उनमें से एक चिल्लाया, 'अरे! क्या तुमलोगों में से किसी का कॉन्टैक्ट लेंस खो गया है?’

          सब अचंभित रह गये! यह हुआ कैसे?  यह काफी चौंकाने वाला किस्सा था। हाँ, किस्सा क्योंकि यह किसी भी अवस्था में सत्य नहीं हो सकता था। हुआ क्या? पर्वतारोही ने इसे क्यों और कैसे देखा? एक चींटी चट्टान के नजदीक एक टहनी के ऊपर, इस कांटैक्ट लेंस को लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी! उसी अवस्था में उसकी उस चींटी पर नजर पड़ी और उसने उसे वहाँ से उठा लिया।

           कथा यहाँ समाप्त नहीं होती है। क्योंकि इसके बाद जो हुआ वह यकीनन कहानी नहीं घटना है। विचित्रा के पिता एक व्यंगकार हैं।  जब विचित्रा ने उसे चींटी, प्रार्थना और कॉन्टैक्ट लेंस की अविश्वसनीय कहानी सुनाई, तो उन्होंने उस कॉन्टैक्ट लेंस को पकड़े हुए एक चींटी का कार्टून बनाया और लिखा, 'हे भगवन, मुझे नहीं पता कि आप क्यों चाहते हैं कि मैं यह चीज़ ले जाऊं। मैं इसे नहीं खा सकती, और यह बहुत भारी भी है। लेकिन अगर आप मुझसे यही चाहते हैं तो मैं इसे आपके लिए लेकर आऊंगी।"

 

          मुझे लगता है कि यह हम सभी के लिए एक अति प्रभावशाली प्रार्थना होगी, "हे भगवन!, मुझे नहीं पता कि आप क्यों चाहते हैं कि मैं यह बोझ उठाऊं, यह कष्ट झेलूँ, दुख सहूँ, मुझे इसमें कोई अच्छाई नजर नहीं आती और यह बहुत कष्टप्रद भी है। लेकिन, अगर आप चाहते हैं कि मैं इसे उठाऊं, सहूँ, झेलूँ, तब, यह मैं करूँगा। मुझे कोई शिकायत नहीं"।

 

         भगवान योग्य लोगों को नहीं बुलाते, वह जिन्हें बुलाते हैं उन्हें योग्य बनाते हैं।

 

          सामान्य जीवन में प्रार्थना ईश्वर के साथ मानवीय संबंध के प्रमुख तत्वों में से एक है और अक्सर इसका उत्तर दिया जाता है लेकिन हमेशा नहीं; जब इसका उत्तर नहीं दिया जाता है तो धार्मिक व्यक्ति ईश्वर में अपना विश्वास बनाए रखता है और समझता है कि उत्तर देना ईश्वरीय इच्छा नहीं थी।

 

          निःसंदेह सभी प्रार्थनाएँ नहीं सुनी जातीं - यदि सभी की प्रार्थनाएँ सुनी गईं, चाहे वे कितनी ही सच्ची क्यों न हों, तब दुनिया वर्तमान से भी ज्यादा विनाशकारी होती। जैसे हर ईश्वरीय प्रार्थना हमेशा तुरंत नहीं सुनी जाती है, वैसे ही, आस्था भी हमेशा तुरंत उचित नहीं होती है। एक चीनी कहानी में, एक देवता को किसी भक्त पर क्रोध आ जाता है, तब वह उसे श्राप देता है "तुम्हारी सभी प्रार्थनाओं का उत्तर दिया जाए"। यानी सभी मानवीय प्रार्थनाओं का सुना जाना वरदान नहीं अभिशाप है।

 

 श्रीअरविंद कहते हैं :

जहाँ तक प्रार्थना का प्रश्न है, कोई कठोर नियम नहीं बनाया जा सकता। कुछ प्रार्थनाओं का उत्तर दिया जाता है, सभी का नहीं। आप पूछ सकते हैं कि फिर सभी प्रार्थनाओं का उत्तर क्यों नहीं दिया जाना चाहिए? लेकिन सही प्रश्न है उन्हें क्यों दिया जाना चाहिए? यह कोई मशीनरी नहीं है: स्लॉट में प्रार्थना डालें और अपना अनुरोध प्राप्त करें। इसके अलावा, उन सभी विरोधाभासी चीजों पर विचार करते हुए जिनके लिए मानव जाति एक ही क्षण में प्रार्थना कर रही है, यदि ईश्वर को उन सभी को प्रदान करना पड़ा तो वह एक अजीब स्थिति में होगा; यह चल नहीं सकता।  प्रार्थना में जो महत्वपूर्ण है, वह प्रतिक्रिया नहीं बल्कि संबंध है, निरंतर प्रार्थना हमें अपने भीतर के ईश्वर के साथ एक व्यक्तिगत और अंतरंग संबंध विकसित करने में मदद करती है। यदि प्रार्थनाओं का उत्तर दिया जाता है, तो ठीक है। यदि उनका उत्तर नहीं दिया जाता है तो हम कहते हैं "मेरी नहीं, तेरी इच्छा पूरी हो" इस विश्वास के साथ कि वह हमसे बेहतर जानता है कि हमारे लिए क्या अच्छा है।  

 

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, शेयर करें

कोम्मेंट्स दें


यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/wtfiiNV1uLA


शुक्रवार, 11 अगस्त 2023

जीविका और जीवन

 जीविका और जीवन

          अच्छी से अच्छी परिस्थिति में भी एक महा दुखी है और दूसरा बुरी से बुरी परिस्थिति में भी सुखी है। राम और दशरथ एक ही परिस्थिति में हैं – एक दुख में प्राण त्याग करता है और दूसरा मुदित मन से वन-गमन करता है। आज हम सुखी हैं क्योंकि कोई भी छोटी बात हमारे मन में रुकी नहीं। छोटी बात ही हमें दुखी करती है।



          जिस आचरण से हमारा मंगल हो उसे मंगला चरण कहते हैं। जैसे-जैसे हमारी बाहरी भूख कम होती जाती है हमारी अंदर की भूख बढ़ने लगती है। हम तैयार होते हैं – मृत्यु के लिए नहीं बल्कि यह जानने के लिए कि मृत्यु होती ही नहीं। हमें यम नहीं ब्रह्म दिखने लगता है।

          आज 50 का वेतन मिल रहा है। एक दिन अचानक बताया जाता है कि अगर यह कार्य दो महीने में पूरा कर लेते हैं तब 125 का वेतन मिलेगा। और हम आनन-फानन में मनुष्य से बैल बन जाते हैं और कोल्हू के बैल की तरह चक्कर लगाने लगते हैं। 125 का वेतन हो गया  – तब और कम समय में और ज्यादा काम, और ज्यादा वेतन। यानी बैल बने रहिए। 50 में सुखी जीवन जी रहे थे, अब अगर वापस उसी 50 पर आ भी जाएँ तो.... सुख नहीं दुख ही मिलेगा। यानी बैल बने रहिए, निजात नहीं है। यह वह चक्र है जो कभी समाप्त नहीं होता, जीवन समाप्त हो जाता है।  हम लगातार भविष्य का अहम खरीदते रहते हैं। नया-नया अहम, नये-नये ऊंचे मूल्यों पर।

          अध्यात्म की एक बड़ी विचित्रता है। मार खाना भी सत्संग हो सकता है। रामायण में प्रसंग है। हनुमान वायु मार्ग से लंका पहुँच गये। लंका में  प्रवेश करने की विधि खोज रहे हैं। द्वार पर लंकिनी रास्ता रोके खड़ी है। कोई रास्ता न पाकर लंकिनी को मुष्टिका प्रहार करते हैं। प्रहार से लंकिनी को मूर्छा आ गई, रक्त निकल आया। लेकिन मूर्छा से उठी तो न आह किया-न ओह, न क्रोध आया। हनुमान ने भी कुछ कहा नहीं। लेकिन उठते ही लंकिनी ने कहा ‘बड़ा सत्संग हुआ’। मुष्टिका प्रहार ने उसे जगा दिया, उसे झकझोर दिया। अगर आप सजग हैं तो विपरीत परिस्थिति में भी अच्छा सत्संग हो सकता है।  हनुमान के उस प्रहार ने उसके अहंकार का नाश किया और यह समझ आई कि लंका के अहंकार के नाश का समय आ गया है। अगर यह सत्संग नहीं तो फिर किसे सत्संग कहेंगे?

          कोई खिलाना चाहे और हम न खाएं तो उसके खिलाने की चाह कम होने लगती है। कोई सहायता करना चाहे और हम उसकी सहायता न लें तो उसकी सहायता करने कि चाह कम होने लगती है। संबंध तब बनता है जब दोनों तरफ प्यास लगती है। अतः यह आवश्यक है कि कभी-कभी भूख न रहने पर भी खाएं, जरूरत न होने पर भी सहायता लें। इससे सिर्फ आपसी संबंध ही नहीं बनते बल्कि समाने वाले की खिलाने और सहायता करने की प्रवृत्ति को भी सहारा मिलता है। क्या यह सत्संग नहीं है?

          बाजार से लाई हुई मूर्ति-फोटो को रोज-रोज नहलाने, शृंगार करने, खिलाने से हम उसमें प्राण फूँक देते हैं। हमें हठी होना पड़ेगा। शिव ने सती का त्याग किया, उसे बगल में नहीं सामने बैठने कहा। लेकिन पार्वती की प्यास ने उन्हें मजबूर कर दिया, उन्हें भी अपने संकल्प का त्याग कर पार्वती को बगल में स्थान देना पड़ा।  

          यह मेरी जिंदगी है, इस पर मेरा अधिकार है! क्या यह आपकी है। जिस जिंदगी को अपनी इच्छा से प्रारम्भ नहीं कर सकते, जिस जिंदगी को आप अपनी इच्छा से समाप्त नहीं कर सकते, वह कितनी आपकी है? हमारे इस जीवन में अपरिमित शक्ति है, उसे हम संभाल ही नहीं पाते। अतः अपनी उस अपरिमित शक्ति को ईश्वर से जोड़ दीजिये, अपने से नहीं। वह हमारी शक्ति को संभाल सकता है।  

          दो प्रकार की संस्थाएं विश्व भर में हैं, हर देश में, हर शहर में, हर कस्बे में। एक सिखाती है जीवन और दूसरी सिखाती है जीविका। विशेष बात यह है कि जीवन सीखने वाली संस्थाएं जीविकोपार्जन भी सिखाती है, लेकिन जीविका सिखाने वाली संस्थाएं जीवन जीना नहीं सीखतीं। कभी जीवन सिखाने वाली संस्थाएं ही थीं, उससे ही दोनों, जीवन और जीविका, चल जाती थीं। लेकिन जैसे-जैसे लालच बढ़ा जीवन सीखने वाली संस्थाएं चाहरदीवारी में घिरने लगीं और जीविका सीखने वाली संस्थाएं बाजार में आ गईं। जीवन सिखाने वाली संस्थाओं को धार्मिक संस्था, आश्रम, धर्मस्थल, वृद्धों का घर, आदि नाम दिये गए हैं। उन्हें मिटाने के लिए पूरा प्रयत्न करने के बाद भी वे फल-फूल रही हैं क्योंकि जीना तो है ही और जीना तो वही सिखाती है। जीविका सिखाने वाली संस्थाएं  तो मानव को बैल बना रही हैं। 6-7 अंको वाली नौकरी तो बीते समय की बात हो गई है अब तो बातें 8-9 अंकों वाली नौकरी की होती है। कितनों को यह वेतन मिलता है? कक्षा में प्रथम कितने विद्यार्थी आते हैं? क्या बाकी का जीवन व्यर्थ है?

          जीवन सिखाने वाली संस्थाओं को आपका जीवन (समय) चाहिए और जीविका सिखाने वाली संस्थाओं को आपकी जीविका (धन) चाहिए। और यह धन भी 7-8 अंकों की। कम अंकों की शिक्षा से तो कुछ मिलने वाला नहीं सिर्फ पसीना बहाते रहिए। बड़ी शिक्षा लेकर बड़ी जीविका चाहिए तो कर्ज लीजिये, कर्ज यानी गुलामी। यह एक नया चक्र-व्यूह है, जिसमें अंदर जाने का तो रास्ता है लेकिन निकलने का ........?  

 ‘गोलमाल’ के गाने के ये पंक्तियाँ याद आ रही है। - 

          गोल माल है भइ सब गोल माल है, हर सीधे रस्ते की एक टेढ़ी चाल है

                    भूख रोटी की हो तो पैसा कमाइये, पैसा कमाने के लिये भी पैसा चाहिये
                              गोल माल है भइ सब गोल माल है, हर सीधे रस्ते की एक टेढ़ी चाल है

          जीवन बनाना और जीविका बनाना दो अलग-अलग चीजें हैं। हम प्रायः जीविका बनाना ही जीवन बनाना मान लेते हैं और पूरी गड़बड़ी यहीं से हो जाती है। जीविका बाहर का अस्तित्व है और जीवन अपने भीतर का। सुदामा की, राम की जीविका अच्छी नहीं थी लेकिन जीवन अच्छा था। रावण की जीविका अच्छी थी लेकिन जीवन नहीं।  जीविका अच्छी हो तो आवश्यक नहीं की जीवन अच्छा होगा लेकिन अगर जीवन अच्छा होगा तो जीविका की परवाह नहीं होगी।  

          पहले अकाल आता है, पीछे सुकाल। पहले लू की जलती हुई हवाएं आती हैं, फिर बरखा की ठंडी फुहार। पहले भूख आती है, फिर रोटी। पहले रात आती है, पीछे दिन। प्रकृति का यही नियम है और कायदा भी। जीवन अच्छा बनाइये और धीरज रखिए। जीविका अच्छी बनाने के लिए धन चाहिए और जीवन अच्छा बनाने के लिए समय और अनुभव।

          पौष्टिक आहार का फैशन है और पौष्टिक विचार का अकाल। पौष्टिक विचारों का सावन लाइये और फिर जीवन को फलता-फूलता देखिये।  

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/6MgvA9d5tac


शुक्रवार, 4 अगस्त 2023

सूतांजली अगस्त 2023


यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/BK32xEl52L4

 ब्लॉग  पर पढ़ें : à 

https://sootanjali.blogspot.com/2023/08/2023.html