शुक्रवार, 26 मार्च 2021

शीत काल में केदार-बद्री की तीर्थ यात्रा

आदिशंकराचार्य ने देश के चार कोनों में चार धाम स्थापित किए थे। उत्तर में बद्रीनाथ, दक्षिण में रामेश्वरम, 

पूरब में जगन्नाथ और पश्चिम में सोमनाथ। लेकिन सामान्यत: यानि जेनेरली स्पीकिंग चार धाम से हम प्राय: पहाड़ों पर बसे चार धाम की बात करते हैं। ये हैं - यमुना के उद्गम स्थल यानि ऑरिजिन पॉइंट पर यमुनोत्री (3353 - ३३५३मी.), गंगा के उद्गम स्थल पर गंगोत्री (3100 - ३१०० मी.), महादेव का धाम केदारनाथ (3553 - ३५५३ मी.) और विष्णु का स्थान बद्रीनाथ (3300 - ३३०० मी.)। हिमालय की गोद में काफी ऊंचाई पर होने के कारण छ: महीने ये चारों स्थान भारी हिमपात यानि स्नो फॉल के कारण बर्फ से ढकें रहते हैं और इनका मार्ग यातायात के लायक नहीं रहता है। अत: इनकी 

यात्रा बंद रहती है। गरमी के मौसम में ही इन स्थानों पर जाया जाता है। समयानुसार इन चारों मंदिरों के दर्शन बंद और प्रारम्भ होने की तिथियों की घोषणा होती है।  सामान्यत: दिवाली के आसपास यात्रा बंद हो जाती है और आखा तीज के नजदीक  यात्रा प्रारम्भ होती है। इन छ: महीनों के लिए देव के प्रारूप यानि इमेज को पहाड़ों पर कुछ नीचे लाया जाता है और वहीं उनकी विधिवत पूजा-अर्चना होती है। इन स्थानों को ठाकुर की शीत कालीन गद्दी यानि ऑफिस कहते हैं। यमुनोत्री की खरसाली में, गंगोत्री की मुखबा में, केदारनाथ की उखीमठ में और बद्रीनाथ की जोशिमठ में यह शीतकालीन गद्दी लगती है।

कोरोना काल के पश्चात महीने भर के ऋषिकेश प्रवास के दौरान ठाकुर के शीतकालीन गद्दी के दर्शन करने की तीव्र इच्छा हुई। चार धाम की यात्रा तो किये हुए हैं लेकिन शीतकाल में कभी यात्रा नहीं हुई।  अत: यात्रा पर जाने का मन बना लिया, और २८ (28) फरवरी २०२१ (2021) को हम केदार-बद्री के शीत कालीन गद्दी के दर्शन करने निकल पड़े।  इस यात्रा के लिए हमने स्विफ्ट डिजायर भाड़े पर ली जिसका कुल खर्च १५५०० (15500) पड़ा। पहाड़ों पर बने नवीन मार्ग यानि न्यूली बिल्ट रोड को देख कर बड़ा आनंद मिला। चौड़ी-सपाट सड़क। सड़कों को सर्द-गरम-वर्षा यानि ऑल वेदर के अनुकूल बनाने का प्रयत्न किया जा रहा है। बड़ी मशीनें, नए पुल, सुरंगे यानि टनेल आदि से सुसज्जित किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग तक का कार्य प्राय: समाप्ती पर है। कार्य की प्रगति से लगता है कि शायद 2 वर्षों में कार्य पूरा कर लिया जाए और फिर इन तीर्थ स्थलों की यात्रा सुगम, कम जोखिम भरी और तेज हो जाएगी।  

वानप्रस्थ आश्रम, ऋषिकेश से हम प्रात: ८ (8) बजे रवाना हुए। देवप्रयाग में, मन्दाकिनी और भागीरथी नदी के संगम पर स्नान किया। घाट तक जाने के लिए अनेक सीढ़ियाँ लांघनी पड़ी लेकिन हमने हिम्मत नहीं 

देवप्रयाग

हारी और घाट तक पहुँच ही गए। यहाँ स्वच्छ निर्मल मन्दाकिनी उछलती-दौड़ती वेग से आगे बढ़ती है जब कि भागीरथी मटमैली, शांत और चुपचाप आकर मन्दाकिनी में मिल जाती है। इसी प्रयाग के बाद नदी का नामकरण गंगा हुआ है। स्नान के पश्चात हम श्री रघुनाथ मंदिर में रघुनाथ जी के दर्शन करने गए। बड़ी अजीब बात हुई। ठाकुर के चेहरे पर ध्यान कर उनकी आँखें देख रहा था तो अचानक लगा कि मैं तो बाँके बिहारी के दर्शन कर रहा हूँ। आँखों को झटका दे कर फिर से पूर्ण शृंगार पर नजर जमाई तो श्री 

देवप्रयाग में रघुनाथ मंदिर

राम दिखे। लेकिन फिर जैसे ही आँखों से आँख मिली बाँके बिहारी प्रगट हो उठे। इसके पहले कि इस पहेली को समझता बगल में खड़े आचार्य जी के पुत्र ने जानकारी दी। बताया कि रघुनाथजी के इस विग्रह की यह खास बात है। इनका  स्वरूप तो  श्रीकृष्ण का है लेकिन शृंगार श्री राम का। अत: स्वरूप में श्री कृष्ण और शृंगार में श्री राम के दर्शन होते हैं। मंदिर के पूरे परिसर में भ्रमण कर वहाँ स्थापित नए पुराने 

रघुनाथ मंदिर में आधुनिक शिलालेख

शिलालेख, परिक्रमा गद्दी आदि के दर्शन कर हम देवप्रयाग से आगे बढ़े। रात का पड़ाव देवप्रयाग से लगभग ७५ (75) कि.मी.,  रुद्रप्रयाग के नजदीक, पहाड़ों की गोद में,  तिलवाड़ा में गड़वाल मण्डल विकास निगम (GMVN) के  मन्दाकिनी रिज़ॉर्ट में था। तिलवाड़ा रुद्रप्रयाग के नजदीक केदारनाथ मार्ग पर है। 

जीएमवीएन मन्दाकिनी रिज़ॉर्ट, तिलवारा

स्थान अत्यंत रमणीक, स्वच्छ, प्रकृति की गोद में, मन्दाकिनी के तट पर है। मंदाकिनी तक जाने के लिए रिज़ॉर्ट से ही सीढ़ियाँ बनी हुई हैं। शीतल पवित्र जल में स्नान किया जा सकता है। यहाँ एक रात ही रहने का कार्यक्रम था लेकिन यहाँ का वातवरण हमें इतना पसंद आया कि हम यहाँ दो रात ठहर गए।

तिलवाड़ा से हम तीसरे दिन प्रात: ८ (8) बजे निकले। ३३ (33) किमी का सफर  लगभग डेढ़ घंटे में तय कर गुप्तकाशी पहुंचे। मार्ग में चौखम्बा पहाड़ शृंखला की सफ़ेद बर्फीली चोटियाँ (स्नो पीक्स) दिखीं। कहा जाता है कि महाभारत युद्ध के पश्चात पांडव महादेव के दर्शन करना चाहते थे। लेकिन पांडव जहां भी उन्हें

गुप्तकाशी
 खोजते पहुँचते महादेव वहाँ से लुप्त हो जाते। युद्ध में भीषण नर-संहार एवं शिव भक्तों की भी हत्या के कारण वे पांडवों से नाराज थे। महादेव को खोजते हुए पांडव गुप्तकाशी भी पहुंचे लेकिन वे यहाँ से भी लुप्त हो गए थे। अंत में पांडवों ने नारदाजी की सहायता से केदारनाथ में भैंसे के स्वरूप में महादेव को पकड़ा और उनके दर्शन किए। गुप्तकाशी में अगल बगल दो मंदिर हैं, जिनमें शिवलिंग और अर्धनारीश्वर के दर्शन होते हैं। मंदिर के सामने कुंड में पहाड़ों से निरंतर जल आता रहता है। यहाँ शिवलिंग की दूध से अभिषेक करने की इच्छा हुई। दुकानें खुली नहीं थी और पुजारी ने भी लाचारी बताई। तभी एक स्थानीय दर्शनार्थी से मुलाक़ात की और उसके बताए रास्ते से जाकर प्रसाद और दूध लाकर मनोकामना पूरी की। यहाँ से १४ (14) किमी की यात्रा 

उखीमठ
४५ (45) मिनट में पूरी कर उखीमठ पहुंचे। यहाँ के श्री ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथजी की शीतकालीन गद्दी लगती है। यहाँ भी पूजा अर्चना, प्रसाद तथा दूध से अभिषेक किए। यहाँ पंच  केदार के लिंग रूप में दर्शन भी हैं। यहाँ से हम आगे चोपता की तरफ बढ़े। चोपता का रास्ता थोड़ा दुर्गम है। रास्ता अच्छा है लेकिन सँकड़ा है, चालू रास्ता न होने के कारण चमोली तक वीरान सा है लेकिन किसी प्रकार की बदमाशी नहीं है।  बसें प्राय: लंबा रास्ता लेकर रुद्रप्रयाग हो कर चमोली तक जाती हैं। चोपता से बर्फीली चोटियों को देखने का अद्भुत आनंद है। यहीं से तुंगनाथ आदि के लिए पैदल मार्ग जाता है। सैलानियों के लिए यह जगह अतिउत्तम है। यहाँ ठहरने की कोई उत्तम व्यवस्था नहीं है, लोग प्राय: टेंट में ठहरते हैं। हम यहाँ से बर्फीली चोटियों का नजारा देख अपने अगले पड़ाव जोशीमठ की तरफ बढ़ गए। जोशीमठ में श्री नरसिंघ मंदिर में श्री बद्रीनाथ की  शीतकालीन गद्दी लगती है। हम सीधे मंदिर ही पहुंचे और मंदिर के अतिथि भवन में ठहरे। भवन, रात गुजारने लायक है। लंबे सफर की थकावट तथा मंदिर परिसर में ही होने के कारण वहीं रुकने का निश्चय किया। मंदिर का कुछ वर्ष पूर्व ही जीर्णोद्धार 

श्री नरसिंघ मंदिर, सूर्योदय से पहले

किया गया है। अत: पूरा मंदिर परिसर स्वच्छ एवं आधुनिक प्रारूप लिए हुवे है। संध्या कालीन आरती के पश्चात मंदिर के पुजारी से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि वहाँ स्थापित श्री नरसिंघ भगवान का विग्रह आदि शंकरचार्य द्वारा स्थापित है। विग्रह की दाहिनी भुजा स्वत: धीरे धीरे क्षीण यानि पतली होती जा रही है। जैसे जैसे यह प्रतिमा क्षीण हो रही है उधर भविष्यबद्री का विग्रह स्वत: स्वरूप ले रहा है। समयानुसर नर-नारायण पर्वत मिल जाएंगे, श्री नरसिंघ की प्रतिमा खंडित हो जाएगी, भविष्यबद्री का स्वरूप पूर्ण हो जाएगा और वही श्री बद्रीनाथ के रूप में स्थापित होगा।

प्रात: अभिषेक का दर्शन कर हम अतिथि भवन से निकल कर जोशिमठ में ही गढ़वाल मण्डल विकास निगम (GMVN) के अतिथि गृह में चौथी रात बिताने पहुँच गए। यहाँ से बर्फीली चोटी कमरों से ही साफ 

लाल बर्फीली चोटी, जोशीमठ


दिखती है। सुबह सुबह सूर्योदय के समय सूर्य की लाल किरणें सफेद चोटियों पर पड़ती हैं तो ऐसे लगता है मानो चोटी पर आग लगी हो, लेकिन कुछ ही देर बाद ये स्वर्णिम हो जाती हैं।  उड़नखटोला (रोप वे) से औली जाने का कार्यक्रम था। इस वर्ष कोरोना और फिर बर्फ न होने के कारण यात्री बहुत कम थे। अत: रोप वे के लिए पहले से आरक्षण की आवश्यकता नहीं पड़ी। अन्यथा नेट पर अग्रिम आरक्षण करना उचित है। औली से सैलानी खच्चरों पर ४-५ किमी की यात्रा कर बर्फ का आनंद लेने जा रहे थे। औली में सिर्फ बर्फीली हवा के थपेड़े और बर्फीली चोटी को निहारें और साथ में गरमा गरम चाय-कॉफी, मैगी-नूडल्स आदि का स्वाद लीजिये।  

पांचवे दिन सुबह ९ बजे हम रुद्रप्रयाग के लिए प्रस्थान किये। राह में नन्दप्रयाग एवं कर्ण प्रयाग के दर्शन करते हुए लगभग ३ बजे रुद्रप्रयाग पहुंचे। मुख्य मार्ग पर ही एक होटल में ठहरे। सड़क की ऊंचाई से ही प्रयाग के दर्शन किए। छठे दिन प्रयाग तक जाने के लिए सुबह ८ बजे निकल गये। प्रयाग के नजदीक ही बाबा काली कमली वाले की धर्मशाला है। एक रात गुजारने के लिए ठीक है। यहाँ से संगम नजदीक है लेकिन बाजार दूर। बाजार में भी इनकी धर्मशाला है। संगम तक पहुँचने के लिए काफी नीचे तक जाना पड़ता है, सीढ़ियों से, फिर भी घाट तक नहीं पहुँच पाया। मुझे छोड़ और कोई नहीं उतरा। केदारनाथ की बाढ़ की आपदा में यहाँ बहुत नुकसान हुआ, उसके बाद से सही व्यवस्था नहीं हो पाई  है। सौभाग्य से आसाम से एक बेटी अपने पिता को लेकर वहाँ आई हुई थी। उसने मेरी परेशानी समझ कर अंजली भर जल लाकर मुझे दिया। उसीसे आचमन और छिड़काव कर संतोष कर लिया। और फिर यात्रा समाप्त करते हुए वहाँ से सीधे जॉली ग्रांट (देहरादून) हवाई अड्डे के तरफ निकल पड़े। अड्डा लगभग 2.30 बजे पहुंचे। हवाई अड्डा छोटा है, विस्तार की आवश्यकता है।

यात्रा बहुद ही सुखद एवं आनंद दायक रही। हर जगह कोरोनाकाल की छाप दिखी। मंदिर वीरान पड़े थे। रास्ते में अनेक जलपान गृह बंद थे, यात्री नदारद थे। इससे जहां कई जगह सुविधा हुई तो असुविधा भी। मंदिरों का विरानापन खटका तो होटलों में अच्छी छूट (डिस्काउंट) मिली। खाने-पीने की जगहों में कमी थी तो रास्ते फाँका मिले। दरअसल सुविधा-असुविधा अलग अलग नहीं है। दोनों एक ही परिस्थिति के दो छोर हैं। जैसे की गर्मी और सर्दी तापमान के ही मापदंड हैं। अगर तापमान कम है तो सर्दी है लेकिन ज्यादा है तो गर्मी है।  जहां सुख है वहीं दुख है, धूप के साथ छाँव है, आनंद के साथ गम है। अगर हमारी नजर सुविधा, सुख, आनंद पर है तो हमारे लिए वसंत है लेकिन अगर असुविधा, दुख, गम पर ही विचार करते रहें तो सूखा है।  परिस्थिति एक ही है नजर अपनी अपनी है।   

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 19 मार्च 2021

बहू को बहू मानें, बेटी को बेटी

अभी कुछ समय पहले की बात है, मैं अपने छोटे भाई के घर पर, जो दूसरे शहर में रहता है, गया हुआ था। कमरे में मैं, पिताजी, माताजी, भाई और उसकी पत्नी बैठे थे। माता-पिता अधिकतर छोटे  भाई के साथ रहते थे। बहू कुछ उखड़ी-उखड़ी नजर आ रही थी। बातों बातों में मुझसे मुखातिब हुई और अपनी नाराजगी बताने लगी। माँ और भाई उसे टोकने लगे; लेकिन उसके हाव-भाव से लगा कि वह रुकने वाली नहीं। मैंने उन्हें रोका और बहू को अपनी बात कहने  की अनुमति दे दी। भाई, माता-पिता मेरी इज्जत करते हैं। अत: उन्हें अच्छा तो नहीं लगा लेकिन कुछ बोले नहीं। बहू ने अपनी व्यथा बयान की। उसकी व्यथा थी कि वहाँ सब उसमें और बेटियों में दो भाँत करते हैं, यह उसे अच्छा नहीं लगता। प्रमुखत: - पहनावे, रीति-रिवाजों को मानने और घर का काम करने में। हाँ, वह सही कह रही थी। फिर मैंने पूछा क्या उसके पीहर और ससुराल में सब रीति-रिवाज शत-प्रतिशत एक जैसे माने और मनाए जाते हैं? क्या दोनों जगहों के विचार पूरी तरह आपस में मिलते हैं? वह खुद अब अपने पीहर और ससुराल में से किनके विचारों और रीति रिवाजों को मनाती है? यह घर उसका है या उसकी ननद का? इसी प्रकार उसके भाई का घर उसकी भाभी का है या उसका?’ उसने बताया वह उन्हीं रीति रिवाजों और परम्पराओं को निभाती और भली भांति जानती है जिसकी मान्यता ससुराल में है। यह घर ननदों का नहीं उसका है और इसी प्रकार  भाई का घर भाभी का है उसका नहीं। मैंने बताया कि माँ-बाप का यह फर्ज बनता है कि वह अपनी बेटी को इस प्रकार तैयार करे कि विवाह के बाद बदले हुए माहौल को समझने और अपनाने में उसे तकलीफ न हो। मानवीय-आध्यात्मिक संस्कार गहरे हों लेकिन पारिवारिक रीति रिवाजों की  जानकारी हो ताकि नए परिवेश में खुद को ढालने में उसे तकलीफ न हो। और वहीं बहू को इस प्रकार सिखाये की परिवार के संस्कार, रीति रिवाज, परंपरा को अच्छी तरह से समझ ले ताकि वह उनका निर्वाह भी कर सके और अगली पीढ़ी को उसके अनुरूप तैयार कर सके। इसमें कहीं कोई नियम-कानून, संविधान, महिला अधिकार-स्वतन्त्रता आड़े नहीं आती बल्कि भावनाओं और परिवार का ही महत्त्व है। किसी को बीच में न लाकर अपने घर का ही ध्यान रखा जाता है। बहू का यह भी फर्ज है कि इस सीखने और सिखाने में नए–पुराने का हिसाब न रख, सही और गलत का हिसाब रखे। सड़े-गले को काट-छाँट कर अलग करना जितना जरूरी है उतना ही जरूरी है उसमें नवीन को जोड़ते जाना या उसका नवीनीकरण करना भी। जिससे परिवार हर समय नवीन लगे, उन्नति करे और सुगंध फैलाये।  पूरी प्रक्रिया थोपने की नहीं सीखने-सिखाने की है और इसे उसी अंदाज में लेना चाहिए। यह नहीं समझना चाहिए की यह प्रक्रिया केवल महिलाओं के साथ होती है। पुरुषों के साथ भी होती है। फर्क है, केवल घर बदलने का। इस कारण जहां पुरुषों को सीखने-सिखाने का कार्य बचपन से चलता है, महिलाओं में विवाह के बाद एक बड़ा बदलाव आ जाता है। मुझे संतोष हुआ जब मैंने देखा कि हमारे वार्तालाप के बाद वहाँ उपस्थित सब लोगों के चेहरों से तनाव हट चुका था और सब सहज हो चुके थे। सब समझ गए थे कि महत्त्व भावनाओं का है, अधिकार-नियम-कानून का नहीं।  

श्री चैतन्यमहाप्रभु जंगलों में घूमने जाया करते थे। एक दिन उन्होंने वहाँ एक ब्राह्मण को देखा जो आसन लगाए बड़े ही प्रेम से गदगद कण्ठ से गीता का पाठ कर रहा था। वह श्लोकों का अशुद्ध उच्चारण कर रहा था लेकिन पाठ करते समय वह ऐसा तल्लीन था कि उसे बाह्य संसार का पता ही नहीं था। महाप्रभु देर तक उसका पाठ सुनते रहे। जब ब्राह्मण पाठ करके उठा तब महाप्रभु ने उससे पूछा, अरे भाई, तुम्हें उस पाठ में ऐसा क्या आनंद मिलता है जिसके कारण तुम्हारी ऐसी अद्भुत अवस्था हो जाती है। इतने ऊंचे प्रेम भाव तो अच्छे-अच्छे भक्तों के शरीर में प्रकट नहीं होते, तुम अपनी प्र्सन्नता का ठीक-ठीक कारण बताओ

ब्राह्मण ने कहा, भगवान, मैं एक बुद्धिहीन, ब्राह्मण-वंश में उत्पन्न हुआ निरक्षर ब्राह्मण हूँ। मुझे शुद्ध-अशुद्ध कुछ भी बोध नहीं। मेरे गुरुदेव ने मुझे आदेश दिया था कि तू गीता का नित्य पाठ किया कर। भगवन! मैं गीता का अर्थ भी नहीं जानता। मैं गीता का पाठ करते समय इसी बात का ध्यान करता हूँ कि सफ़ेद रंग के चार घोड़ों से जुता हुआ एक स्वर्ण जड़ित सुंदर रथ खड़ा है। उस रथ की  विशाल ध्वजा पर हनुमान विराजमान हैं। खुले हुए रथ में अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित अर्जुन शोक भाव से धनुष को नीचे रखे बैठा है। भगवान श्री कृष्ण हाथों में घोड़ों की रास लिए सारथी के स्थान पर बैठे मंद मुस्कान से साथ अर्जुन को गीता का उपदेश दे रहे हैं। बस, भगवान के इसी रूपमाधुरी का पान करते-करते मैं अपने आप को भूल जाता हूँ। भगवान की वह त्रिलोकपावनी मूर्ति मेरे नेत्रों के सामने नृत्य करने लगती है। उसी के दर्शनों से मैं पागल-सा बन जाता हूँ। मैं इसी भाव से पाठ करता रहता हूँ। महाप्रभु ने कहा, विप्रवर, तुम धन्य हो, यथार्थ में गीता का असली अर्थ तो तुमने ही समझा हैभावों की शुद्धि ही अत्यंत आवश्यक है। 

बेटे का वैवाहिक संबंध तय होते ही, माँ ने बहू को बाहों में भर कर घोषणा की ‘ये मेरी बहू नहीं  बेटी है’। आधुनिकता की चाशनी में ओत-प्रोत यह घोषणा बड़ी आम बात हो गई है। यह बात किसी की बेटी को अपनी बेटी तुल्य मानना और बेटी को बहू से बड़ा घोषित करने की कोशिश भर है। लेकिन इस आधुनिकता के दिखावे में हम यह भूल जाते हैं कि बहू का अधिकार, उत्तरदायित्व, गरिमा और सम्मान बेटी से ज्यादा है। बहू को बेटी बनाना, सही माने में उसके दर्जे को बढ़ाना नहीं, कम करना है। बहू का अधिकार बहू के रूप में ही है, बेटी बनते ही वह अपना बहू का अधिकार, गरिमा और सम्मान खो देती है। बहू को बेटी कहना केवल आधुनिकता और प्रतिष्ठा का सूचक भर है। यह समझने की जरूरत है कि तमाम आधुनिकता के बावजूद बेटी नहीं, बहू ही अपनी है।

मेरे घर की पहचान, मेरी बहू है। मेरे वंश को बढ़ाने वाली, बहू है। मेरे रिश्ते, परिवार, पास-पड़ोस, मित्र, अतिथि उसके ही इर्द-गिर्द घूमते हैं। इन सबों से बनाना-बिगाड़ना, बहू के हाथ में है। ये सब बहू के बल बूते पर फलते-फूलते हैं। मेरे परिवार का फैलाव, बहू ही करती है। मेरे बुढ़ापे में भी बेटे से ज्यादा भूमिका, बहू की ही है। हाँ, यह सही है कि भावनात्मक दृष्टिकोण से बेटी ज्यादा नजदीक है, उसमें मेरा अंश है, उसमें मेरा खून है, हमने उसे पाला है, वह हमारा दु:ख दर्द समझती है। लेकिन यह बहू की कला है, होशियारी है, कौशल है, समझ है जिससे एक  बेटी अचानक एक अनजान, पराए घर में आ कर  उसे अपना बना लेती है, हमारा मन जीत लेती है। जब तक वह बेटी थी उसके पास ऐसा उत्तरदायित्व नहीं था। बहू बन कर ही वह परिपक्व होती है। यहाँ भी बहू,  बेटी से आगे है। बेटी का संबंध कुछ वर्षों तक ही रहता है जबकि बहू, मृत्युपर्यंत हमारे साथ है। बल्कि, सही मायने में मृत्यु के बाद भी हमारे परिवार का अंग बहू ही है।

बुढ़ापे में बहू के बजाय बेटे-बेटी पर भरोसा करना ही हमारी भूल है। आधुनिकता के चक्कर में बेटी यह मानती है कि माता-पिता की देखभाल उसका उत्तरदायित्व है। उत्तरदायित्व कभी अकेला नहीं होता। उत्तरदायित्व को निभाने के लिए अधिकार की जरूरत होती है। इस चक्कर में बेवजह  अधिकारों का अतिक्रमण पारिवारिक परेशानियाँ पैदा करता है। बहू को बहू मानें, यही नहीं, बेटी को भी बहू बनने दें । याद रखें जिस प्रकार माता-पिता-बेटी के बीच मनमुटाव-स्नेह-नाराजगी-खुशामद, प्यार और तकरार होते रहते हैं लेकिन रिश्ता यथावत बना रहता है, वैसे ही सास-श्वसुर-बहू के बीच भी ऐसे वाकिए होते रहते हैं – उन्हें तूल न दें। बल्कि अगर उनके बीच तकरार नहीं, मनमुटाव नहीं, नाराजगी नहीं, खुशामद नहीं तो समझ लें कि रिश्ता अभी तक सामान्य नहीं हुआ है। प्रेम के बजाय, तकरार और तकरार के बाद प्रेम ही रिश्तों को सामान्य बनाता है। बीती बातों को बिसार कर फिर से रिश्तों को सामान्य करें और यही शिक्षा अपनी बेटी को भी दें। तकरार को अहमियत न दें, भावनाओं का मोल समझें।  जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखि तिन तैसी।

अपने भावों को शुद्ध रखें, बेटी को बेटी और बहू को बहू का दर्जा दें। उन्हें उनके अधिकार और उत्तरदायित्व प्रदान करें। अपना और बेटी, दोनों का घर सँवारें और सँवरने दें।

                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 12 मार्च 2021

फर्क, गाँव और शहर का

 अभी ऋषिकेश प्रवास के दौरान मेरे कुछ अनुभव।

 ठंड के बावजूद हम प्राय: प्रात: 6.30 बजे गंगा किनारे सैर के लिए निकल जाते थे। उस दिन भी सैर से जब वापस आ रहे थे तो देखा साइकिल पर एक घर में बनी पावरोटी-बिस्कुट वाला सड़क किनारे चाय की दुकान पर बिस्कुट दे भी रहा था और गरम चाय भी पी रहा था। पत्नी ने बिस्कुट का एक पैकेट उससे खरीद लिया। आगे बढ़े तो मैंने कहा कि सुबह की चाय के साथ नमकीन पापड़ी वाली बिस्कुट अच्छी लगती है। लेकिन तब तक हम भी आगे बढ़ चुके थे और वह भी अपनी साइकिल लेकर जा चुका था। घूमते हुए जब हम अपने आश्रम के दरवाजे पर पहुंचे तो पाया कि वह वहीं अपनी साइकिल लेकर खड़ा है। पत्नी ने देखा और उससे बिस्कुट बदली करने का अनुरोध किया। बिना किसी शिकन और प्रश्न के उसने तुरंत उसे बदली ही नहीं किया, बल्कि बिना मांगे ही कुछ  पैसे भी वापस किए। हम शहर में रहने वालों के लिए यह एक रोमांचित अनुभव था। शहर में शायद सामान फिर भी बदली कर दें, पैसे वापस तो हॉकर हो या दुकान वाला  वापस करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।

 हमारा ऋषिकेश से देवप्रयाग जाने का कार्यक्रम बना। टैक्सी वाले से बात हुई थी लेकिन तय नहीं किया था। जाने के ठीक एक दिन पहले अचानक पेट गड़बड़ा गया और पतले दस्त लगने लगे। दवा प्रारम्भ की और जल्द ही लगा अब ठीक है। अत: 11 बजे टैक्सी वाले को फोन कर अगले दिन सुबह 6.30 आने का कह दिया। लेकिन अचानक दोपहर बाद परिस्थिति खराब होने लगी। थोड़ा इंतजार किया शायद ठीक हो जाय। लेकिन उल्टा ही हो रहा था। आखिर शाम तक कार्यक्रम रद्द करने का ही मन बनाया। पत्नी को इशारा किया कि टैक्सी वाले को मना कर दे। पत्नी हिचकिचा रही थी कि वह चिल्ला-मिल्ली करेगा, और नुकसान की बात करेगा। लेकिन कोई उपाय नहीं था। उसने फोन किया और उसे स्थिति से अवगत कराया। उसे बताया कि मेरी तबीयत ठीक नहीं और पतले दस्त लग रहे हैं, इसलिए हम कार्यक्रम रद्द करना चाहते हैं। टैक्सी वाले ने तुरंत कहा ऐसी अवस्था में तो दिन भर के लिए जाना ठीक नहीं। जाएंगे तो बाहर खाना पड़ेगा, तबीयत और खराब हो सकती है। आगे उसने पूछा कि डॉक्टर से बात की है? दवा वगैरह दी है? कोई दवा लानी है? ध्यान रखिएगा? पत्नी कुछ भी बोल सकने की अवस्था में नहीं थी, उसकी आँखों में आँसू छलक आए।

 पत्नी को एक दुकान में एक पोशाक पसंद आई। लेने का मन तो बना लेकिन पहन कर देखने की सुविधा न होने के कारण पेशो-पेश में थी कि क्या किया जाए। दुकानदार ने मुसीबत आसान कर दी। कहा कि आप ले जाइए, आश्रम में पहन कर देख लीजिएगा और अगर नहीं जँचे तो वापस कर दीजिएगा, पैसे वापस मिल जाएंगे। पत्नी ने पूछा, “वापस करने पर क्या आप पूरे पैसे वापस दे दीजिएगा?” दुकानदार ने विश्वास दिलाया कि हाँ पूरे पैसे वापस मिल जाएंगे, बदली करने नहीं कहा जाएगा। उसने अपना वादा निभाया। 

 शहर में वादा-खिलाफी अपना हक समझा जाता है। शहरों में हमने बहुत पैसे खोये हैं। अग्रिम दिया पैसा तक, माल न आने पर भी, लौटते नहीं बल्कि कुछ और खरीदने के लिए या बार बार खबर लेने के लिए कहते हैं। शिक्षा ने हमें पतन के गर्त में धकेल दिया है। शहर की शिक्षा ने दुर्भाग्यवश हमें धूर्त और चालक बना दिया है।  इससे तो गाँव का अ-शिक्षित गँवार हमसे बेहतर है

 1909 में गांधी ने हिन्द स्वराज की रचना की थी। पुस्तक में गांधी ने शिक्षा विशेष कर ग्रामीण लोगों की साक्षरता अभियान की निंदा की थी। उन का मत था कि अमूमन ग्रामीण किसी भी शहरी की तुलना में अपनी जिम्मेदारियाँ ज्यादा समझता है और उनका निर्वाह भी करता है। शिक्षा उन्हें शिक्षित नहीं चालाक बनाती है। ऐसी शिक्षा का क्या उपयोग?

 इससे पहले लगभग 1830 में कैप्टन स्लीमन ने भी इसीसे मिलती जुलती बात कही थी। कैप्टन को भारत का दौरा करना पड़ा था और अपने कार्य हेतु वह भारत के बड़े पैमाने पर आम आदमियों के संपर्क में था। एक प्रश्न के उत्तर में उसने कहा था, एक ग्रामीण भारतीय सच्चा और ईमानदार है। वह बिना शपथ लिए भी सत्य ही  कहेगा भले ही उसे नुकसान उठाना पड़े। लेकिन एक शहरी, अगर उसे नुकसान हो रहा हो तो, शपथ लेने पर भी सत्य नहीं कहेगा।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 5 मार्च 2021

सूतांजली मार्च २०२१

 सूतांजली के मार्च अंक का संपर्क सूत्र नीचे है:-

इस अंक में दो विषय, एक लघु कहानी एवं कारावास की कहानी – श्री अरविंद की जुबानी धारावाहिक का तीसरा अंश है:

१। कैसा जीवन चाहिये? गुलाम का या मालिक का?

कैसा जीवन खोजते हैं आप? – एक गुलाम जैसा या एक मालिक जैसा! बड़ा बेहूदा सा प्रश्न प्रतीत होता है। यह भी कोई पूछने वाली बात है! गुलामी का जीवन भी कोई जीवन है? गुलामी में तो जीवन केवल जाता है, आता नहीं। गुलामी का जीवन बस एक आभास होता है, सपना होता है,.....

२। सुखी जीवन, आपकी मुट्ठी में

एक बड़ी कंपनी में कार्यरत महिला लिखती हैं:

उस वर्ष कंपनी में अनेक उठा-पटक हुए। अब कंपनी के कर्मचारियों का वार्षिक मूल्यांकन चल रहा था। सभी बेहद तनाव में थे। चाय पर, भोजन पर, गलियारों में, आते-जाते सब केवल इसी की चर्चा कर रहे थे। कौन रहेगा, कौन जाएगा, किसकी तरक्की होगी, किसकी अवनति होगी? जितनी मुंह उतनी बातें। मैं उस तनाव को झेल नहीं पा रही थी। अत: हरिद्वार एक आश्रम में  ध्यान- .......

३। गुरु पर भरोसा

भयानक कार दुर्घटना में अपना बायाँ हाथ खो चुकने के बाद भी १० वर्षीय जतिन की जूडो सीखने की तीव्र इच्छा थी। एक दिन वह एक बूढ़े जापानी जूडो गुरु के पास पहुंचा। साहस जुटाकर उसने उनसे जूडो सीखाने का आग्रह किया। गुरु ने उसे अपने शिष्यों में शामिल कर लिया। अगले दिन से वह नियमित अभ्यास में शामिल होने लगा। वह खूब मन लगाकर अच्छी तरह से सीख रहा था। लेकिन उसे समझ नहीं आ रहा था कि पिछले तीन महीने से वह एक ही पैंतरा .........

४। कारावास की कहानी – श्री अरविंद की जुबानी

पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल बंद में थे। जेल के इस जीवन का, श्री अरविंद ने कारावास की कहानी के नाम से, रोचक वर्णन किया है। अग्निशिखा में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम जनवरी माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इस कड़ी में यहाँ इसका तीसरा अंश है।

 

संपर्क सूत्र (लिंक): -> https://sootanjali.blogspot.com/2021/03/2021.html

 

ब्लॉग में इस अंक का औडियो भी उपलब्ध है।

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021

अति सर्वत्र वर्जयेत

 जब जनता भ्रमित हो, दो खेमों में बंटी हो, तर्क-कुतर्क के सहारे अपने को सही और दूसरे को गलत सिद्ध करने पर तुली हो, दोनों पक्ष असत्य-अर्धसत्य का सहारा ले रहे हों, दोनों पक्षों में अच्छाइयाँ और बुराइयाँ हों,  तब विद्वानों-मनीषियों का यह उत्तरदायित्व बनता है कि वे किसी भी एक पक्ष के  हिमायती न बन कर अच्छे को अपनाने और बुरे को निकालने,  चाहे जिस पक्ष में हो, की पैरवी कर दोनों पक्षों में शांति पैदा करने की कोशिश करें, एक स्वस्थ्य वातावरण तैयार करें, एक अनुकरणीय आचरण करें, न कि पक्ष-विपक्ष में बंट कर अशांति को बढ़ायेँ।

पूरे विश्व में  बहुत कुछ घटित हो रहा है। हमें, हमारे देश की ज्यादा जानकारी है। अत: हमें यहाँ की घटनाओं का ज्यादा पता है और वे हमें ज्यादा उद्वेलित करती हैं। हम अपने देश के भूत, वर्तमान तथा भविष्य से जुड़े हैं, अत: अपने देश की घटनाएँ हमें ज्यादा विचलित करती हैं।  पूरा देश, ऐसा प्रतीत होता है अंध लोगों से भरा है और दो खेमों में बंटा है – एक है अंध भक्तों का और दूसरा है अंध विरोधियों का। ये दोनों ही खतरनाक हैं। एक को कोई बुराई नहीं दिखती और दूसरे को कोई भलाई नहीं नजर आती। एक को लगता है कि सब ठीक और सही है तो दूसरे खेमे को सब बुरा और गलत नजर आता है।  जहां एक खेमा जिन नियमों, क़ानूनों, संविधान और महापुरुषों की बातों और कार्यों से सही सिद्ध करता है तो दूसरा उन्हीं की दुहाई दे कर तर्कों से उन्हें गलत बताता है। यही नहीं दोनों एक दूसरे को सहन भी करते नजर नहीं आ रहे। हमने अंग्रेजों को भी सहन नहीं किया और उन्हें देश से चले जाने को कहा, लेकिन वे अंग्रेज़ थे, विदेशी थे। लेकिन इनका क्या करें? ये तो इसी देश के हैं। क्या वे भी देश छोड़ कर चले जाएँ? क्या यह उनका देश नहीं है? कहाँ जाएँ? जिस डॉ. अंबेडकर ने हमें संविधान दिया और उसके अंतर्गत हमें मौलिक अधिकार प्रदान किए उन्हीं डॉ. अंबेडकर ने यह भी कहा था, “अब जब हमारा देश स्वतंत्र हो गया है, हमारे पास अपना संविधान है, कानून है, न्यायालय हैं, हमें सत्याग्रह और हड़ताल का परित्याग कर, अपने न्यायालयों या अन्य संवैधानिक तरीकों से, समस्या का हल शांतिप्रिय तरीकों का उपयोग कर निकालना चाहिए लेकिन नहीं, कोई न समझने को तैयार न सुनने को। दोनों की एक ही जिद पंचों की आज्ञा सर-माथे, लेकिन नाला यहीं खुदेगा।  दोनों खेमों में हर मुद्दे पर जोरदार बहस, धरना, विरोध  चलता ही रहता है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमारी नहीं किसी विदेशी कि सरकार है। तर्क, वितर्क, कुतर्क सभी का ज़ोर रहता है। किंकर्तव्यविमूढ़ जनता एक खेमे की बात सुनकर खुश होती है, नारे लगाती है, जयजयकार करती है वही जनता दूसरे खेमे में भी वही करती है। पहलवानों की कुश्ती देखने से जनता को जैसे उत्तेजना मिलती है, ठीक वैसी ही उत्तेजना चारों तरफ फैली हुई है। वास्तविक तथ्य जानने की  न किसी को परवाह है न फुर्सत। न्याय शास्त्र में जितने प्रकार के छल, कपट, वितण्डावाद  आदि बताए गए हैं उन सबका दांव-पेंच की तरह दोनों खेमे के लोग कर रहे हैं।  दोनों खेमों में युधिष्टिर की तरह अर्ध-सत्य कहने वाले और असत्य कहने वालों की कमी नहीं। हाँ, सत्य कहने वाले भी हैं लेकिन उनकी बात न कोई करना चाहता  है और न सुनना। बात उत्तेजना से आगे बढ़ कर हिंसा, विद्वेष, तिरस्कार, नफरत तक चली जाती है।

बात यहीं तक होती तो फिर भी संतोष कर लिया जाता। दर्द और चिंता की बात तो यह है कि देश के बहुतायत मनीषी, विद्वान, संत  ने भी अपने को बाँट लिया है और जनता को बांटने में लगे हैं। गांधी ने देश के विभाजन का पुरजोर विरोध किया। अंत तक स्वीकार भी नहीं किया। लेकिन जब देश के विभाजन का निर्णय हो गया तब विभाजन के निर्णय के विरुद्ध सत्याग्रह न कर उन्होंने अपनी पूरी ताकत दोनों खेमों के बीच सौहार्द-प्रेम-प्यार-भाईचारा स्थापित करने में लगा दिया। और इसी कारण दोनों खेमों के अनेक लोग उन्हें संदिग्ध नजरों से देखने लगे। दोनों तरफ के लोग उन्हें दूसरे खेमे का समर्थक मानते रहे और अंत में, अहिंसा का पुजारी अपने ही लोगों की हिंसा का शिकार हो गया।  

दु:ख होता है जब देखता हूँ कि उनके ही अनुयायी, उनके ही नाम पर एक को दूसरे के विरुद्ध उकसा रहे हैं। दोनों ही खेमों में अपनी अपनी अच्छाइयाँ और बुराइयाँ हैं। ऐसा नहीं है कि एक दूध का धोया है और दूसरा काजल की कोठरी है।  बुद्धिजीवियों को खेमों में बंटने के बजाय दोनों को सही मार्ग दिखाना है, उनमें सामंजस्य पैदा करना है, भाईचारे की प्रवृत्ति पैदा करनी है। गांधी की ही बात मानें तो बुरे को नहीं बुराई को त्यागना है। आखिरकार दोनों तरफ के लोग इसी देश के नागरिक हैं, हमें साथ-साथ ही रहना है। तब फिर एक से प्यार और दूसरे से नफरत क्यों?

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 12 फ़रवरी 2021

मधुर गालियाँ

गालियाँ और मधुर? नहीं मैं शादी-विवाह में दी जाने वाली सीठनों (गालियों) की बात नहीं कर रहा जहां वधु पक्ष की औरतें वर पक्ष को मधुर गीतों में खरी-खोटी सुनाती हैं। मैं बात कर रहा हूँ वास्तविक गालियों की, श्राप की। देखिये कुछ मधुर गालियों की बानगी:

१। उसके घर में न तो बड़े रहें, जो अक़्लमंद नसीहत दे सकें और न छोटे रहें, जो उन नसीहतों को सुन सकें।

२। भगवान करे कि

·        तुम्हारी जबान सूख जाए,

·        तुम अपनी प्रेमिका का नाम भूल जाओ,

·        जिस आदमी के पास तुम्हें काम से भेजा जाये, वह तुम्हारी बात को सही ढंग से न समझ सके,

·        जब तुम दूर-दराज़ का सफर करके लौटो, तो गाँव वालों को अभिनंदन के शब्द कहने भूल जाओ,

·        तुम्हारे  बच्चों को उससे महरूम कर सकें जो उन्हें उनकी जुबान सीखा सकता हो,

·        तुम्हारे बच्चों को  उससे मरहूम करे, जिसे वे अपनी जबान सीखा सकते हों।

ये हैं कुछेक ऐसी गालियाँ जिन्हें समझने के लिए इन्हें फिर से पढ़ना पड़ सकता है। ये हैं साहित्यकारों की साहित्यिक गालियाँ, शरीफ़ों की शरीफ गलियाँ। दरअसल ये हैं एक रूसी लेखक रसूल हमज़ातोव की 



मेरा दागिस्तान से लिया गया अंश। दागिस्तान रूस के उस गाँव का नाम है जहां रसूल का जन्म हुआ था। उन्हें अपनी मातृभूमि और मातृभाषा से बेहद लगाव था। उपन्यास में उनके इस लगाव की स्पष्ट झलक मिलती है, और साथ ही पता चलता है अपनी भाषा के महत्व का।

संचय के नुकसान

अब दूसरी बानगी देखिये टोल्स्टोय की शैतान यह सब सुनते ही चुस्त-दुरुस्त सरकारी हकीमों की भाषा में बदतमीज, नालायक, बेहूदा, कमीना, चुगद ....... आदि की बौछार करते हुए सख्ती से पेश आया और कहा – अगर तूने तीन बरस में मेरा काम नहीं किया तो तुझे गंगा-स्नान की सख्त सजा देनी पड़ेगी, और रामनाम जपने, तुलसीदल खाने, गंगाजल पीने की यंत्रणा भी दी जाएगी। 

यह उनकी एक बड़े मजेदार कहानी का अंग है। कहानी कुछ इस प्रकार है कि एक गाँव में एक बड़ा मेहनती और ईमानदार किसान रहता था साथ ही बुराई से डरता था। शैतान से यह बरदास्त नहीं हुआ। उसने अपने अनुचर को उसे पदभ्रष्ट करने भेजा। बेचारे कई चालें चला लेकिन अपने कार्य में सफल नहीं हो पाया। हार कर वह शैतान के पास लौट आया और बताया कि वह उनका काम नहीं कर सका। यह जान कर ही शैतान ने उसे ऊपरी बातों से सुशोभित किया। बेचारा वापस चला आया और विचार करने लगा कि क्या किया जाये? आखिर उसे एक अच्छा उपाय सूझा। उसने एक गरीब किसान का रूप बनाया और उसके यहाँ नौकरी करने लगा। अब उसने किसान को सलाह देनी शुरू की। उसकी सलाह से किसान को प्रचुर फायदा और गाँव वालों का नुकसान होने लगा। गाँव के लोग गरीब होते चले गये और वह बड़ा सेठ बन गया, और प्रचुर मात्रा में धन जमा होने लगा। किसान उस पर फिदा हो गया और उसकी हर सलाह मानने लगा। और जब उसके पास बेशुमार दौलत जमा हो गई। तब उसने किसान को चावल सड़ा कर शराब बनाने की विधि सिखाई और फिर पीना भी सीखा दिया। बस फिर क्या था दावतें होने लगीं, महफिलें जमने लगीं। मेहनत, ईमानदारी हवा हो गई और बुराई तथा बेईमानी ने अपने पाँव पसार लिए। ऐसी ही एक महफिल में जिसमें यार दोस्तों के साथ उनकी पत्नियाँ भी थीं अनुचर ने शैतान को अपनी सफलता दिखाने बुला लिया। उसने देखा उनके बीच नि:संकोच बेशरमी से सब चल रहा था। पहले लोमड़ी की तरह गली-गलौच, बेईमानी और धूर्तता की बातें, फिर भेड़िये की तरह गुर्राना और हाथा-पाई और अंत में वहीं गंदी नाली में गिर कर वहीं सूअरों की तरह सो गये। शैतान बहुत प्रसन्न हुआ। उसने कहा यह केवल शराब का कमाल नहीं है बल्कि जरूरत से ज्यादा संचय करने का कमाल है। ऐसी कोशिश करो की दुनिया के लोग दूसरों से छीन कर संचय करने लगें। तब वे छीना-झपटी और संचय की होड़ में फंस जाएंगे और तब दुनिया से उस दुष्ट ईश्वर का राज्य उठ जाएगा और सब मेरी प्रजा बन जाएगी।

गांधी ने तीन बातें कही थीं – संयम करो, अपरिग्रह करो तथा आलस्य त्याग कर परिश्रम करो। गांधी के अनुयायी नेहरू ने केवल एक बात अपनाई – आराम है हराम। पहले औद्योगिक क्रांति हुई। फिर हरित क्रांति हुई। और फिर श्वेत क्रांति भी हुई। लेकिन 100 में से 90 की थाली में कुछ नहीं आया, एक बूँद दूध का नहीं पहुंचा। जब हम अधूरी बात मानते हैं तब हमारी मंशा भी अधूरी ही फलित होती है। अर्जन के साथ वर्जन, ग्रहण के साथ अपरिग्रह को जोड़ना जरूरी है अन्यथा संयम संभव नहीं। मद धन में नहीं संचय में है। जब तक हमारा मन अ-प्रमाद के साथ-साथ दम और त्याग को मंजूर नहीं करता, सारी क्रांतियाँ निरर्थक हैं।

(पत्र मणिपुतुल के नाम पर आधारित)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2021

सूतांजली, फरवरी २०२१

 सूतांजली के फरवरी अंक का संपर्क सूत्र नीचे है:-

इस अंक में तीन विषयों पर चर्चा है:

१। यक्ष प्रश्न 

यक्ष ने अगला प्रश्न किया, “संसार में दु:ख क्यों है?”

“लालच, स्वार्थ, भय संसार के दु:ख के कारण हैं”, युधिष्ठिर ने बताया।

“तब फिर ईश्वर ने दु:ख की रचना क्यों की?”

“ईश्वर ने संसार की रचना की। और मनुष्य ने अपने विचार और कर्मों से दु:ख और सुख की रचना की”।   ..........................

२। अंधेरा

·          अंधेरा, अंधकार, अँधियारा, तमस, रात, तम, तिमिर

·          अज्ञानता, मतिभ्रम, निराशा, अवसाद, रहस्य, अप्रसिद्धि, अपमान, मृत्यु

·          दिन में सूर्य प्रकाशित होता है तो रात्रि में चाँद, तारे, दीपक, मोमबत्ती, मशाल, बिजली अंधेरे का नाश करते हैं

·          जरा ठहरो, यानि प्रकाश के लिये किसी का होना आवश्यक है! चाहे वह सूर्य हो या चाँद-तारे, या दीपक, बिजली या कुछ और! ...................

३। कारावास की कहानी

पांडिचेरी आने के पहले श्री अरविंद कुछ समय अंग्रेजों की जेल बंद में थे। जेल के इस जीवन का, श्री अरविंद ने कारावास की कहानी के नाम से, रोचक वर्णन किया है। अग्निशिखा में इसके रोचक अंश प्रकाशित हुए थे। इसे हम जनवरी माह से एक धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। इस कड़ी में यहाँ इसका दूसरा अंश है।

 

संपर्क सूत्र (लिंक): -> https://sootanjali.blogspot.com/2021/02/blog-post.html

 

ब्लॉग में इस अंक का औडियो भी उपलब्ध है।