शुक्रवार, 30 मार्च 2018

मिसाल - नदिया के गाँव की


आज मीडिया ऊटपटाँग खबरें दे कर ही अपने उत्तरदायित्व का निर्वाह मान लेता है। वह यह समझता है कि व्यापार, राजनीति, धर्म और खेल की गतिविधियां ही बताना-छापना उनका उद्देश्य है। इनके अलावा अपराध तथा समाज और व्यक्ति को  तोड़ने की खबरों के अलावा उसे कुछ सूझता ही नहीं। ऐसे में सन्मार्ग रविवार, १८ मार्च २०१८ में छपी यह खबर इस बात का प्रमाण है कि अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है।


लेकिन क्या ऐसी खबरें सामाजिक मीडिया (सोश्ल मीडिया) के लोग भी पढ़ते और बांटते (शेयर) हैं?

शुक्रवार, 23 मार्च 2018

अमरा का बास


टॉइलेट, एक सत्य कथा

राजस्थान के अलवर जिले में सरिस्का राष्ट्रीय उद्द्यान है। देश एवं विदेश से अनेक पर्यटक यहाँ आते रहते हैं। यहीं पर है स्टर्लिंग का “टाईगर हैवेन” रिज़ॉर्ट। ठहरने के लिए उत्तम जगह है। यह रिज़ॉर्ट “अमरा का बास” नमक जगह में है। हम इसी रिज़ॉर्ट में ठहरे हुए थे। एक दिन सुबह गाँव देखने निकल पड़े। गाँव मुझे बहुत पसंद है। बचपन में लंबे समय तक छुट्टियों में हम सपरिवार अपने गाँव में रहते थे। इसके अलावा और भी गांवों में रहा हूँ, घूमा हूँ। इन सब गांवों में हमारे परिचितों के अलावा भी बहुत लोग रहते हैं। दुकाने हैं, छोटा सा विद्यालय है, डॉक्टर हैं, मंदिर मस्जिद गिरजा चर्च सब हैं। कहने का मतलब यह कि हर न्यूनतम सुविधा उपलब्ध है और हर जाति एवं धर्म के लोग साथ साथ रहते हैं। इसी ख्याल से हम उधर बढ़े।

अपने अनुभव के आधार पर मन में था कि गाँव हैं तो दुकानें होंगी, बच्चे होंगे, छात्र  दिखेंगे। वहीं की दुकान से खरीद कर कुछ-न-कुछ बच्चों में बांटेंगे। इसी ख्याल से हम घुसे। कुछ एक मकानों के बाद एक मोड़ आया। और यह क्या? गाँव समाप्त, हम गाँव के बाहर थे। मकानों की माली हालत ठीक सी ही लगी। असमंजस में आगे बढ़ रहे थे कि तभी पीछे से आवाज आई “भाईजी राम राम”। मुड़ कर देखते तब तक सज्जन हमारे बराबर पहुँच चुके थे। चलते चलते उनसे बातें होने लगी। पता चला कि इस गाँव में एक ही परिवार रहता है। दादा से लेकर पोते, पड़ पोते  और उसके बाद की पीढ़ी तक। इस प्रकार के कई मकानों या परिवारों के समूह को मिलकर है ‘अमरा का वास’। हर परिवार का अपना अपना १००-२०० बीघा के खेत हैं और उसी खेत में पूरा परिवार अपने मकान बनाता है और पूरा परिवार इकट्ठा वहीं एक साथ रहता है। लेकिन हमें दूर दूर तक कोई मकान दिखा नहीं। हमारी खोजती नजरों को उसने यह कह कर विराम दिया कि दूसरों के मकान दूर है फसलों और पेड़ों के बाद। यहाँ से नहीं दिखेगा। और छानबीन करने पर पता चला कि परिवार बंटते जा रहे हैं और नौबत यहाँ तक आ गई है कि अब उसके हिस्से में सिर्फ ३-४ बीघा जमीन ही है। सब अलग अलग खेती करते हैं। इतने में बस गुजारा हो जाता है, बचता कुछ नहीं। आगे बच्चों का क्या होगा? खेत तो और बाँट जाएंगे? इसे लेकर चिंता है लेकिन कोई समाधान भी नहीं, गाँव खेती-बाड़ी छोड़कर नौकरी के लिए शहर जाने के अलावा। हमें सोच में डालकर, भाईजी आगे बढ़ गए।

हम धीरे धीरे खेतों की मेढ़ों पर चलते हुए आगे बढ्ने लगे। एक पेड़ के नीचे, ठंडी छाँव में एक पलंग लगा था और उसपर साफ सुथरा बिस्तर लगा था। दूर दूर तक कोई दिखा नहीं। हम पैर पसार कर बैठ गए। हल्की ठंडी बयार, मिट्टी की सोंधी सुगंध में डूबे, आंखे चारों तरफ घूमा रहे थे। खेतों में जगह जगह अतिलघु मंदिर दीख पड़े। हम यह समझने कि कोशिश कर ही रहे थे कि कौन से देवी देवता हैं अचानक दो वयस्क लड़कियां कहीं से प्रगट हो गईं जैसे कि आसमान से उतरी हों। बातूनी एवं मिलनसार।

‘पढ़ती लिखती हो?’ के प्रश्न पर पता चला कि दोनों बी.ए. कर रही हैं। उनके गाँव में विद्यालय या कॉलेज नहीं है। गाँव से लगभग ४ किमी पर थानागाजी में ही दुकाने, विद्यालय और कॉलेज हैं।
“रोज वहाँ जाती हो?”
“अरे नहीं! घर का सामान तो कोई भी मर्द सप्ताह भर का एक साथ मोटर साइकल में जाकर ले आता है। और कॉलेज तो बस महीने में एक बार जाने से भी हो जाता है”।
“?????”
“बी.ए. का कोर्स तो बहुत आसान है। रोज यहाँ घर और खेत में वही करते हैं जो पढ़ाया जाता है। अलग से पढ़ने की कोई दरकार नहीं है”।
“तब कोई कठिन विषय क्यों नहीं लिया”?
“अगर पढ़ने लग जाएँ तो खेत का, घर का काम कौन करेगा? दिन भर एकदम फुर्सत नहीं मिलती है घर और खेत के काम से।”
गाँव गाँव में टॉइलेट बन रहे हैं और हमारे अमिताभ जी ज़ोर ज़ोर से टॉइलेट में जाने की हिदायते दे रहे हैं। अत: हमने विषय बदलते हुए पूछ लिए, “घर में टॉइलेट है?”
“हाँ, है लेकिन प्रयोग करने की मनाही है। जब से बना है वैसा ही पड़ा है”।
“???????। और टीवी ?”
“हाँ आ आ आ आ....है। लेकिन हम लड़कियां नहीं देख सकतीं”।
“क्यों?”
“दादाजी का नियम है। लड़के देख सकते हैं”।
हमने फिर नया विषय उठाया। गांवों में छोटी उम्र में ही शादी हो जाती है। ये बड़ी बड़ी हो गई थीं फिर भी कुंवारी थी अत: विवाह के बारे में पूछ लिया।
“हमारे परिवार में हम ३२ से १.१/२ साल तक की १८ लड़कियां हैं। दादाजी हम सबों की शादी अगले साल एक साथ कर रहे हैं।“
“क्या? ३२ से १.१/२ साल तक, सब की एक साथ!”
“हाँ, और नहीं तो क्या! बार बार इतना खर्चा कहाँ से आयेगा”।

हम और न तो सह पा रहे थे और न ही समझ। आप कुछ समझे? हमारी जुबान को ताला लग गया। हम लड़खड़ाते कदमों से खेत की पतली मेढ़ पर चलते हुए वापस लौट पड़े। रास्ते भर कोई कुछ नहीं बोला। हमारे बीच एक सन्नाटा पसरा पड़ा था।

हमारी यात्रा का यह आखरी दिन था।


शुक्रवार, 16 मार्च 2018

रणथंभोर, भानगढ़, सरिस्का


आओणी, पधारो म्हार देस रे!

अपने देश में आने की गुजारिश करने वाले ये शब्द राजस्थान से आता निमंत्रण है। पहाड़ों  और समुद्री तट से दूर बालुकामय रेगिस्तानी प्रदेश है राजस्थान। रेगिस्तान होने के बावजूद सैलानियों की पसंदीदा जगह है। चमड़ी जलाने वाली गर्मी और खून जमा देने की ठंड के बावजूद घुम्मकड़ों को राजस्थान पसंद है। देशी ही नहीं विदेशी पर्यटकों का भी तांता लगा रहता है। बालू के टीले, ऊंट की सवारी, हवेलियों की नक्काशी, सारंगी की धुन पर कलबेलिया या घूमर नृत्य करती बालाएँ, गड़, दुर्ग, धार्मिक स्थलों से परिपूर्ण, चटख रंगों की पोशाक, उन्मुक्त व्यवहार, उत्तम भोजन लोगों को निरंतर आकर्षित करता है। हाइवे पर आते जाते दुर्ग की दीवारें, छतरियाँ, बुर्ज के खंडहर जगह-जगह ऐसे दीख पड़ते हैं जैसे कि बालू में उगने वाली वनस्पति हो। वैसे गौर किया जाए तो इसका ऐतिहासिक एवं भौगोलिक कारण है। भारत में सब आक्रमण पश्चिम से हुए। सब आक्रान्ता राजस्थान को ही रौंदते लूटते हुए भारत में आए। इनके अलावा भीतरी गणराज्यों, प्रदेशों, शासकों में भी निरंतर युद्ध चलता रहता था। कभी भी कहीं भी युद्ध छिड़ जाए, आक्रमण हो जाए। हर समय तैयार। शायद यही कारण रहा यहाँ के बेशुमार दुर्ग, छतरियाँ तथा बुर्ज के निर्माण और साथ ही धार्मिक स्थलों की बहुलता और उनमें अटूट श्रद्धा का। आज भी देश एवं विदेशों में बसने वाले अनेक राजस्थानी परिवार ऐसे मिल जाएंगे जो प्रत्येक वर्ष या माह एक या कई राजस्थान के धार्मिक स्थल में दर्शन करने आते ही हैं। यह उनका मासिक या वार्षिक नियम है।  

लेकिन इस सब के बावजूद हमारी यह यात्रा न धार्मिक थी और न ही ऐतिहासिक बल्कि जंगली यानि जंगलों की, प्रमुखत: बाघ देखने की थी। राजस्थान में वन्य जीवन भी प्रचुर मात्र में है। हमारा पड़ाव सवाईमाधोपुर के नजदीक रणथंभोर और अलवर के नजदीक सरिस्का राष्ट्रीय उद्द्यन था। कोलकाता से आधीरात की फ्लाइट से सुबह-सुबह 1 बजे जयपुर पँहुचे। वहीं से रात का सफर करते हुए गाड़ी से सुबह सुबह रणथंभोर में राजस्थान पर्यटन विभाग के होटल ‘झूमर बावरी’ में डेरा डाला और निकल पड़े जंगल सफारी में। यह एकमात्र होटल जंगल में है, या बेहतर होगा कहना, था। प्रवेश के समय जरूर ऐसा लगता है कि जंगल में जा रहे हैं लेकिन इसके अलावा जंगल जैसा कुछ रहा नहीं। अब शहर फैल गया है और जंगल सिकुड़ चुका है। इसके चारों तरफ शहर ने अपने पैर पसार लिए हैं। दशकों पहले यहाँ के झरोखों, गलियारों से जानवर देखने मिलते थे, लेकिन अब सिर्फ मोर, बंदर और रंग बिरंगे पक्षी। शायद कभी कभी हरिण भी दीख पड़ें। बावरी की बनावट भी पुराने जमाने की सी ही है लेकिन महलों-रजवाड़ों सी भव्यता नहीं है। थोड़ा बहुत परिवर्तन किया गया है लेकिन फिर भी सकारात्मक छाप नहीं छोड़ता। अफ़सरों और कर्मचारियों का व्यवहार भी “सरकारी” है। रख रखाव भोजन में भी इसकी झलक थी। खर्च के अनुरूप न सुविधा है न सहूलियत। जंगल सफारी में नजर कुछ आया नहीं, जो आया वह बयान करने का नहीं क्योंकि हम वह देखने नहीं गए थे।  

रणथंभौर राष्ट्रीय उद्द्यान
जंगल में घूमने के लिए सुबह और शाम वन विभाग से सफारी की व्यवस्था है, वन विभाग के कैंटर या जिप्सी से। इनका आरक्षण ऑनलाइन www.rajasthanwildlife.in पर किया जा सकता है। वेब साइट पर भी सरकारी छाप है। आरक्षण रणथंभौर में भी किया जा सकता है। विशेष भीड़ न हो तो जगह मिलने की गुंजाइश है। जंगल में घूमने के अलग अलग 6 जोन हैं। वैसे तो पर्यटक की तकदीर है लेकिन कहते हैं कि प्रथम 3 जोन में बाघ दिखने की संभावना ज्यादा है। यह भी कहा जाता है कि इस जंगल में बाघ दिखने कि संभवना 90 प्रतिशत है। पर यह भी एक सत्य है कि मैं यहाँ दो बार हो आया लेकिन मुझे दोनों बार ही बाघ नहीं दिखा। उसके पंजों के निशान, उसका मल, जानवरों की आती आवाज से बाघ के आस पास होने की  संभावना पर दोनों बार बहुत ज़ोर दिया गया और दिलासा दी गई कि बस अभी दिखेगा। और इस प्रकार सांत्वना प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।

रणथंभौर का किला
रणथंभौर के दो भाग हैं। १ला जंगल, ज्यादा सैलानी इसी लिए आते हैं, और २रा गणेशजी  का मंदिर। हिंदुओं में इस गणेश मंदिर का विशिष्ट स्थान है। किसी भी शुभ कार्य के प्रारम्भ में गणेशजी की ही पूजा की जाती है। उन्हे विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता भी कहते हैं। हर शुभ कार्य का पहला निमंत्रण पत्र भी गणेशजी को ही देने की मन्यता है। भगवान गणेश का यह निमंत्रण पत्र गणेशजी के इसी मंदिर में भेजा जाता है। देश विदेश से ऐसे ढेर निमंत्रण पत्र रोज इस मंदिर में पहुँचते हैं। यह मंदिर इसी किले के अंतिम छोर पर है। किले के भग्नाविशेषों को लांघते हुवे जब यहाँ पहुँचते हैं तो पूरी थकान मिट जाती है। दुर्ग दिखने के लिए किले के दरवाजे पर गाइड मिलते हैं। उनके बिना इतिहास पूरा समझ नहीं आता लेकिन समय और उन से मिली जानकारी कि तुलना में उनका शुक्ल ४५० रुपए बहुत ज्यादा हैं। उचित है जाने के पहले गूगल कर लिया जाए, घुसते समय पुरातत्व विभाग के बोर्ड और शिलालेखों को पढ़ लिया जाए या फिर मांगी गई रकम से आधी रकम में बात तय की जाए। खैर आदतन हमने गाइड साथ लिया।   

सामान्यत: अन्य दुर्गों की तरह सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस दुर्ग का निर्माण भी एक पहाड़ी पर किया गया। घुमावदार रस्तों पर एक के बाद एक पाँच द्वार मिलते हैं। इनके नाम भगवानों के नाम पर हैं जिनमें पहला द्वार “गणेश पोल” कहलाता है। खास बात यह है कि हर द्वार घुमावदार मोड़ पर है।इस कारण जब तक हम ठीक द्वार के सामने नहीं पहुँचते, इस बात का भ्रम बना रहता है कि आगे चट्टानों का रास्ता ही है। विशालकाय  द्वार काठ  के बने हैं जिन में नुकीले मोटे कील लगे हैं। इन कीलों के कारण दरवाजों पर धक्का मारना कठिन होता है। बंद दरवाजों को तोड़ने के दो ही साधन थे – मद पिला कर मस्त हुए हाथियों द्वारा धक्का मरवाना या फिर लकड़ी के बड़े बड़े लट्ठो द्वारा प्रहार करना। घुमावदार रास्ते होने के कारण बड़े लट्ठों का प्रयोग नहीं किया जा सकता था और हाथियों के लिए भी सीधे दौड़ते हुए धक्का मारना संभव नहीं होता था। अत: प्रहार स्वत: धीमा हो जाता था। दरवाजों को तोड़ना श्रमसाध्य होने के कारण या तो दुश्मन लौट जाता था या फिर समय ज्यादा लगने के कारण थक जाता था और जोश ढीला पड़ जाता था।

अंतिम द्वार के दो नाम हैं – शत्रुओं के लिए “भूल-भुलईय्या” और किले के वासियों के लिए  “स्वागत” द्वार। शत्रुओं के लिए इस अंतिम द्वार तक पहुंचना कठिन होता था और ऐसा मौका कम ही आया। प्राय: अपनी ही सेना विजय के बाद इस द्वार तक लौटती थी। अत: रानियाँ एवं किले की अन्य  औरतें इस द्वार पर विजयी सेना का आदर सत्कार करती थीं। इस द्वार पर ऊंचे झरोखेदार 
स्वागत पोल पर ऊंचा भवन
भवन बने हुए हैं जहां से पुष्प वर्षा की  जाती थी, विजयी सेना के दर्शन किए जाते थे, उनका स्वागत किया जाता था। लेकिन अगर आने वाली सेना शत्रु सेना हुई तो इन झरोखों से पुष्प के बजाय शस्त्रों, पत्थरों, मिरचा आदि की वर्षा करना भी संभव था। शत्रु सेना का इस द्वार तक पहुंचना खतरे की भी निशानी थी क्योंकि यह अंतिम द्वार था। यह भ्रमित द्वार ऐसा बनाया गया है कि बंद अवस्था में खुले होने का भ्रम पैदा करता है। खुला द्वार समझकर, विजयी भाव से शत्रु विजयोन्मत्त हो दौड़ता हुआ आगे बढ़ता और संभलने के पहले सामने अदृशय गहरी खाई में गिरता जाता है। इसके पहले कि सेना समझे और संभले जान की काफी हानि हो चुकी होती है। संभलने के बाद ही दृष्टि घूमने पर दूसरा विशाल द्वार नजर आता है। इसको पार करना एक प्रकार से किला फतह करना ही है। शत्रु सेना के लिए भी और अब पर्यटकों के लिए भी क्योंकि इसके बाद चढ़ाई समाप्त हो जाती है और रास्ता सुगम हो जाता है।

इस द्वार को पार करते ही मंदिर के भग्नाविशेष हैं। जैसे जैसे आगे बढ़ते हैं दुर्ग में  कब्रगाह, सरोवर, उद्यान आदि मिलने लगते हैं। इन्हे पार करने पर महल और रनिवास भी है जिस पर ताला लगा है। भग्नाविशेष, रख रखाव तथा जीर्णोद्धार मांगता है। पुरातत्व विभाग के लिए यह एक बहुत मंहगा सौदा है। पर्यटक भी इनसे छेड़ छाड़ किए बिना बाज नहीं आते। अत: सबसे अच्छा विकल्प होता है द्वार पर मोटा सा ताला लगा कर “प्रवेश निषेध” लगा देना। और यही किया है विभाग ने। अत: यह पूरा परिसर पहुँच के बाहर है।

आगे बढ़ने पर मैदान में एक के ऊपर एक पत्थरों को सजा कर छोटे बड़े  भवननुमा आकार दिखे। पता चला कि सौलनी यहाँ पत्थरों से “मकान” बनाते हैं और अपना खुद का मकान बनने कि दुआ 
जौहर स्थल, पत्थरों के मकान तथा झड़ियों में मन्नत
मांगते हैं। इसकी उल्टी दिशा में झाड़ियों में मोली, रिंग, बालों के बंद बंधे दिखे। अपनी मनोकामना पूरी करने की मिन्नतें। हम यह भ्रम  पालते हैं कि ऐसा नजारा केवल भारत या संसार के पिछड़े देशों में ही देखने को मिलता है। दृष्टि हो तो ऐसे नजारे विश्व के उन्नत देशों में भी देखने को मिलते हैं। हमने ऐसा नजारा ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, इंग्लैंड, अमेरिका में भी देखा है।  यह इस बात को पुष्ट करता है कि अपने आप को शक्ति सम्पन्न और पढ़ा लिखा समझने वाला इंसान भी कहीं न कहीं स्वयं को मजबूर और अशक्त पाता है और तब उस अनजान शक्ति के प्रति अपनी  कृतज्ञता अर्पित करता है, अपने को समर्पित करता है, उसके सामने घुटने टेक देता है। आध्यात्मिक उपदेश पर जाने अनजाने विश्वास कर फल उसके भरोसे छोड़ प्रार्थना करने लगता है।

इसके बाद है “जौहर” स्थल। ठीक इसके पहले किले से बाहर निकलने के लिए गुप्त सुरंग भी बनी हुई थी। जौहर, राजस्थान में आम बात थी। अब हम इसे कुरीति मानते हैं, लेकिन कभी यह समय की विवशता थी। पुरुष अपनी जिंदगी हथेली पर लेकर चलता था। युद्ध कभी भी, कहीं भी छिड़ सकता था। जीवन- मृत्यु के बीच लुका-छिपी चलती रहती थी। पराजित होने पर सबसे बड़ा अत्याचार किले की औरतों को ही झेलना पड़ता था। अमानवीय अत्याचार और अपमान  से बचने के लिए जौहर का चलन था, जिसमें किले की औरतें एक साथ अपने को उस नारकीय पीड़ा और जिल्लत से बचाने के लिए धधकती आग में कूद पड़ती थीं।  

गणेश मंदिर
इस भावुक स्थान से आगे बढ़ने पर अचानक चट्टानों की खड़ी दीवार के बीच प्राकृतिक गहरी खाई नजर आती है। खंबे की भांति खड़ी चट्टानों से उतरना और चढ़ना असंभव है।  अत: इधर पीछे से हमला होने की गुंजाइश नहीं बनती, यह स्थान प्रकृति द्वारा स्वत: सुरक्षित है। इसी छोर पर विराजमान हैं देश भर में पूजित शिवसुत गणेशजी का मंदिर।  श्रद्धालुओं का तांता इनकी मान्यता की कहानी खुद बयान करती है। देखने में छोटा लेकिन मान्यता में बड़ा। यह जगह लंगूरों से भरा पड़ा है। हथेलियों में चने रख कर उन्हे चने खिलाने का एक अलग ही अनुभव हुआ। एक बार तो भय सा हुआ और इसी कारण सब चने उछाल दिये। लेकिन एक बार भयहीन हो कर अपनी मुट्ठी खोलें तब पता चलता है कि इंसान कौन है – हम या लंगूर। लंगूर जमा हो जाते हैं। कोई मार पीट नहीं, छीना झपटी नहीं, धीरे से अंगुलियों को पकड़ कर हथेली से चने उठा कर खाते हुए लंगूरों की 
गणेश मंदिर के समीप लंगूर
साफ सुथरी बेहद नरम उंगलियों और हथेली का स्पर्श मन प्रफुल्लित कर देता है। शर्त है, ऐसा करने की हिम्मत जुटाने की। यह बात साफ समझ आती है कि यह चार पैरों वाला बंदर ही इंसान था और अब दो पैरों वाला इंसान लंगूर है।

यही सोचता, इसी उधेड़ बुन में कब किले से नीचे उतार आए पता ही नहीं चला।
भानगढ़
हमारा अगला पड़ाव था सरिस्का, लेकिन रास्ते में पड़ता है भानगढ़। गूगल बाबा ने बताया कि भारत का सबसे हौंटेड (भुतहा) स्थल यही है। अत: इसे भी देखने की इच्छा हुई। पहले  दरवाजे से प्रवेश करने के बाद सड़क के दोनों किनारे पत्थरों की छोटी बड़ी अनेक दुकानों की शृंखला नजर आई। किसी समय यहाँ जौहरी बाजार लगता था। बड़े बड़े लाल पत्थरों से बना यह बाजार देखने लायक। 
जौहरी बाजार, भानगढ़ एवं मंदिर
अब पूरा खंडहर है लेकिन अपने समय में इसकी भव्यता का अंदाज़ लगाया जा सकता है। पूरे बाजार को पार करने के बाद है गढ़ का दूसरा  दरवाजा। अंदर प्रवेश करते ही दाहिनी तरफ ऊंचे चबूतरे पर उत्कृष्ट मंदिर का भग्नावशेष है।  और भी मंदिर हैं, बाज़ार हैं, छतरी है, भवन हैं और सब से अंत में दुर्ग भी। लेकिन कहीं कोई गाईड नहीं हैं शिलालेख जरूर हैं। आस पास के गाँव के पुरुष एवं महिलाएं गाईड का कार्य करती हैं और सब की अपनी अपनी कहानी हैं। रात को भूत, प्रेत के लिए भी मतांतर हैं। पर्यटक को जो अच्छा लगे, मन को भाए उसे ही सत्य मान लें। यह निश्चित है की यह दुर्ग उपेक्षित है। 

सरिस्का राष्ट्रीय उदद्यान
भानगढ़ से निकल कर हम सीधे पँहुचे अपने अंतिम पड़ाव पर सरिस्का, और जगह थी टाइगर हैवन, स्टरलिंग रिज़ॉर्ट। हाँ, जंगल घूमने के लिए हमने ऑनलाइन सफारी का आरक्षण करवा लिया था। लेकिन आरक्षण ऑफिस पर सब कुछ अव्यवस्थित सा लग रहा था। ठंड का मौसम और सुबह का समय होने के कारण कोई बताने वाला भी नहीं था साथ ही किसी प्रकार की रौशनी न होने के कारण सब कुछ धुंधला सा ही नजर आ रहा था। अंदाजन ही दुविधा से ही भटकते हुए ऑफिस और फिर खिड़की तक पहुंचे। धीरे-धीरे भीड़ होने लगी तो लगा कि सही जगह पर खड़े हैं।

यहाँ भी कई जोन हैं। बातें कई हैं, सच्चाई यही है कि सब जोन एक ही हैं। तकदीर आपका कुछ दिखा या नहीं। आरक्षण पर्ची में लिखा तो था कि एक दिन पहले बोर्डिंग पास लेना पड़ेगा लेकिन वैसा कुछ नहीं था। ऑनलाइन आरक्षण करवाने का फायदा मिला। कारण, विशेष खिड़की से हमें तुरंत पास मिल गया और उस दिन की जंगल में घुसने वाली पहली गाड़ी हमारी ही थी। दर्द इस बात का 
था कि इससे कोई लाभ नहीं हुआ।  जंगल में उल्लेखनीय कुछ नहीं दिखा, हमें भी दूसरों को भी। लेकिन हाँ, यात्रा के मध्य में जहां हम रुके वहाँ काफी पक्षी थे, निडर और निर्भय। हमारे सिरों पर आकर बैठ गए। ऐसा नजारा हमने इसके पहले कभी नहीं देखा था। हम देखते रह गए और वे आकर हमारे सिरों पर बैठते रहे।

रिज़ॉर्ट, स्टरलिंग के अन्य रिज़ॉर्ट की ही तरह अच्छा, साफ सुथरा, खुला खुला और बड़ा सा था। लेकिन यहाँ का रेस्तरां अन्य जगहों की तुलना में दब था। सुविधा में, सजावट में, व्यजनों के चयन 
स्टरलिंग रिज़ॉर्ट, टाइगर हैवन
में तथा उन्हे पकाने में भी।

पूरी यात्रा में सबसे महत्व की बात होती है आपकी टैक्सी का ड्राईवर। जानकार और अच्छा व्यक्ति हो तो आपकी यात्रा में चार चाँद लग जाते हैं और अगर उलट हो गया तो ग्रहण। हमारी यात्रा को चाँद नहीं लगा लेकिन ग्रहण भी नहीं।


सोमवार, 5 मार्च 2018

सूतांजली, मार्च २०१८



 सूतांजली                       ०१/०८                                                 ०१.०३.२०१८

नव वर्ष - नव संकल्प - नव संवत्सर
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा २०७५, तदनुसार १८ मार्च २०१८
आ नो भद्रा: क्रतवो यंतु विश्वत:  - (ऋग्वेद १-८९-१)
 जहां कहीं से श्रेष्ठ विचार मिलें, ग्रहण करना चाहिए।
नव वर्ष का सूर्योदय हम बिस्तर पर न  गवायें। न ही सिर्फ घूमने-फिरने, नाचने- कूदने, पकवान-मिष्ठान्न  खाने में व्यर्थ करें।   नव वर्ष के प्रारम्भ में  हम पुरानी भूलों को अवश्य याद करें। उन भूलों पर विचार करें और तब आगे की मंजिल देखें। इस बात पर गौर करें कि सामने वाले ने कम दिया या हमरी अपेक्षाएँ ज्यादा थीं? हरीन्द्र दवे के अनुसार,’किसी का प्रेम कम नहीं होता, हमारी अपेक्षाएँ ज्यादा होती हैं।’ इस सत्य को स्वीकार करें कि इस जीवन में सब कुछ नहीं पाया जा सकता लेकिन अपनी समझ एवं सकर्म के मेल से बहुत कुछ पाया जा  सकता है। जो हासिल नहीं कर पाये हैं उसके मिलने की संभावना बनी हुई है। पाने का यत्न ही गतिशीलता है और गतिशीलता ही हमारी विजय है। गलतियाँ तो उसी से होंगी जो कार्य  करेगा। या तो उन गलतियों का सुधार कर लिया जाय या फिर छोड़ दिया जाए। भाषा में, कर्म में, कहीं भी चूक हो तो हम उसे समझें और उसका निदान भी निकालें। यह इंसान से ही संभव है। यक्ष प्रश्न यह है कि क्या हम अपनी गलतियों – भूलों को समझते हैं? क्या हमारे पास इतनी फुर्सत है कि हम अपने आप को निहार सकें? क्या हमारा संवाद हम से होता है? क्या हमारी व्यस्तता महज भागमभाग है, संबंध औपचारिकता मात्र, धर्म केवल अनुष्ठान हैं? सत्य अनेक आयामी भ्रम हो गए हैं, प्रगति अनिश्चित गंतव्य हो गया है, प्रेम मृग मरीचिका बन गई है, ज्ञान कुतर्क और संवाद हठधर्मिता बन गई है। द्रव्य की इस अंधी दौड़ में हमें यह पता नहीं है कि हमें कितना धन चाहिए,  किस लिए चाहिए? हमारी चाह क्या है  और उस चाह की पूर्ति के लिए कितना द्रव्य चाहिए? अत: निराशा आनी स्वाभाविक है।

पिछले वर्ष भी सबों ने योजनाएँ बनाई होंगी। किसी की पूरी हुई, किसी की नहीं। यह संभव है कि योजना को पूरा करने के लिए और कुछ समय चाहिए। विभिन्न कारणों से कार्य पूरा नहीं हुआ, लेकिन व्यर्थ भी तो नहीं गया। कुछ तो सीखा? यदि हम कुछ सीखेंगे तभी औरों को कुछ सीखा पाएंगे। हमारी आत्मा सबसे पहले हमें सावधान करती है। इसका संकेत करती है। हमारे हर गलत कार्य  पर वह अलार्म बजती है। लेकिन हम अनसुना कर देते हैं। स्वप्न को कभी व्यर्थ न जाने दें, उसे यथार्थ बनाएँ। कुछ सपने तो कभी साकार नहीं होते लेकिन जिन्हें पूरा करना संभव है उन्हे करें या फिर करने का प्रयास करें। यही हमारा पुरुषार्थ है। कला व जीवन दोनों को आत्मीयता से रचा जा सकता है। समझदार लोग कला को जीवन तथा जीवन को कला बना लेते हैं।  हमारे सम्मुख हमारा भविष्य है और पीछे भूतकाल। दोनों हमारी पकड़ के बाहर है। अत: वर्तमान को गहराई से साधें। हर क्षण को विशिष्ट माने। विशिष्टता हमारे कौशल और दृष्टि में है, यही पारस है, लोहे को सोना बना सकती है।  कठिनाइयाँ हमारे लिए अच्छी राह  बना सकती हैं। इनका उपयोग करना सीखें। अपने श्रम, कल्पना, बुद्धि, मनोभाव को तरल बनाएँ। उनको स्नेह भरा बनाएँ तभी दीया जलेगा। यह दीया हमारे साथ साथ दुनिया को भी प्रकाशित करेगा।
(परिचय दास से अनुप्रेरित)
दूसरों के त्योहारों को मनाना, संस्कृति को अपनाना उत्थान का द्योतक  है। लेकिन उसकी चकाचौंध में  अपनी भूल जाना पतन की निशानी है।

मैंने पढ़ा

इसी उम्मीद में है इंतजार होली का
‘होली’ शब्द के उच्चारण मात्र से मन में हिलोरें उठने लगती हैं और पूरा अस्तित्व सब कुछ भूलकर बचपन की  यादों में डूबने उतराने लगता है। सात-आठ बरस की रही होऊँगी – यानि १९४२-४३ के समय की याद आती है। तब पिताजी लखनऊ के जुबली कॉलेज में हिन्दी पढ़ाते थे। लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब के बीच पल रहे थे हम। पड़ोस में एक मुस्लिम परिवार रहता था। खां साहब हमारे ताऊ जी थे और उनकी बेगम हमारी ताई। हर बरस उनके घर से सुबह-सुबह हमारे घर बड़ी स्वादिष्ट सिवईयाँ आतीं और शाम को साज-धज कर अपनी ईदी वसूलने जाते हम भाई-बहन। और होली के दिन सबसे पहली पिचकारी खां ताऊ को भिगोती। अस्मत और इफ़्फ़त आपा कितना भी भागें या छुपें हम उनके गालों पर गुलाल मले बिना उनका पीछा नहीं छोड़ते। शाम को हम खूब सारे होली के पकवान लेकर उनसे होली मिलने जाते। वे लोग हमारे लाए लड्डू, पपड़ी, खुरमे, शक्करपारे और खासतौर से मावे भरी गुझियाँ बहुत स्वाद ले-लेकर खाते और असीसते। ताई बेगम की मैं  सबसे लाड़ली थी। हर होली पर वे अपने हाथों से बनाई कपड़े की गुड़िया जरूर देती थीं। गुड्डा इफ़्फ़त  झटक लेती थी। फिर सावन में हम दोनों उनका ब्याह रचाते थे। ओह! रे मीठे प्यारे बचपन! होली आने के पाँच दिन पहले घर के दो शरारती बच्चे एक तो मैं और दूसरा मेरा छोटा भाई,  हम दोनों सुबह-सुबह निकल जाते थे और मोहल्ले भर का चक्कर लगा कर गाय का गोबर इकट्ठा करके घर लाते थे। हम तीनों बहनें गोबर की चपटी लोइयाँ बनाकर अंगुली से बीच में छेद बनाकर धूप में सूखने रख देतीं। हम तीनों बहनें अपने भाइयों का नाम ले-लेकर गीत गातीं और उनके ढाल और तलवार की शक्ल की लोइयाँ बनातीं । सूखने के बाद होली दहन वाले दिन इस छेदों के बीच से सुतली पिरोकर छोटी-बड़ी मालाएँ बनाई जाती थीं। रात को आँगन में अम्मा एक चौकोर अल्पना बनतीं और विधिवत पूजन के बाद सबसे पहले बड़ी वाली माला गोलाकार बिछाई जाती और क्रमानुसार उससे छोटी मालाएँ एक-एक करके एक-दूसरी के ऊपर टिकाई जातीं और इन मालाओं का एक पिरामिड जैसा बन जाता। फिर मंत्रोच्चारण के साथ पिताजी होलिका दहन करते। हमारा भरा-पूरा घर परिक्रमा लगाता। हम गन्ने और हरे चने के होराहे उन लपटों में भूनते।

और फिर वह क्षण आता, जब हम छोटे बच्चों का गहन इंतजार खत्म होता और मुंह में पानी भर आता। कई दिन से अम्मा गुझियाँ तथा अन्य  पकवान बना-बनाकर कलसों में भरकर रखती जाती थीं और कहती थीं, ‘होली जलाने के बाद रोज खाने को मिलेंगे।’ अब थके मांदे सब सोने जाते, पर नींद कहाँ आती थी। सुबह से ही रंग-गुलाल से होली जो खेलनी थी। ..........

कैसी मनोहारी परम्पराएँ थीं। पहली रात में होली के साथ सारी दुशमनी जला दी जाती थीं। दूसरे दिन मन के बचे-खुचे मैल रंगों  से धो दिए जाते थे और शाम को खुले मन से प्रेम-प्यार के वातवरण में सब एक-दूसरे से गले मिलते थे। धीरे-धीरे हमारे देखते-देखते पाश्चात्य सभ्यता के प्रभाव में लोग यह सब भूलते गए और अब तो “हैप्पी होली” कह दिया और हो ली ‘होली’।
साभार – पुष्पा भारती, आहा!जिंदगी मार्च २०१७
जरा ठहरें, और विचार करें। सांप्रदायिक सौहार्द की इस ऊंचाई से हम इस  खड्डे में क्यों और कैसे गिर गए? औरों के दोष ढूँढने के बदले पहले हम खुद में ढूँढे।

किसी के हम काम न आए, न कोई अपने काम आया,
ताज्जुब है कि तो भी, जुमर-ए-इनसा१ में नाम आया।
१ मनुष्य की श्रेणी में

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

सूतांजली फरवरी २०१८

सूतांजली                         ०१/०७                                                 ०१.०२.२०१८

आपण कै चीज रो काम?
कोलकाता एक सांस्कृतिक एवं साहित्यिक शहर है। अंग्रेजों के समय जब राजस्थान से मारवाड़ी काम काज ढूंढते अपनी जन्मभूमी छोड़  बाहर निकले तो कोलकाता की तरफ अपना रुख किया। उस समय कोलकाता का नाम कलकत्ता था। आज कोलकाता को राजस्थान के बाहर, राजस्थान की राजधानी कहते हैं। इसी शहर के एक सुपरिचित व्यापारी एवं उद्योगपति हैं रविजी। अपनी  भाषा एवं संस्कृति के प्रति जागरूक। विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थानों से जुड़े हैं। केवल कथनी में नहीं आचरण में भी इसकी झलक देखने को साफ नजर आती है। शहर की एक संस्था  ने कई प्रतिष्ठित राजस्थानियों को अपने जीवन के अनुभव बताने का न्योता दिया था। उसी सभा में  रविजी ने अपने संस्मरण बताये।

उन्होने बताया कि राजस्थान  से आए अपने एक बुजुर्ग चाचा से मिलने वे उनके पास गए। साथ में बेटी भी थी। पढ़ी लिखी एवं अपने पिता के साथ कंधे से कंधा मिला कर उनका व्यापार भी संभालती थी। औपचारिक कुशल क्षेम एवं परिचय के बाद चाचा ने अपनी राजस्थानी भाषा में प्रश्न किया, “आपणो कै चीज रो काम?” (अपने क्या व्यापार  है)। रवि ने बताया। और उसके बाद प्रश्नों की झड़ी लग गई। यथा, कारख़ाना कहाँ है? कितने का माल बेच लेते हो? कहाँ कहाँ बेचते हो? बेचने का क्या तारीका है? कच्चा माल कहाँ से और कैसे खरीदते हो? बनाने की लागत क्या आती है? क्या खर्चा पड़ता है? बचता कितना है? उधारी का क्या हिसाब है? रविजी धैर्य से सब प्रश्नों का जवाब दिये जा रहे थे। बेटी बैठी आश्चर्यचकित एवं अधीर हो रही थी। उसके चहरे पर प्रश्न चिन्ह भी था। लेकिन चाचा उससे बेखबर लगातार प्रश्न किए जा रहे थे साथ ही  जहां जहां उनके समझ में आ रहा था उचित सलाह  भी देते जा रहे थे। रविजी के द्वारा दिये गए आंकड़ों का हाथों हाथ विश्लेषण कर उनके उत्तरों में कहाँ भूल है, क्या होना चाहिये इस पर भी रवि का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। वार्ता के अंत में उन्होने उनके व्यापार का एक प्रकार से पूरा तलपट मय नफे नुकसान के उनके सामने रखा दिया। उनकी बेटी पहले ही इस वार्ता से बेचैन बैठी  थी। वहाँ से निकलते ही उसके प्रश्न शुरू हो गए। ये चाचाजी कौन हैं? आज तक इनके बारे में नहीं सुना? इन्होने पूछा  “अपने” क्या काम है? क्या हमारा काम उनका है? हमारे साझेदार हैं? हमारे व्यापार में इनको इतनी रुचि क्यों है? और आपने उनके सब प्रश्नों के उत्तर क्यों दिये, आदि आदि।

रविजी कहते हैं, उसकी यह जिज्ञासा सहज और समयानुकूल  ही थी। मेरे लिए उसे समझाना आसान नहीं था। लेकिन फिर भी मैंने प्रयत्न किया। मैंने उसे बताया कि एक समय हमारा साझा-संयुक्त परिवार था। आज के एक्स्टेंडेड (वृहद) परिवार की  परिभाषा से भी ज्यादा बड़ा। उसमें “मेरा” “तुम्हारा” कुछ नहीं था सब “अपना” था। और इस लिए “तुम्हारा” शब्द का प्रचालन भी नहीं के बराबर था। सब प्रश्न अपनापन लिए ही होते थे। यथा, अपने क्या काम है? अपने कहाँ रहते हैं, अपने कितने बच्चे हैं? क्या अपने बच्चों का विवाह हो गया?  आदि आदि। बुजुर्ग भले ही कम लिखे-पढ़े रहे हों लेकिन उनमें आत्मीयता थी, आपनापन था। सत्य पूछने और बतलाने में संकोच नहीं था। परिवार के सब सदस्य एक दूसरे के अनुभव से लाभ उठाते थे और बिना मांगे उचित सलाह देने में संकोच नहीं करते थे। उनका ध्यान खुद की नहीं पूरे परिवार की प्रसन्नता, सुख और उन्नति की तरफ होता था। वे कर्म सुख लेने के लिए नहीं देने के लिए करते थे।  हमलोगों की अप्रत्याशित उन्नति का यह भी एक कारण था।

रविजी ने आगे कहा बेटी को उसके  सब प्रश्नों के उत्तर मिल गए। लेकिन वह विचार मग्न थी। उसके चेहरा पर कई प्रश्न टंगे थे, यह साफ दिख रहा था। लेकिन उसने न कुछ कहा न कुछ पूछा। शायद वह समझ गई थी कि उन प्रश्नों के उत्तर उसे ही ढूँढने होंगे।
                                                                                                         
मैंने पढ़ा

विडम्बना : एक पुस्तक में पड़ी गीता और कुरान आपस में कभी  नहीं लड़तीं और जो उनके लिए लड़ते हैं वो उनको कभी नहीं पढ़ते।
शब्द : शब्द मुफ्त में मिलते हैं, लेकिन उनके चयन पर निर्भर करता है कि उसकी कीमत मिलेगी या चुकनी पड़ेगी।
रुपया और इंसान : रुपया जितना भी गिर जाए, मगर इतना कभी नहीं गिर पाएगा जितना कि रुपए के लिए इंसान गिर चुका है।
असली चेहरे : रहने दो मुझे इन अँधेरों में गालिब, कमबख्त रोशनी में अपनों के असली चेहरे सामने आ जाते हैं।
सीख : अगर सीखना ही है तो,  आँखों को पढ़ना सीख लो, वरना लफ्जों के मतलब तो हजार निकलते हैं।
जवाब : परिंदे से किसी ने पूछा, “आपको गिरने का डर नहीं लगता?” परिंदे ने कहा, “मैं इंसान नहीं, जो जरा सी ऊंचाई पाकर अकड़ जाऊँ।”
प्रस्तुति: अहा!जिंदगी, दिसंबर२०१७, श्रीकांत, मुंबई
संख्यासुर                                                                          
.......फिर आया पश्चिमी ढंग का लोकतन्त्र, जिसने संख्यासुर का  बीज बोया। इसने आदमी की गुणात्मकता को खारिज कर दिया और संख्या को देवता बना दिया। दोष तब भी कम नहीं थे, जब गुणात्मकता को डंडा बना कर, सुविधा प्राप्त लोग आमजन को खारिज कर, भूलुंठित किए, अपनी ऐंठ में चलते थे। फिर जैसे जैसे सामाजिक चेतना फैलने लगी, इस सुविधाप्राप्त वर्ग की विशिष्ट स्थिति पर चोट पड़ने लगी। तब इसी वर्ग ने एक नई चाल चली और संख्याबल का आधार सामने रखा। तबसे बंदों को तौलने का नहीं, गिनने का दर्शन मान्य हुआ; और कहीं अंधेरे में यह बात भी जोड़ दी गई कि गिनने की यह सारी कीमिया उसी विशिष्ट वर्ग के हाथ रहेगी, जिसके हाथ में समाज तब था जब गुणों के आधार पर उसका संचालन-नियम होता था, क्योंकि ऐसे सारे गुणा-भाग की अक्ल तो इनके पास ही थी।

संख्या किसकी है यह गिनने का अधिकार और यह गिनने का तंत्र अपने हाथ में रखकर, इस वर्ग ने संख्यासुर का ऐसा दानव स्थापित कर दिया जिसने समझदारी व विवेक को नहीं, उन्माद को हथियार बना दिया। ******उसकी विष बेल सब दूर ऐसी फैली कि धर्म क्या है , कैसे है, और क्यों है, मानव समाज में इसकी भूमिका क्या है जैसी बातें निरर्थक होती गई और यह गिनती ही अंतिम सत्य बन गई कि किस धार्मिक  संकल्पना के पीछे कितने लोग हैं। लोग यानि भीड़, भीड़ यानि जिसके पास गिनने को सर होते हैं, नापने को विवेक नहीं  होता; चलने वाले अनगणित  पाँव होते हैं, दिशा देखने वाली आँख नहीं होती। भीड़ की ताकत यही है कि उसमें कितने लोग हैं और उनका उन्माद कितना बड़ा है। धर्म हमारे विश्वास  का निजी तत्व नहीं है, एक ऐसा सार्वजनिक हथियार बना दिया गया, जिससे वह हर गर्दन काटी जाने लगी जो सर को थमने का काम करती है।

धर्म का सीधा मतलब होता है – वह जो धरण करता है। वह जो सँभालता है; वह जो दशा समझता है और दिशा देता है। निजी स्तर  पर धर्म वह है जो हमारा स्वभाव है – आग का धर्म है कि वह जलाती है, पानी का धर्म है कि वह गीला करता है, हवा का धर्म है कि वह बहती है, रोशनी का धर्म है कि वह अंधेरा काटती है। करुणा मनुष्य का धर्म है क्योंकि वह सहज स्वभाव से ही करुणा प्रेरित होता है। निजी स्तर  पर यही  धर्म है तो धर्म का सामाजिक मतलब उस संकल्पना से प्रेषित होता है, जिसे समाज धारण करता है ताकि वह उसे धारण कर ले। .......        
                                            कुमार प्रशांत, गांधी मार्ग, जुलाई-अगस्त २०१५ पृ १५

ब्लॉग विशेष
मराठवाड़ा, लातूर की खबरें टी.वी. पर देख मन बहुत दुखी होता है। कलेक्टर ने धारा १४४ लगाई है जल स्त्रोतों पर। पानी को लेकर झगड़ते हैं लोग। और यहाँ हमारे गाँव में इतनी कम मात्र में वर्षा होने के बाद भी पानी को लेकर समाज में परस्पर प्रेम का रिस्ता बना हुआ है। आपने भोजन में मनुहार सुना है। आपके यहाँ भी मेहमान आ जाए तो उसे विशेष आग्रह से भोजन परोसा जाता है। हमारे यहाँ तालाब, कुएं और कुईं पर आज भी पानी निकालने को लेकर ‘मनुहार’ चलती है – पहले आप पानी लें, पीछे हम लेंगे। पानी ने सामाजिक संबंध जोड़ कर रखे हैं हमारे यहाँ।

यह इलाका महाराष्ट्र में पड़ता है। और वर्षा? २०१४ में कुल ११ एम.एम. फिर भी यह क्षेत्र अकाल की खबरों में नहीं आया।  पूरी खबर पढ़ें, चतरसिंह जाम की ‘अकाल अच्छे कामों का भी’
साभार – गांधी मार्ग, मई-जून २०१६


बुधवार, 3 जनवरी 2018

सूतांजली, जनवरी २०१८

सूतांजली                                            ०१/०६                       ०१.०१.२०१८
                                                       ~~~~~~~~~~~~
श्रद्धेय आचार्य श्री नवनीत
प्रश्न: देश के कई मंदिरों में दर्शन के लिए सैंकड़ों हजारों रुपयोंकी पर्चियाँ कटती हैं। यह व्यवस्था अनास्था उत्पन्न करती है।

उत्तर : जीवन में शत-प्रतिशत आदर्श अवस्था कहीं नहीं है। उनकी नाक टेढ़ी हैं, मुझे उनको देख कर बात करने का मन नहीं करता। इनकी आँखें ऊँह:, उनके बाल देखो क्या एकदम रीछ की तरह। अनगिनत कारण हों सकते हैं जो मुझे पसंद नहीं और मुझे क्षुब्द  करते हैं। ‘मुझे नहीं चाहिए’ यह एक छोटे बच्चे को शोभा दे सकता है लेकिन जैसे जैसे हम बड़े होते हैं और हमारा विकास होता है जिसे भावनात्मक परिपक्वता कहते हैं, ऐसा नहीं रहता। हमें यह समझना चाहिए कि सब कुछ सही नहीं होता है, हमारे मन मुताबिक नहीं होता है। यह संसार हमारे नियंत्रण में नहीं है। अगर हम संसार के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति भी हों, अमेरिका के राष्ट्रपति भी  हों, तब भी यह संसार हमारी इच्छानुसार नहीं चलता। तब अव्यवस्था, कमी, खोट हो सकते हैं और उसके कारण भी हैं।

एक बार हम यह मान लें कि अगर वह पर्चियाँ नहीं कटे तो क्या होगा? हमें पता है कि विश्व के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में उनके वार्षिक उत्सव में क्या होता है? कई जगहों पर तो हर वर्ष होता है और सैकड़ों व्यक्तियों की जानें भी जाती हैं।  हमारे मंदिरों का निर्माण हजारों वर्ष पूर्व हुआ था। वे उस समय जैसे और जितने बड़े थे आज भी वैसे ही हैं। और हम यह भी जानते हैं कि हर प्रकार की प्रक्रियाओं के बावजूद वहाँ जगह बढ़ाई नहीं जा सकती है। लेकिन दर्शन करने वालों की  संख्या  दिन दूनी रात चौगुनी गति से बढ़ रही है। तब कोई व्यवस्था तो करनी ही पड़ेगी। या तो बंदर बाँट कर दो। मुझे यह पसंद नहीं कि दर्शन के लिए कोई टिकट खरीदनी पड़े। अत: य ह व्यवस्था बंद कर दी जाय। तब जरा विचार करें इससे कैसी अव्यवस्था होगी? फिर वही होगा जिसमें बल है वह  दो चार बाहुबली को ले कर जाएगा और इच्छानुसार दर्शन कर आयेगा। तब, या तो कुछ वैसी व्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया जाए या फिर यह पैसों की पर्ची कटे। वैसे यह भी जानकारी होनी चाहिए कि लगभग देश के हर बड़े मंदिर, तिरुपति वैष्णव देवी एवं अन्य, में  अगर आपके पास पर्ची के पैसे नहीं हैं तो पैसे या पर्ची के लिए अर्जी देने पर समुचित  व्यवस्था की जाती है।

कहने का मतलब है कि कई प्रकार की  व्यवस्था है और हम किसी को भी पूरी तरह सही और व्यवस्थित नहीं कर सकते। कई बार हम बच्चों की  तरह प्रतिक्रिया करते हैं। यह ऐसा है मुझे पसन्द नहीं, यह वैसा है मुझे पसंद नहीं। तुम्हारे अंदर क्या क्या है जो औरों को पसंद नहीं? हर कहीं, हर किसी में कहीं न कहीं कमियाँ है। कमियों को इतना व्यापक रूप दे देते हैं कि वह अनुपानित हो जाता है। हम यह क्यों नहीं कह सकते कि इसका यह उपाय हो, यह ज्यादा बेहतर है? यह ग्रहणीय भी है और विचारणीय भी। लेकिन इस कारण अगर किसी की आस्था कम हो जाती है तब यह उसकी मुसीबत है। इतनी सी गड़बड़ी से अगर कोई अव्यवस्थित हो जाता है तो गड़बड़ी कहाँ है? कहीं किसी की पूजा में एक चूहा आ गया और प्रसाद खा गया उसने पूजा बंद कर हवन अपना लिया। हवन की  सामाग्री में कीड़े निकल गए तो हवन भी बंद कर कुछ और पकड़ लिया। इस प्रकार अगर बंद करते चलें तो क्या क्या बंद करोगे? दर असल हम कहीं किसी प्रकार की गलती निकालने में लगे हुवे हैं और दोषारोपण या एक के बाद दूसरे कार्य बंद करने में लगे हैं। इस सोच के कारण नए नए आधुनिक ‘विद्रोही’मत निकल पड़े।  लेकिन जिन आडंबरों एवं रीति रिवाजों के  विरोध या जिनको त्यागने के लिए उनकी स्थापना हुई थी क्रमश: वे भी वापस उन्ही  आडंबरों में पड़ गए। हम इस पर विचार करें और अपनी सोच का दायरा बढ़ाएँ। यह स्वीकार करें कि पूर्ण कुछ भी नहीं है। अत: हमें विचार करना चाहिए कि क्या उस देश-काल के अनुसार और बेहतर व्यवस्था हो सकती है? सुझाव दें, उस पर चर्चा करें, उस विचार को फैलाएँ। हो सकता है इस नए प्रतिपादित व्यवस्था को स्वीकार कर लिया जाए। लेकिन यह भी हो सकता है कि वह स्वीकार न हो और उसे रद्द कर दिया जाए। तब उस सर्व स्वीकार्य  व्यवस्था  को अपनाएं – चलो वही ठीक है। दोष दृष्टि नहीं होनी चाहिए। शिकायत के साथ सुझाव आना चाहिए। अगर सुझाव नहीं है तब आप बच्चे हो क्योंकि बच्चे केवल शिकायत कर सकते हैं सुझाव नहीं दे सकते। अगर आपके पास वर्तमान से बढ़िया सुझाव नहीं है तब बुराई देखना बंद कर दें।
(श्री अरविंद आश्रम – वन निवास, नैनीताल, जून २०१७)
                                                                                                                                   मैंने पढ़ा
माँ की ममता                                                                                        
“माँ, आज मैं किसी काम से एम्सटर्डम आया था और अब आपसे मिलने गाँव आ रहा हूँ।” फोन के दूसरे हिस्से से आवाज आई, “बेटा आज तो मैं बहुत व्यस्त हूँ। मैंने पास के कस्बे के ब्युटि पारलर से समय ले रखा है। शाम को लौटने में देर हो जाएगी, इसलिए बेहतर होगा कि तुम कल ही आओ।” माँ का यह जवाब सुनते ही बेटे ने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी। वह सिर पकड़ कर सोचने लगा कि अब आगे क्या करूँ? हुआ ये कि मैं अपने मित्र लुकास के साथ जर्मनी के हनोवर शहर से एम्स्टर्डम किसी काम से आया था। उसका पैतृक घर नजदीक ही, साठ किलोमीटर दूर पर स्थित एक गाँव में था। काम खत्म होने के बाद वो अचानक घर पहुँच माँ को आश्कर्यचकित  कर देना चाहता था। हम दोनों ने एम्स्टर्डम से एक कार किराए पर ली और चल पड़े उसके गाँव की ओर। मैं भी नीदरलौंड्स का ग्राम्य जीवन देखने को लेकर बड़ा उत्साहित था।

आधे रास्ते तक पहुँच कर लुकास को सरप्राइज देने के बजाय फोन करना उचित लगा, जिसका नतीजा सामने था। चूंकि उनकी बातचीत डच भाषा में हो रही थी, इसलिए मुझे कुछ समझ में नहीं आया। एडी ने माँ के साथ हुई चर्चा के बारे में मुझे बताया और मुझसे पूछा कि यदि हिंदुस्तान में तुम्हारे साथ ये घटना होती तो क्या करते? मैं उसका दिल दुखाना नहीं चाहता था, फिर भी बताया कि हिंदुस्तना में कोई भी माँ, बेटे के विदेश से आने कि खबर सुनते ही, एक सप्ताह पहले से सारे अपोइंटमेंट रद्द कर बेटे का पसंदीदा खाने का सामान बनाना शुरू कर देती है। दस मिनट तक हम दोनों सड़क किनारे यू हीं खड़े रहे। फिर जैसे कि हम हिंदुस्तानी मुफ्त की सलाह देने में पारंगत होते हैं, मैंने भी उससे कहा कि एक बार और माँ को फोन लगाओ। लुकास ने कुछ सोचकर हिम्मत जुटाई और दुबारा फोन किया, “माँ मैं आपसे दूर, किसी दूसरे देश में रहता हूँ। आज छ: महीने बाद मिलने आ रहा हूँ, और आप मुझे “ना” कर रही हैं। मेरे बजाय आपको ब्युटि पारलर वाले को ना करना चाहिए, उसका अपोइंटमेंट तो फिर भी कभी मिल जाएगा। आज अगर मैं लौट गया, फिर न जाने आपसे मिलने कब आ पाऊँगा।

माँ ने जो जवाब दिया उसका अंदाज तो मुझे घर पहुँच कर ही लगा, जब वह लुकास से लिपटकर बहुत देर तक रोती रही व माफी मांगती रही। फिर मुझ से बोली, “हम यूरोपियन लोग इतने मशीन हो चुके हैं कि एक रोबोट कि तरह व्यहवार करने लगे हैं। अगर इसने दोबारा फोन न किया होता तो मुझे अपनी भूल का एहसास तक  नहीं होता।”

हिंदुस्तान की तरह हम यूरोप में अचानक किसी के यहाँ मिलने नहीं जा सकते हैं। चाहे वह हमारा कितना ही नजदीकी मित्र या रिश्तेदार क्यों न हो।      
विनोद जैन, अहा!जिंदगी, अक्तूबर २०१७ पृ ३८
ममता - भावुकता पूरे विश्व में है। यही हमें पशु से इंसान बनाती हैं। कहीं मुक्त रूप में है कहीं गौण है, थोड़ा सा  कुरेदना पड़ता है। 

--------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

ब्लॉग विशेष
१९१५ में दक्षिण अफ्रीका से आने के बाद से गांधी अंग्रेजों के लिए जितनी बड़ी मुसीबत बने, उतनी ही बड़ी मुसीबत काँग्रेस के लिए भी बन गए। गांधी ने काँग्रेस की  भाषा बदल दी, भूषा बादल दी, संगठन की काया बदल दी, इसकी आत्मा बदल दी। पार्टी के आयोजनों के तरीके बदल गये, शब्दों के मानी बदल गए, लड़ाई के हथियार बदल गए, दुश्मन का मतलब बदल गया, दोस्ती के मानक बदल गए, आज और कल का तालमेल बदल गया और संघर्ष और रचना की दूरी पाट दी।
गांधी मार्ग, मार्च-अप्रैल २०१६, कुमार प्रशांत, पृ.५९
पूरे लेख के लिए यहाँ क्लिक करें।