शुक्रवार, 25 सितंबर 2020

बदलो दुनिया को

जरूरत है

“एक खतरनाक जोखिम भरी यात्रा के लिए युवाओं की जरूरत है। यात्रा में हड्डियों को जमा देने वाली ठंड मिलेगी। महीनों तक पूर्ण अंधकार में रहना पड़ सकता है। यात्रा के दौरान पग-पग पर खतरों की संभावना है और सही-सलामत वापस आने में संदेह है। वेतन नाममात्र का ही मिलेगा। अगर यात्रा में  सफलता मिलती है तो सम्मान और प्रतिष्ठा मिलेगी”।

 

अर्नेस्ट शक्कलेटोन

यह इश्तिहार एक शताब्दी से पहले एरनेस्ट शक्क्लेटोन ने दिया था; 1914 में अंटार्कटिका की यात्रा के लिए नाविकों और साथियों के लिए। एरनेस्ट अपनी जोखिम भरी समुद्री यात्राओं के लिये जाने जाते हैं।

                                                     उम्मीदवार चाहिए

रिक्त स्थान के लिए उम्मीदवारों की आवश्यकता है। काम 24x7x365 है, बिना किसी छुट्टी के। भोजन के लिये भी अवकाश नहीं। काम के बीच ही समय निकाल कर भोजन करना है। कार्य पर सबसे पहले आप आएंगे और सब के बाद जाएंगे। रात-बिरात भी काम पर बुलाया जा सकता है। कोई रविवार, त्यौहार या छुट्टी नहीं। बल्कि ऐसे दिनों पर काम का दबाव ज्यादा रहेगा। अपना काम प्राय: खड़े खड़े  ही करना है। आपकी अपनी न कोई टेबल होगी न कुर्सी, न एयर कंडिशन होगा, न पंखा। और वेतन? कुछ भी नहीं। पूरा कार्य बिना किसी वेतन के। काम किसी भी प्रकार का हो सकता है जैसे साफ-सफाई का, पकाने का, बच्चों, वृद्धों, युवाओं को संभालने का। बच्चों को पढ़ाने का, बाजार जाने का, सामाजिक उत्सवों को मनाने का, त्योहारों को याद रखना और उनकी तैयारी करने का। इसके अलावा और कुछ भी जिसकी जब जैसे जरूरत पड़ जाये”

 व्हाट्सएप्प पर इसकी काफी चर्चा हुई है, आपने भी देखा ही होगा। जब उम्मीदवारों ने कहा ऐसा सिरफिरा तो कोई हो ही नहीं सकता। तो उन्हें बताया गया कि विश्व में अपने मन से ऐसा काम करने वालों की संख्या करोड़ों में है। तो लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ। तब कहा गया, ये और कोई नहीं आपकी माँ है ऐसी माताएँ दुनिया भर में हैं और निरंतर अपने कर्त्तव्य का निर्वाह पूरी ज़िम्मेदारी और निष्ठा से कर रही हैं।

 

जरूरत है बच्चे, जवान, बूढ़े, स्त्री, पुरुष, अनपढ़ या पढ़े लिखे सबों की

“केवल वे ही आयें जो अपना सर्वस्व स्वाहा करने को तैयार हों। सगे-संबंधी, धन-संपत्ति, सुख-चैन और तो और अपनी जान भी देने को तैयार हों। आपको केवल देना ही देना है, मिल सकती है जेल, लाठी, गोली या मौत। भाग्यशाली होंगे तब हो सकता है स्वतन्त्रता मिल जाये। वैसे स्वतन्त्रता का मिलना निश्चित है लेकिन यह निश्चित नहीं कि आपके जीवन काल में मिले”।  

 यह था गांधीजी का आवाहन, उनके सत्याग्रह में शरीक होने के लिए। और उनके आवाहन पर देश के करोड़ों लोग उनके साथ हो लिये थे।

 

विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन

“यह शिक्षा केंद्र पूर्ण रूप से आवासीय है जिसमें छात्र-छात्राओं की शिक्षा, आवास व भोजन पूर्णत: नि:शुल्क है। शिक्षा का माध्यम अँग्रेजी है। शैक्षणिक सत्र हर वर्ष.......... से प्रारम्भ होता है तथा केवल 6 से 12 वर्ष तक की आयु के बच्चों को ही प्रवेश दिया जाता है।

          यह केंद्र पूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए समस्त साधन प्रदान करने की अभीप्सा रखता है। जो अभिभावक अपने बच्चों के लिए सरकारी प्रमाण-पत्र, डिग्री व डिप्लोमा की आकांक्षा नहीं रखते अपितु उनकी सत्ता के केंद्रीय सत्य के अनुरूप उनके पूर्ण व सर्वांगीण विकास की अभीप्सा रखते हैं और अपने बच्चों को इस शिक्षण संस्था में प्रवेश दिलाने के इच्छुक हैं, वे पूरी जानकारी  के साथ निम्नलिखित पते पर संपर्क करें: ............”

 

यह इश्तिहार मैंने आज सुबह  श्री अरविंद सोसाइटी द्वारा प्रकाशित पत्रिका  अग्निशिखा में देखा। यह शिक्षा केंद्र लगातार साल-दर-साल आदमी को इंसान बनाने में लगा हुआ है।  

 मैं यह सब क्यों लिख रहा हूँ? केवल आपके ध्यान में यह लाने के लिए कि इस दुनिया में ऐसे सिरफिरे लोगों की कमी नहीं जिनकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। लेकिन ये ही वे लोग हैं जो दुनिया को बदलते हैं। यह बात भी समझ आई कि हमें ज्यादा बच्चे क्यों चाहिये? पहला बच्चा तो हमें खुद अपने लिये चाहिये। देश-समाज को हम कैसे देंगे, किसे देंगे? कौन बदलेगा दुनिया को? कौन करेगा प्रशस्त भविष्य की मंजिल को?

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 18 सितंबर 2020

“मैं अज्ञानी हूँ” - पीटर डी. औसपेन्सकी

“दुनिया में वह क्या चीज़ है जिसे देते सब हैं लेकिन लेता कोई नहीं?”

“सलाह, दी खूब जाती है, लेता कोई भी नहीं”

हम सब एक दूसरे को सलाह देने के लिए तैयार बैठे हैं लेकिन लेने के लिए नहीं, क्योंकि हमें इस बात का अभिमान है कि हम जानते हैं। इंतिहा तो इस बात की है कि जो सलाह दी जाती है, उस पर हम खुद भी आचरण नहीं करते। कहीं आप भी ऐसे ही लोगों में हैं? सलाह देने के बजाय उस पर खुद आचरण करें, लोग आचरण देखेंगे, सलाह नहीं सुनेगें। ईमानदार बनें, यह स्वीकार करें कि हम अज्ञानी हैं, तभी कभी ज्ञानी हो सकते हैं।

 रूस के निवासी, पीटर डी. औसपेन्सकी, ने अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें विश्व गूढ़ और आध्यात्मिक ज्ञान के अग्रणी जानकार, चिंतक, विचारक (esotericist) के रूप में जानता है। रूस, लंदन, अमेरिका में जब उनकी 

पीटर डी औसपेन्स्की 
वक्तृता आयोजित की जाती थी तब उन्हें सुनने के लिए अपने समय के जाने माने वैज्ञानिक, चिंतक और बुद्धिजीवी वर्ग इकट्ठे हो जाया करते थे। उनके गुरु थे जॉर्ज गुरजिएफ; बहुत ही गरीब, दुनिया में उन्हें कोई नहीं जानता। बड़े ही अजीब किस्म के इंसान जिन्हें बर्दास्त करना हर किसी के लिए संभव नहीं था।

 

इन दोनों को छोड़ एक बार हम थोड़ी चर्चा कर लेते हैं स्वामी विवेकानंद और उनके गुरु श्री रामकृष्ण परमहंस की। ये दोनों महान विभूतियां परिचय की मोहताज़ नहीं हैं। साथ ही हम यह भी समझते हैं कि बिना विवेकानंद के, शायद, परमहंस इतिहास के पन्नों से गायब हो जाते। दुनिया का रामकृष्ण परमहंस से परिचय कराने का श्रेय स्वामी विवेकानंद को ही है। ठीक ऐसे ही गुरजिएफ से दुनिया को परिचित कराने का श्रेय उनके शिष्य पीटर डी. औसपेन्सकी को ही है।

 

श्री रामकृष्ण परमहंस एवं स्वामी विवेकानंद 

एक बार औसपेन्सकी अपने गुरु गुरजिएफ से मिलने पहुंचे। गुरु ने बेवजह उनसे कई दिनों तक मुलाक़ात नहीं की। कुछ दिनों बाद, जब वे औसपेन्सकी से मिले तो गुरु ने शिष्य को एक कोरा कागज़ और एक पेंसिल पकड़ा कर कहा, “इस पन्ने के एक तरफ यह लिख दो जो तुम जानते हो और दूसरी तरफ जो तुम नहीं जानते हो”। इसके साथ ही उन्होंने उसे यह भी बताया कि वे ऐसा इसलिए चाहते हैं क्योंकि जिन विषयों की उसे जानकारी है उसकी चर्चा नहीं करनी है क्योंकि उन्हें तो वह जानता ही है, अत: जिन विषयों के बारे में उसे जानकरी नहीं है केवल उसी की चर्चा करेंगे। औसपेन्सकी ने कागज़ और पेंसिल ले ली और विचार किया कि पहले वह लिखा जाये, जिसकी उन्हें जानकारी है। लेकिन यह क्या, वे घंटों बैठे रह गए, सर्द रात में भी पसीने से भीग गए, आसमान देखते रहे लेकिन कुछ भी विषय नहीं लिख पाये। किसी भी बात का ख्याल आता, जिस पर उन्होंने अनेक पुस्तकें लिखी थी, व्याख्यान दिये थे, जिसे मनीषीजन भी पागलों की तरह उन्हें घेरे रहते थे, उसके बारे में भी उन्हें लगा कि वे नहीं जानते हैं। आखिर उन्होने गुरु को कोरा पन्ना ही लौटा दिया। गुरु ने देखा तो बड़े आश्चर्य से पूछा, “क्या बात है? तुम्हारी तो बड़ी धूम है, अनेक पुस्तक और ग्रन्थ तुमने लिखे हैं, फिर यह खाली पन्ना क्यों?” औसपेन्स्की कोई जवाब नहीं दे पाये, सिर्फ इतना ही कहा, “मैं अज्ञानी हूँ, यहीं से बात शुरू करें”। तब गुरु ने कहा, “यह अच्छी बात है। मैं यही समझ रहा था कि तुम्हें अपने ज्ञान का कितना अभिमान है। अगर ज्ञान का कोई अभिमान नहीं हैं, अगर यह मानते हो कि अज्ञानी हो, तब चर्चा हो सकती है”

 

जॉर्ज गुरजिएफ 


-      
मधुसंचय से प्रेरित 

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 11 सितंबर 2020

७ सामाजिक पाप

स्टीफन कोवे का नाम आपने जरूर सुना होगा। जी हाँ, अपनी पुस्तक “द ७ हैबिट्स ऑफ हाइली इफेक्टिव पीपल” के लेखक। इस पुस्तक की करोड़ों प्रतियाँ बिकीं। लेखक ने इस पुस्तक में तरक्की करने के गुर बताए हैं। 

कितने लोगों की जिंदगी में इसके कारण बदलाव आया इसका कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं है लेकिन स्टीफन की जिंदगी बदल गई। इस पुस्तक के दशकों पहले किसी ने ७ सामाजिक पाप की चर्चा करते हुए लिखा कि हर मनुष्य को, संस्था को इन ७ पापों से बचना चाहिए। ये भी तरक्की के ही उपाय थे। उन्हों ने जिन ७ पापों से बचने के लिए कहा था वे थीं:

१। सिद्धान्त के बिना राजनीति

राजनीति से मिली शक्ति के द्वारा जनता का सर्वांगीण विकास किया जाना चाहिए। बिना सिद्धान्त की राजनीति में राजनीतिज्ञ और बड़े व्यापारियों के मध्य एक अनौपचारिक गठबन्धन और समझौता होता है जो उनके आपसी विकास और सुरक्षा का ही ध्यान रखता है। इससे निर्बल और गरीब जनता की  अनदेखी होती है।

२। कर्म के बिना धन

बिना मेहनत के आये हुए धन को स्वीकार नहीं करना। भ्रष्टाचार तथा अनुचित कार्यों से कमाया धन इसी श्रेणी में आता है। बिना कर्म के धन एकत्रित करने की होड़ में ही अनैतिकता का जन्म  होता है।

३। आत्मा के बिना सुख

दूसरों को दुख देकर पाया गया सुख पाप है। आंतरिक अनुशासन से आती आवाज के अभाव में प्राप्त सुख सिर्फ भोग-वासना है।

४। चरित्र के बिना ज्ञान

बिना चरित्र के ज्ञान भी पाप की ही कोटी में गिना जाता है और कलंक का भागी होता है। व्यापारिक संस्थानों द्वारा मानवीय ज्ञान (ह्यूमेन कोटेंट) के बदले बौद्धिक ज्ञान (इंटेलिजेंस कोटेंट) को दी जाने वाली प्राथमिकता का ही यह नतीजा है कि मानवीय चरित्र का ह्वास हुआ है और शिक्षा संस्थानों में भी उसे ही प्राथमिकता दी जाने लगी है। फलस्वरूप ऐसी संस्थानों ने रुपये बनाने की मशीनों का ज्यादा निर्माण किया है, मानवों का कम।  

५। नैतिकता के बिना व्यापार

आवश्यकता से अधिक नफा लेने वाला दुकानदार अगर किसी ग्राहक के छूटे समान को वापस भी करता है तो वह नीतिवान की श्रेणी में नहीं आता। जमाखोरी, डकैती का ही प्रारूप है। निजी और व्यापारिक नैतिकता अलग अलग नहीं हैं। नैतिकता का त्याग कर व्यापार करने की नीयत में ही भ्रष्टाचार पनपता है।

६। मानवीयता के बिना विज्ञान

मानवता को नजरंदाज करने वाला विज्ञान भी राक्षसी ज्ञान ही है। विज्ञान का प्रयोग अमीरों के बजाय गरीबों की सुविधा के लिए निर्माण का दृष्टिकोण ही मानवीय दृष्टिकोण है। ध्येय मानव के लिए मशीन (मशीन टु बी फिट फॉर मैन) होना चाहिए मशीन के लिए मानव (मैन टु बी फिट फॉर मशीन) नहीं। शिक्षण संस्थाओं को भी यही दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

७। त्याग के बिना पूजा

त्याग, पूजा का अभिजात्य अंग है। बिना त्याग के पूजा कर्मकांड ही है। पूजा का उद्देश्य एक ही है – सब का उत्थान यानि सर्वोदय।  सरकार द्वारा प्रचारित सामाजिक उत्तरदायित्व भी एक छलावा ही है। कई बार देखा गया है कि दान-धर्म देने वाले व्यापारिक संगठन इस बात का पूरा ध्यान रखते हैं कि इस मद में उनके द्वारा खर्च किया गया रुपया किस तरह उनके हित में ही हो। जब कभी, जहां कहीं उनके मुनाफे और त्याग का आमना सामना हुआ है त्याग का ही त्याग किया गया है। एक बहुत बड़ी बहुराष्ट्रीय संस्था ने, जिसकी एक वैसी ही बहुराष्ट्रीय लोकोपकारी (फिलन्थ्रोफिक) सहयोगी संस्था भी है, अपने उत्पादन के लिए जमीन से बड़ी मात्रा में पानी निकालना प्रारम्भ किया। जिसके फलस्वरूप 17 जिलों में पानी की कमी होने लगी और अकाल के लक्षण दिखने लगे। जब उन जिलों की निगम ने उनका ध्यान इस तरफ खींचा तब संस्थान ने निगम से साथ मिलकर कार्य करने का ही त्याग  किया और कानूनी कार्यवाही कर निगम को रोकने को  ही अपना फर्ज़ समझा।

इन सात पापों के प्रतिपादक थे बापू। सिर्फ ध्येय का महान होना ही पर्याप्त नहीं है, उसकी प्राप्ति का मार्ग भी महान होना आवश्यक है। ये दोनों आपस में उसी प्रकार जुड़े हुए हैं जैसे बीज और वृक्ष। अगर मुझे आपकी घड़ी पसंद है और मुझे वह चाहिए तो मैं उसे आपसे छीन सकता हूँ, आपसे खरीद सकता हूँ या आपसे देने का अनुरोध भी कर सकता हूँ। इस प्रकार वह घड़ी मेरी द्वारा हथियाई भी हो सकती है, खरीदी हुई भी हो सकती है और मुझे उपहार में मिली हुई भी हो सकती है। हमारे द्वारा अख्तियार किया गया रास्ता ही हमारे भविष्य का निर्माण करता है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 4 सितंबर 2020

सूतांजली, सितम्बर २०२०

सूतांजली के सितम्बर अंक का संपर्क सूत्र नीचे दिया है, इसमें निम्नलिखित कई विषयों पर चर्चा है:

संपर्क सूत्र (लिंक):

URL -> https://sootanjali.blogspot.com/2020/09/2020.html

 १। तर्क और ज्ञान

ईर्ष्या और अभिमान हमारे दिल में चुपके से ऐसे प्रवेश कर जाते हैं जिसका हमें अहसास तक नहीं होता और हम उसके शिकार हो जाते हैं, हम उसके वाहक हो जाते हैं। यही नहीं हमारा ज्ञान, अहंकार के पक्ष में तर्क भी देने लगता है। कैसे होता है यह और कैसे बचे इससे।

२। सरकारी कर्मचारी

दक्षिण अफ्रीका से लौटने पर गांधी ने अपने राजनीतिक गुरु गोखले से मुलाक़ात की। श्री गोखले ने  गांधी को एक वर्ष तक भारत-भ्रमण की सलाह दी ताकि वे भारत को ठीक से समझ सकें। उनकी बात शिरोधार्य कर गांधी भारत-भ्रमण पर निकल पड़े। उनका उद्देश्य था भारत को समझना। उनके लिए इसका अर्थ था भारतवासियों को समझना और इस कारण उन्हों ने अपनी पूरी यात्रा रेल के तीसरे दर्जे में ही की। उन्हों ने क्या पाया और क्या सुझाव दिया?

३। इत्तिफ़ाक इत्तिफ़ाकन नहीं होते

जी हाँ, सही पढ़ा है आपने। इत्तिफ़ाक इत्तिफ़ाकन नहीं होते, इन्हे साधना पड़ता है या यूं भी कह सकते हैं कई बार हम जाने अनजाने इत्तिफ़ाक को साध लेते हैं। कई बार ऐसा होता है कि सुशील भैया से फोन पर बात करने की इच्छा होती है और तभी उनकी घंटी बज उठती है। देखें तो विश्वास करें,  या विश्वास करें तो दिखे। .......

४। लघु कहानी - सराहना  और क्षमता

एक नट था। उसकी कलाबाजियाँ देख लोग दाँतो तले अंगुलियाँ दबा लेते थे। वह दो रस्सियों और एक झंडे की मदद से दो बीस मंज़िला इमारतों के बीच की दूरी आसानी से तय कर लेता था। ......

सूतांजली के आँगन में के नाम से ज़ूम मीटिंग की सूचना और अपने सुझाव देने का अनुरोध।

आगे पूरा पढ़ें -> संपर्क सूत्र (लिंक): ->

URL -> https://sootanjali.blogspot.com/2020/09/2020.html