शुक्रवार, 25 दिसंबर 2020

आनंदोत्सव

(दांपत्य जीवन में पति-पत्नी के मध्य झगड़ा, विवाद होना लाजामी है, बल्कि होना ही चाहिए, अन्यथा जीवन समरस हो जाए। अत: झगड़िये, जरूर झगड़िये मगर ध्यान रहे ...... आगे खुद पढ़िये)  

विश्व के तमाम झगड़ों से एकदम परे होते हैं पति-पत्नी के झगड़े। हलके-फुल्के व्यंग्यों के प्रथम सोपान से आहिस्ता-आहिस्ता विवादों के विभिन्न सोपानों पर चढ़कर आत्मविश्वास के साथ लड़ने को तैयार। अभी-अभी ताजा लड़कपन लिये विवाह-सूत्रों में बंधे युवा दंपती झगड़ों के अभ्यस्त होने लगते हैं। परंतु क्या आप सहमत नहीं हैं कि तमाम पारिवारिक, सामाजिक और मैत्रिक झगड़ों से हटकर पति-पत्नी के झगड़े होते हैं? पता है कि (अधिकांश प्रकरणों में) ताउम्र साथ देना है, सहारा देना है, बच्चों का विवाह करना है, गम बांटना है, आँसू पोंछना है, बुखार में गीली पट्टी भी रखनी है, बुढ़ापे में धुंधली आँखों से ही सही सुई में धागा भी डालना है, बटन टंकवाना है फिर भी झगड़ता है, खूब झगड़ता है। जबान नियंत्रण खोयेगी, आँखें खूब रोएँगी, फिर जबर्दस्ती भूखे पेट ही आँखें बंद कर सोयेगी, लेकिन झगड़े तो होंगे ही। क्या है इन पति-पत्नी के झगड़े का मनोविज्ञान? किसी ख्यातनाम मनोवैज्ञानिकों या मनोचिकित्सकों की भारी-भरकम पुस्तकों या शोधों या सर्वेक्षणों का संदर्भ देना उचित ही नहीं है। क्योंकि जब पति-पत्नी के झगड़े विशाल आकार लेते हैं, तो ख्यातनाम पुस्तकें और मनोचिकित्सक बौने हो जाते हैं। भिन्न-भिन्न मानसिकता के भिन्न-भिन्न दम्पतियों के मध्य जब अस्त्र-शस्त्र चलते हैं, तो अच्छे से अच्छे मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सकीय उपाय धराशायी हो जाते हैं और उत्तरोत्तर स्वयं दंपती ही काफी अनुभवी चिकित्सक हो जाते हैं। अपने दांपत्य जीवन को सुधारने हेतु आजमाये गए उपाय कभी दूसरे के दांपत्य जीवन हेतु आजमाए जाने का जोखिम नहीं उठाना ही हितकर है। पृथ्वी पर जिस प्रकार लोगों के चेहरे एक दूसरे से मेल नहीं खाते, कमोबेश विचारों की स्थिति भी इससे अलग नहीं है।   

प्यार है, दुलार है, फर्माइशों पर इकरार है, दिलों में स्नेह के तार हैं, फिर भी झगड़ों के अंबार हैं। बड़ी अबूझ पहेली है। इसके लिए मानसिक परिभाषाओं के साथ दैनिक परिभाषाओं की सूक्ष्मताओं को भी समझना होगा। केवल और केवल पति-पत्नी के मध्य दैहिक तरंगों का सर्वाधिक स्पंदन होता है। वैज्ञानिक तौर पर भी सिद्ध हो चुके प्रत्येक व्यक्ति के अपने-अपने आभामंडल और तरंग आवृत्त में सर्वाधिक घुसपैठ सिर्फ उसका जीवन साथी ही करता है। दैहिक चेतनाओं, ऊर्जाओं और तरंगों का यही मुक्त आदान-प्रदान पति-पत्नी का प्रेम ही नहीं, झगड़ों का भी मुख्य कारण है। देहों की यह एकात्मकता मानसिक तौर पर पति और पति में इतनी समरसता भर देती है कि आवेग और उत्तेजना के क्षणों में अंतर्द्वंद्व की ओर एकरूपकता की भावना से ही अपने प्रिय जीवन साथी के साथ झगड़ पड़ता है। कहीं-कहीं पति-पत्नी के बीच विचारों के फर्क की गहरी खाई है, लेकिन विवाद शून्य है। क्योंकि पति कितना ही गलत, व्यसनी और शौकीन हो, फिर भी पत्नी को चुप के विशाल पर्वत तले दबे रहने की सख्त हिदायतें बचपन से ही दी गई है, पराकाष्ठा उलांघती सहनशीलता की घुट्टी गले-गले तक पिलाई गई है। उसकी विरोध क्षमता शून्य नहीं, बल्कि माइनस में है और कहीं-कहीं पत्नी का दबदबा प्रभाव और स्टेटस इतना जबर्दस्त है कि पति की विरोध-शक्ति क्षीण है। दोनों ही परिस्थितियाँ ऋणात्मक हैं और ऐसे दम्पतियों की संख्या भी अल्प है। कुछ दंपती ऐसे भी होते हैं, जो झगड़ों के एडवेंचर से वंचित एक सरल रेखा में चलते-चलते बूढ़ा जाते हैं और चले जाते हैं।  

खैर! यहाँ तो मुद्दा अधिकांश दम्पतियों के मध्य पनपने वाले, पकने वाले, पूरे जोशो-खरोश से होने वाले झगड़ों को लेकर चल रहा है। किसी भी विरोधी नेता या राष्ट्र ने आज तक झगड़ों के शक्तिशाली दौर में जितने गड़े मुर्दे उखाड़े हैं, उतने तो एक सामान्य पति-पत्नी अपने झगड़ों के दौरान उखाड़ कर रख देते हैं। पति-पत्नी का रौद्रावतार और पुरुष का पौरुष चरम सीमा पर पहुँच जाता है और महान आश्चर्य तीन-चार दिनों पश्चात दोनों दुपहिया या चार पहिया वाहन पर ऐसे खिलखिलाकर हँसते-घूमते नजर आते हैं गोया कि भगवान ने दोनों की रचना खुश रहने के लिए की हो। यही है दो झगड़ों के बीच का आनंदोत्सव।  पता नहीं फिर किस मुद्दे पर, किस झूठे अहम पर अगला झगड़ा हो जाए। उसमें अनबन की यात्रा कितने दिनों की हो? मानसिक संत्रास के प्रहार कितने तीव्र हों? फिर शनै: शनै: उसकी तपिश ठंडक में तब्दील होगी, खोया हुआ आकर्षण और प्रखर होकर खड़ा होगा। मानसिक और दैहिक दूरियाँ कम हो जाएंगी। वाचा के उग्र बाण फूलों में रूपांतरित हो जाएंगे। एक तन और एक मन। कब तक? अगले विवाद तक और अभी वसंत ऋतु के कामदेव और देवी को लजा देने वाला वसंतोत्सव! आनंदोत्सव! दो झगड़ों के मध्य का आनंदोत्सव।

झगड़िए, फिर झगड़िए और जरूर झगड़िए, लेकिन आनंदोत्सव में प्रण कीजिये कि कोई भी झगड़ा उम्रभर के लिए आपको भीषण पश्चाताप या पछतावे में न धकेल दे। दांपत्य जीवन के झगड़ों को समस्त औजारों के मध्य भी तराशिए, मगर ऐसा दुर्लभ दांपत्य जीवन जलाइए नहीं, लेकिन यह समझाइश एक-दूसरे को दो झगड़ों के बीच अद्भुत आनंदोत्सव में ही दीजिये।

(श्री विवेक हिरदे की रचना, अहा जिंदगी से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 18 दिसंबर 2020

ये जीवन है ......

यह कोई कहानी नहीं, जीवन है। पति-पत्नी के चार सन्तानें थी। तीन पुत्र और एक पुत्री। पति ने बड़ी मेहनत की, चारों संतानों को किसी बात की कोई कमी नहीं होने दी। हैसियत से बढ़ कर चारों बच्चों को विदेशों में भेज उच्च शिक्षा दिलवाई। चारों को विश्व के चार अलग अलग देशों में, अमेरिका-इंग्लैंड-जर्मनी-फ्रांस भेजा। तीनों बेटों ने उच्च शिक्षा पाई, वहीं विवाह किया और वहीं बस गए यानि सेटेल हो गए। बेटी ने विवाह तो स्वदेश आकर किया लेकिन विवाह पश्चात वह भी विदेश ही चली गई और वहीं की होकर रह गई।

इधर अपने देश में पति-पत्नी सुख चैन से थे और अपनी सूझ-बूझ की चर्चा करते और संतानों पर गर्व।  पति के लिए धीरे-धीरे कारोबार का तनाव संभालना भारी पड़ने लगा। बच्चे वापस नहीं आना चाहते थे। पिता को व्यवसाय के तनाव झेलते देख, बच्चों ने व्यवसाय को बंद या कम करने की सलाह दी। लेकिन वैश्विक बाजार इसकी इजाजत नहीं देता। बंद करना ही एकमात्र विकल्प है। बच्चों की सलाह और व्यापार के तनाव के मद्देनजर पिता ने धीरे धीरे व्यवसाय समेट लिया। एक-एक कर वे सब बच्चों के पास रह आए। लेकिन कहीं टिक न सके। बच्चे चाहते थे कि पिता घर पर शांति से बैठे रहें और घर के काम संभाले। जिंदगी भर कर्मठ रहे पिता के लिए यह संभव नहीं था। घर के छुट-पुट काम करने में उन्हें असुविधा नहीं थी। लेकिन उसके बाद दिन भर चुप-चाप बैठे रहना, उद्देश्यहीन घूमना, टीवी देखना उन्हें रास नहीं आया। वे वापस लौट आये, अपने कर्म क्षेत्र में। लेकिन उनका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा। अकेलापन, उन्हें बार-बार अवसाद की तरफ धकेल देता था।

इसी बीच, एक रात, अचानक पत्नी को दिल का दौरा पड़ा और उसे तुरंत अस्पताल में भरती करना पड़ा। बाप ने एक-एक कर तीनों बेटों को फोन किया और तुरंत आने का अनुरोध किया। लेकिन तीनों ने मना कर दिया। एक को छुट्टी नहीं मिली, दूसरा कुछ समय पहले ही आ कर गया था, तीसरे की पत्नी गर्भवती थी। सभी के कारण अलग-अलग थे लेकिन बात एक ही थी, “प्लीज, किसी तरह आप संभाल लीजिये या बड़े-मँझले-छोटे को बुलवा लीजिये, मैं नहीं आ पाऊँगा”।  टूटे दिल से उसने बेटी को भी खबर की। खबर सुनते ही, पिता के मना करने पर भी बेटी-जवाँई दोनो तुरंत आ गये और जब तक पत्नी स्वास्थ्य लाभ कर वापस घर न आई वहीं साथ ही रहे। उन्हों ने सोचा,  बेटियाँ ही काम आती हैं? बेटियाँ ही प्यारी होती हैं? वाह रे बेटियाँ? लेकिन बात अभी समाप्त नहीं हुई है।

कुछ समय के अंतराल के बाद इसी घटना का पुनरावर्तन हुआ, पात्रों में थोड़े से उलट-फेर के साथ। इस बार बेटी के ससुराल से उसकी सास की तबीयत खराब होने की खबर गई, और एक बार आने की गुजारिश की गई। बेटे ने जाने का मन बनाया, और आने की बात भी कही। लेकिन पत्नी ने उसे तैयार कर लिया  व्यस्तता के कारण नहीं आ सकेंगे कहने के लिए और माता-पिता को खुद परिस्थिति संभालने के सलाह दे दी गई।  अपनी ही जिस बेटी पर साल भर पहले गर्व हुआ था, उसी बेटी का ही यह दूसरा रूप भी है।

(बेटों के इस व्यवहार के लिए कौन जिम्मेदार है? अगर हम अपनी संतान को विदेशों में भेज रहे हैं तो उसके पहले हमें खुद अपनी मानसिकता उस प्रदेश के जैसी बनानी चाहिए। इसमें बच्चों का कोई दोष नहीं है। हमने बच्चों को तो बदल दिया लेकिन खुद को बदल नहीं सके। यह भी नहीं समझ सके कि देश और विदेश की परिस्थितियों, मान्यताओं, संसाधनों में फर्क है।  हम यह मान कर चलते हैं कि भविष्य विदेशों में ही बनता है अपने देश में नहीं! यही नहीं हमने अपने माता, पिता, चाचा, ताउ, भुआ, भाई, बहन के बजाय सास, ससुर, साले, साली, मामा, मामी, दोस्तों को ज्यादा महत्व दिया। बच्चों ने जो देखा वही सीखा। फल मीठा होगा या कडुआ, वह तो बीज पर निर्भर करता है। जैसा बोया वैसा काटा। विचार बीज बोते समय करना है, फसल काटने के समय नहीं।)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 11 दिसंबर 2020

संस्कार

 प्रिय ......,

इतना स्नेह भरा पत्र पढ़कर मन प्रसन्न हो गया। तुम दोनों ने याद किया, यही मेरी पूंजी है। दोनों के स्वर्णिम भविष्य के लिए हम सब की मंगल कामनाएँ।

 यह सच है कि स्मृतियाँ मीठी होती हैं। यह भी सच है कि ये मेरे वर्तमान को खाती हैं। ध्यान  रखना, जो कुछ भी करो, उसमें स्वयं को उपस्थित अनुभव करके करना। खाने की टेबल पर अनेक विचार दिमाग में चलते रहें और हमें पता नहीं चले कि खाना किसने खाया, हम तो वहाँ थे ही नहीं।

 आने वाले समय में तुम मानव शरीर का निर्माण भी करोगी। इसमें भी न मरने वाली आत्मा आकर रहने लगेगी। यह तुम्हारा दायित्व है कि तुम उस आत्मा को शरीर के साथ एकाकार कर दो। तभी उसके जन्म-जन्मांतर के अनुभव शरीर में प्रकट हो सकेंगे। वह महापुरुष बन सकेगा। उसके बिना केवल स्थूल शरीर का भोग करके चला जाएगा। तुम उसे जो चाहे बना सकती हो। अभिमन्यु की  तरह सीखकर, तैयार होकर, संस्कार पाकर ही बाहर आना चाहिए। माँ की फिर से विश्व में पूजा होने लगेगी। कहानियाँ, लोरियाँ सुनना, मीठी बातों से उसमें मिठास भर देना, ताकि बाँट सके।

 प्रसन्नता की बात है कि विशाल के विचार और उसका व्यवसाय तुम्हारे अनुकूल है। शुरुआत अच्छी है। आगे पति-पत्नी के रूप में तो तुम्हारा संकल्प ही काम आयेगा। इसे कमजोर मत पड़ने देना। नहीं तो केवल स्त्री-पुरुष रह जाओगे। दिल के बजाय दिमाग से व्यवहार करने लगोगे। यह गलती कभी मत करना। जीवन का मिठास दिल में होता है, दिमाग में नहीं।

 तुमलोग जब भी आओ, स्वागत है। तुम्हारे भाई-बहन-भाभियाँ सब तुमसे मिलकर प्रसन्न होंगे। सब कुशल है। आनंद से रहना। विशाल हृदय को मेरा स्नेह। ........

   (श्री गुलाब कोठारी की स्पंदन से)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 4 दिसंबर 2020

सूतांजली दिसंबर, 2020

 सूतांजली के दिसंबर अंक का संपर्क सूत्र नीचे दिया है।

इस अंक में एक प्रश्न पर चर्चा है:

“मैं कौन हूँ?”

मैं कौन हूँ? यह एक शाश्वत प्रश्न है। अनादि काल से यह प्रश्न ऋषियों, मुनियों, संतों, चिंतकों, दार्शनिकों, मनोवैज्ञानिकों को मथता रहा है, भारत में ही नहीं पूरे विश्व में। अलग-अलग देश-काल में अलग-अलग लोगों ने अपने ज्ञान और अनुभव के आधार पर अपने अपने ढंग से इसका उत्तर दिया भी है। लेकिन  इनमें एक्य तो है ही नहीं विरोधाभास भी है। और यह प्रश्न आज भी जस-का-तस-खड़ा है।

इसका यह अर्थ नहीं है कि कोई भी इसका उत्तर ढूंढ नहीं पाया। अनेकों ने अपने अपने ढंग से इसे व्याख्यायित किया है। किसी एक की सुनें तो वही सटीक लगता है; लेकिन दो विरोधाभासी व्याख्या सुनें तो असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है। लेकिन दोनों ही अपनी अपनी जगह पर सही हैं; जब तक एक सर्वमान्य व्याख्या ढूंढ न ली जाये। आज हम इसी विषय पर कुछ विरोधी व्याख्याओं की चर्चा करेंगे।  

इस प्रश्न पर निम्नलिखित मनीषियों के विचार उद्धृत हैं: -

श्री अरविंद,

डॉ वेन डायर,

श्री जे.कृष्णमूर्ति, और

श्री सद्गुरु

 

संपर्क सूत्र (लिंक): -> https://sootanjali.blogspot.com/2020/12/2020.html

शुक्रवार, 27 नवंबर 2020

मीडिया महाठगनी हम जानी

(आज अचानक ज्ञानोदय का एक पुराना अंक हाथ लगा। उसमें मुकेश कुमार का यह लेख पढ़ा। उसके कुछ अंश प्रस्तुत है आपके देखने और समझने के लिए।)

मीडिया की अति हो गई है। परम ब्रह्म की तरह आकाश-पृथ्वी हर तरफ वही दिखलाई देता है। कोई उसे देखने से बच नहीं सकता। अगर आंखें बन्द कर लेगा तब भी उसे मीडिया दिखाई देगा, क्योंकि पूरा वातावरण मीडियामय हो चुका है।

लेकिन मीडिया की अति ही नहीं हुई है, वह अतिवादी भी हो गया है। दिन-रात इसी जुगत में लगा रहता है कि कैसे किस खबर में अति-रिक्त जोड़ दे। अति-रिक्त का मतलब रिक्तता की अति। वह खबरों को खोखला बना देता है। उसके जरूरी तत्त्वों को निकालकर उसमें हवा भर देता है। और फिर खबर गुब्बारे की तरह उड़ने लगती है।

अतियों की अति से मीडिया भ्रांतियों का ऐसा ताना-बाना बुनता चला जाता है कि सब भ्रमित हो जाते हैं। उन्हें हवा में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारे दिखलाई देने लगते हैं, वह उन्हीं में खो जाता है। उन्हीं को वह सत्य मान लेता है भले ही उसमें कोई तत्त्व ही न बचा हो।

अगर मान लें कि ऐसा नहीं हुआ तो अत्यधिक सूचनाओं के इतने अधिक गुब्बारे उसकी आँखों के सामने तैरने लगते हैं कि सत्य को ढूँढना असम्भव हो जाता है। ऐसे में सत्य की तलाश वैसे  ही शुरू हो जाती है जैसे भूसे के ढेर में से सुई तलाशना।

मिडियायुगीन सत्य तो यह है कि सत्य की खोज समाचारों के जंगल में जाकर गुम हो जाती है। समाचार सत्य भी होते हैं और असत्य भी, मगर यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि वास्तव में कौन सा क्या है। कई बार जिसे सत्य समझा जाता है वह असत्य निकलता है और जिसे हम असत्य मानकर दरकिनार कर देते हैं वह हमें सातवें आश्चर्य की तरह चौंकाता हुआ बताता है कि जनाब आप मुगालते में थे।

मीडिया सत्य और असत्य को ताश की पत्ती की तरह फेंटता रहता है और फिर बीच में से एक पत्ता फेंककर बोलता है – पहचान?  ज़ाहीर है कि खेल दिलचस्प है और जब जेब से दमड़ी न जानी हो तो और भी रोमांचक हो जाता है। लिहाजा, हर कोई खेलने लगता है।

अब क्या है कि हिदुस्तान की आधी से अधिक आबादी के पास कोई काम-धाम तो है नहीं। निठल्ली बैठी रहती है, इसलिए वह भी मीडिया का यह खेल खेलती रहती है। वैसे उसे सच से ज्यादा लेना-देना ही नहीं है। वह तो कुछ ऐसा चाहती है जिसे जुगाली करती रहे और जब बेस्वाद हो जाए तो पिच्च से थूककर दूसरा बीड़ा दांतों के नीचे दबा ले। .......

..........  दास कबीर होते तो कहते मीडिया महाठगानी हम जानी। उनके पास ऐसी आँख थी कि वे मीडिया की माया को अच्छे से देख-समझ लेते। ये जरूर है कि उसे महठगनी कहने से प्रेस के स्वतंत्रतावादी गदा-तीर-कमान लेकर टूट पड़ते। मगर वे तब भी कहते, चुप नहीं रहते। आखिर जब वे उस दौर के बाम्हन-मुल्लों से नहीं डरे तो भले आज के कटमुल्लों से क्या डरते! हाँ, ये बात जरूर है कि इस बार वे बच नहीं पाते।

......... ठग्गू के लड्डू खरीदना है या नहीं, इस पर विचार किया जाए। इस फेंक और फेंकुओं के जमाने में सारी बुद्धि-विवेक इसी बात पर लगती है कि लड्डू खाना है या फेंकना है। ...........

(तब से अब गुब्बारों की संख्या भी बढ़ गई है। यही नहीं रंग व आकार भी अनेक हो गए हैं। कई बार तो ऐसा लगता है कि ठगुओं ने अपना-अपना एक नया आसमान भी रच डाला है। पहले तो मीडिया अकेले थी अब तो उसके साथ सोशल और जुड़ गया है। सच कहता हूँ, मैंने तो इन लड्डुओं को खरीदना बन्द कर दिया है और जब से बन्द किया है जीवन में शांति-और सुकून बढ़ गया है।)  

------------------ 000 ----------------------

जाने माने पत्रकार गुलाब कोठारी  लिखते हैं-

“हमारे देश में प्रचार-प्रसार के लिये कथाएँ, लोक-नाटिकाएँ, गीत आदि का प्रचालन था। ये सारे किसी मन्दिर अथवा छोटे-छोटे ग्रामीण समूहों में प्रदर्शन के रूप में चलते थे। दूसरा माध्यम धार्मिक संत होते थे। इसी तरह हमारे ग्रंथ, संस्कृति और परम्पराएँ पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ी हैं। शब्द हृदय में अंकित होते थे, जिनसे संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण होता था। आज सम्प्रेषण का यह धरातल पूर्णत: छूट गया। नई विधाओं के आने से पूरानापन सिमट गया। अत: सम्प्रेषण के नाम पर हम भाषा में आकार ही अटक गए। यह भूल गए कि शब्द स्वयं  में विशेष अर्थ नहीं रखते। ये तो भावों के वाहक हैं। इसलिए कहा जाता है की क्या कहा गया है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण है क्यों कहा गया

गुलाब कोठारी 

 समाचारों में केवल सूचना एवं जानकारी होती है। प्रज्ञा नहीं होती। कोई व्यक्ति या पाठक पुराने अखबारों को किताबों की तरह दो-तीन बार नहीं पढ़ता। भावपूर्ण लेखन पत्रकारिता का अंग ही नहीं है। वहाँ तो केवल शिल्प है, शब्दों का शिल्प। ज्ञान के अभाव में, स्पर्धा के वातावरण में, वह भी अपनी विश्वनीयता खो रहा है। पत्रकार शब्दों में उलझकर रह जाते हैं। किसी भी नेता के वक्तव्य को लेकर शब्दों का जाल खड़ा कर देते हैं। किसी अध्यात्म-गुरु के प्रवचन से कुछ शब्द पकड़कर आक्रोश पैदा कर देते हैं।

 सब मिलाकर एक बात सिद्ध हुई कि हमें नयेपन से भी जुड़ना है, आगे भी बढ़ते रहना है। जो हमारा अंश देश-काल के साथ नहीं बदलता, उससे संबंधित ज्ञान को भी बनाए रखना है। आज हम देख सकते हैं कि जो भी संत हमें पुरातन ज्ञान को ज्यों को त्यों परोसते हैं, वहाँ नई पीढ़ी नहीं जाती। जो भी व्यक्ति इस ज्ञान को समयानुकूल भाषा देता है, उसका सब अनुसरण करते हैं। उनका सम्मान संतों से कम नहीं होता। हमें ऐसे संतों की आवश्यकता है। हर काल को आवश्यकता होगी और ये ही शांति की मशाल लेकर नेतृत्व देने में सक्षम हो सकेंगे।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं। 


शुक्रवार, 20 नवंबर 2020

जापान – श्री माँ की दृष्टि में

(जापान में दिया गया श्री माँ का एक भाषण। माँ की गहरी दृष्टि और भाषा का प्रवाह देखने और समझने योग्य है।)

आपने जापान के बारे में मेरे विचार माँगे हैं। जापान के बारे में लिखना एक कठिन काम है। वहाँ के बारे में इतनी सारी चीजें लिखी जा चुकी हैं, बहुत सी उट-पटांग चीजें भी...... लेकिन ये ज़्यादातर देश नहीं, देशवासियों के बारे में हैं। वह देश एक अद्भुत, सुरम्य, बहुमुखी, मनोहर, अप्रत्याशित, जंगली या मधुर है। वह देखने में - उत्तरध्रुवीय ठंडे प्रदेशों से लेकर उष्ण कटि-प्रदेशीय तक – दुनिया भर के सभी देशों का समन्वय लगता है। किसी कलाकार की आँख उसकी ओर से उदासीन नहीं रह सकती। मेरा खयाल है कि जापान के बहुत से सुन्दर वर्णन किए जा चुके हैं। मैं उनमें से एक और नहीं बढ़ा रही, मेरा वर्णन निश्चित रूप से उनकी अपेक्षा बहुत कम रोचक होगा। लेकिन आमतौर पर जापानियों को गलत समझा गया है और गलत रूप से पेश किया गया है और इस विषय पर कहने लायक कुछ कहा जा सकता है।

अधिकतर विदेशी लोग जापानियों के उस भाग के सम्पर्क में आते हैं जो विदेशियों के संसर्ग से बिगड़ चुका है – ये पैसा कमाने वाले, पश्चिम को नकल करने वाले जापानी हैं। वे नकल करने में बहुत चतुर हैं और उनमें ऐसी काफी सारी चीजें हैं जिनसे पश्चिम के लोग घृणा करते हैं। अगर हम केवल राजनेताओं, राजनीतिज्ञों और व्यापारियों के जापान को देखें तो यही लगेगा कि यह यूरोप के शक्तिशाली देशों से बहुत ज्यादा मिलता जुलता देश है, लेकिन उसमें ऐसे देश की जीवनी शक्ति और घनीभूत ऊर्जा भरी है जो अभी तक अपनी पराकाष्ठा पर नहीं पहुंचा है। 

यह ऊर्जा जापान की एक बहुत मजेदार विशेषता है। वह हर जगह, हर एक बूढ़े, बच्चे, मर्द, औरत, विद्यार्थी, मजदूर सभी के अन्दर दिखाई देती है। शायद “नये अमीरों” को छोड़ कर सभी के जीवन में अद्भुत घनीभूत ऊर्जा का भंडार दिखाई देता है। प्रकृति और सौंदर्य के आदर्श प्रेम के साथ साथ यह संचित शक्ति भी जापानियों की विशिष्ट और सबसे अधिक व्यापक विशेषता है। उदयाचल के उस प्रदेश में पाँव रखते ही आप इस चीज को देख सकते हैं, जहाँ इतने सारे लोग और इतनी निधियाँ एक छोटे से टापू में जमा हैं।

यदि आपको उन जापानियों से मिलने का सुअवसर मिले, जैसा कि हमें मिला था, जिनमें अभी तक प्राचीन सामुराई का शौर्य और अभिजात्य अछूता है तो आप समझ सकते हैं कि सच्चा जापान क्या है, आप उनकी शक्ति और रहस्य को पा सकते हैं। वे चुप रहना जानते हैं और यद्यपि उनमें बहुत अधिक तीव्र संवेदनशीलता होती है, लेकिन मैं जिन लोगों से मिली हूँ उनमें ये सबसे कम इसका प्रदर्शन करने वाले लोग हैं। यहाँ एक मित्र तुम्हारे प्राण बचाने के लिए बड़ी ही सरलता से अपनी जान दे सकता है; लेकिन वह कभी तुम्हारे सामने यह न कहेगा कि उसे तुम्हारे लिए इतना गहरा और नि:स्वार्थ प्रेम है। वह इतना तक भी नहीं कहेगा कि वह तुमसे प्रेम करता है। और अगर तुम बाहरी आभासों के पीछे छिपे हुए हृदय को न पढ़ सको तो तुम्हें बहुत अच्छे बाह्य शिष्टाचार के सिवाय कुछ न दिखाई देगा जिसमें सहज भावों के लिए कोई स्थान नहीं होता। फिर भी भाव होते हैं और बाहर अभिव्यक्त न होने के कारण और भी ज्यादा प्रबल होते हैं और कभी मौका आ जाए तो उनके किसी काम द्वारा अचानक प्रेम की गहराई का पता चलता है, वह भी विनयशील और कई बार छिपा हुआ। यह जापानी विशेषता है। संसार के जातियों में सच्चे जापानी, जो पश्चिम के प्रभाव में नहीं आए है, शायद सबसे कम स्वार्थी होते हैं। और यह नि:स्वार्थता पढे-लिखे, विद्वान या धार्मिक लोगों की ही विशेषता नहीं है। यह समाज के सभी स्तरों में पायी जाती है। यहाँ कुछ लोकप्रिय और अत्यन्त मनोहर उत्सवों को छोड़ कर धर्म रूढ़ि या सम्प्रदाय नाम की चीज नहीं है। यह उनके दैनिक जीवन में आत्म-त्याग, आज्ञा-पालन और आत्म-समर्पण के रूप में दिखाई देता है।   

जापानियों को बचपन से ही सिखाया जाता है कि जीवन कर्तव्य है, सुख नहीं है। वे उस कर्तव्य को स्वीकार करते हैं। प्राय: कठोर और कष्टकर कर्तव्य को सहनशील आत्म-समर्पण के साथ स्वीकार करते हैं। वे अपने आप को सुखी बनाने के विचार से परेशान नहीं करते। यह सारे देश के जीवन को आनन्द और मुक्त अभिव्यक्ति नहीं, एक असाधारण आत्म-नियंत्रण प्रदान करता है। यह तनाव, प्रयास और मानसिक तथा स्नायविक दबाव का वातावरण पैदा करता है, उस तरह की आत्मिक शांति नहीं देता जैसी, उदाहरण के लिए, भारत में अनुभव की जा सकती है। वास्तव में, जापान में ऐसी कोई चीज नहीं है जिसकी तुलना भारत में व्याप्त शुद्ध भागवत वातवरण से की जा सके। यह वातावरण ही भारत देश को ऐसा अनोखा और बहुमूल्य बनाता है। जापान के मंदिरों में, वहाँ के पवित्र दुर्गम मठों में जो कभी कभी ऊंचे पर्वत की चोटी पर बने होते हैं, बड़े बड़े देवदार के पेड़ों से ढके होते हैं, जो नीचे की दुनिया से बहुत दूर हैं, उनमें भी यह वातावरण नहीं है। वहाँ बाहरी नीरवता है, विश्राम और निश्चलता है, लेकिन शाश्वत का वह आनंदमय संवेदन नहीं है जो एकमेव की जीवन सन्निधि से आता है। यह सच है कि यहाँ सब कुछ एकता के मन और आँखों को सम्बोधित करता है – मनुष्य की भगवान से एकता, प्रकृति की मनुष्य से एकता और मनुष्य मनुष्य की एकता से। लेकिन यह एकता कम ही अनुभव की जाती है या जीवन में उतारी जाती है। निश्चय ही जापानियों में उदार आतिथ्य, पारस्परिक सहायता, पारस्परिक अवलम्ब की भावना बहुत विकसित है। लेकिन अपने संवेदनों, विचारों और सामान्य क्रियाओं में यह सबसे अधिक व्यक्तिवादी और पृथकतावादी जाति है। इन लोगों के लिए रूप प्रधान है, रूप आकर्षक है। वह अभिव्यंजक भी होता है। वह किसी अधिक गहरे सामंजस्य या सत्य, प्रकृति या जीवन के किसी विधान की कहानी कहता है।  प्रत्येक रूप, प्रत्येक क्रिया, बगीचे की व्यवस्था से लेकर प्रसिद्ध चाय समारोह तक, प्रतिकात्मक है, और कभी कभी एक बहुत ही सादी और सामान्य चीज में गहरा, अलंकृत, इच्छित प्रतीक मिल जाता है जिसे अधिकतर लोग जानते और समझते हैं। लेकिन यह जानना और समझना केवल बाहरी और परम्परागत होता है। वह आध्यात्मिक अनुभवों से आने वाला जीवंत सत्य नहीं होता जो दिल और दिमाग को प्रबुद्ध करे। जापान मौलिक रूप में संवेदनों का देश है। वह अपनी आँखों के द्वारा जीता है। उस पर सौंदर्य का एकछत्र राज्य है और उसका वातावरण मानसिक और प्राणिक क्रिया कलाप, अध्ययन, निरीक्षण, प्रगति और प्रयास को उत्तेजित करता है, लेकिन शांत, आनंदमय चिंतन मनन को नहीं। लेकिन इस सारे क्रिया कलाप के पीछे एक उच्च अभीप्सा उपस्थित है जिसे उस जाति का भविष्य ही व्यक्त करेगा। 

(श्री अरविंद सोसाइटी की अग्निशिखा में प्रकाशित)

                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

सोमवार, 2 नवंबर 2020

सूतांजली, नवम्बर 2020

दीपोत्सव के वंदन 

सूतांजली के नवम्बर अंक का संपर्क सूत्र नीचे दिया है।

इस अंक में निम्नलिखित विषयों पर चर्चा है:

सर्वप्रथम दीपावली के पुनीत अवसर पर बधाई एवम अभिनंदन।

१। माँ से प्रार्थना

यह अंक हमने प्रारम्भ किया है माँ से प्रार्थना से। यह प्रार्थना श्री अरविंद सोसाइटी की पत्रिका अग्निशाखा में प्रकाशित प्रार्थना पर आधारित है।

२। वंश या धर्म?

वंश के नष्ट होने से धर्म का नाश होता है या धर्म के नष्ट होने से वंश समाप्त होता है?

इस प्रश्न पर एक विचार।

३। कैसे थमाएं परम्परा अगली पीढ़ी को

अपनी परम्पराओं – संस्कारों को सही ढंग से समझना और आने वाली पीढ़ी को समझाना, हमारा उत्तरदायित्व है। क्या हम इसे सही ढंग से निभा रहे हैं? करें थोड़ा विचार। जाने क्या कहते हैं श्री सुदर्शन बिड़ला और श्रीमती रजनी आनंद लूथरा, संपादिका इंडियन लिंक, ऑस्ट्रेलिया।

४। निष्काम कर्म और कर्म-संन्यास

जाने माने लेखक श्री नरेंद्र कोहली की गीता पर आधारित उपन्यास शरणम से एक पठनीय उद्धरण।

५। त्यौहारों पर अभिनंदन

अपने त्यौहारों-पर्वों पर बधाई और अभिनंदन संदेश भेजिये, लेकिन  अपने पारिवारिक और भारतीय पद्धति से। दूसरों की नकल नहीं, दूसरों का संदेश नहीं। 

सूतांजली के आँगन में के नाम से ज़ूम मीटिंग की सूचना और अपने सुझाव देने का अनुरोध।

आगे पूरा पढ़ें -> संपर्क सूत्र (लिंक): ->

URL ->https://sootanjali.blogspot.com/2020/11/2020.html

शुक्रवार, 23 अक्तूबर 2020

शुभकामनाएँ, नये अंदाज़ में

त्यौहारों का मौसम प्रारम्भ हो चुका है। सही कहा जाए तो इस वर्ष पितृ पक्ष के बाद अधिक मास या पुरषोत्तम मास के कारण त्यौहारों का मौसम एक माह बाद प्रारम्भ हुआ। नवरात्र प्रारम्भ हो चुका है, इसकी समाप्ती दशहरा के साथ और उसके बाद करवा चौथ, काली पूजा, दीपावली, भैयादूज, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा, मुस्लिम त्यौहार, गुरुनानक जयन्ती, क्रिसमस; यानि एक के बाद एक अनेक त्यौहार आते रहेंगे। देश के अलग-अलग भागों में इन्हें मनाने का तौर तरीका अलग-अलग हो सकता है, मान्यता और अहमियत भी अलग-अलग त्यौहारों की अलग-अलग हो सकती है, लेकिन यह मौसम, पूरे देश में, शुभकामनाएँ देने और लेने का  है।

किसी जमाने में हम बधाई पत्र (ग्रीटिंग्स कार्ड) के जरिये अपनी भावनाओं को ज़ाहिर किया करते थे। लेकिन समय के साथ साथ ऐसे पत्र अतीत के गर्भ में समा गये। नई तकनीक और विचारों ने इस प्रथा को उजाड़ दिया। पहले इने-गिने त्यौहारों पर ही ऐसे संदेशों का आदान-प्रदान होता था। लेकिन अब हमारे हाथ में संदेशों की बाढ़ आती है, अबाध रूप से, हर छोटे बड़े त्यौहार पर। एक ही संदेश बार-बार, लगातार। उदाहरण, नवरात्रि का एक संदेश न आकर नौ दिन के नौ संदेश। दीपावली के भी तीन संदेश – धनतेरस, रूप चौदस और दिवाली।  ये  जैसे आते हैं, वैसे ही भेजे भी या आगे बढ़ाये जाते हैं। इनमें से किसी से भी मन का  जुड़ाव नहीं होता है, न पाने में न देने में। यही नहीं, ये संदेश हमारा होता भी नहीं है। इन्हें लिखा, सँवारा, सजाया किसी और ने है, किसी और के लिए। उस किसी और को न हम जानते हैं न वे हमें जानते हैं। ये सब केवल अंगुली के झटके हैं।तब जुड़ाव कैसा?

पिछले वर्ष, यानि 2019, में मैंने एक सुझाव दिया था। तकनीक अपनायेँ, लेकिन तरीका नसीफ हो। किसी और के संदेश को न भेज कर अपना संदेश खुद बनाएँ या किसी जानकार से बनवाएँ, सजवाएँ, सँवारे; पारिवारिक संदेश बनाएँ, जिसके भी पास जाए वह आपके परिवार का अपना संदेश हो, किसी और का नहीं। उस संदेश पर आपकी स्पष्ट छाप हो, जिसे दूसरा किसी और को भेज न सके। लेकिन, आपका पूरा परिवार उसे किसी को भी भेज सके। तब, नए, रंग-बिरंगे संदेश देखने मिलेंगे साथ ही विशिष्टता भी बनेगी, भावुकता का समावेश होगा, पहचान बनेगी और आपसी जुड़ाव की भी गुंजाइश होगी।  

इसी कड़ी में इस वर्ष एक और नया अंदाज़। कोरोना का समय है। अर्थ व्यवस्था प्रभावित हुई है। बहुत बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। तो आइए कुछ ऐसा करें कि अर्थ व्यवस्था को कुछ  प्रोत्साहन भी मिले, सकारात्मक संदेश भी जाए और आपके परिवार की एक विशेष छाप भी पड़े। शुभकामनाओं का संदेश भेजिये पुस्तक के माध्यम से

जी हाँ, पुस्तक भेजिये। अपना छोटा सा संदेश पुस्तक के पन्नों पर हाथ से लिखें या बड़ा सा प्रिंट करवाएँ या फिर पूरा एक रंग-रंगीला पन्ना प्रिंट करवा कर पुस्तक से संलग्न (स्टिक) करें। सबसे खास बात यह है  कि चाहें तो सबको एक ही पुस्तक भिजवाएं, परिवार विशेष को विशेष या कई पुस्तक भिजवायेँ, अलग अलग लोगों को अलग अलग भिजवायें। यह आपकी मर्जी पर निर्भर करता है। पत्र-पत्रिकाओं का वार्षिक चंदा भी बधाई के साथ साथ एक नायाब उपहार हो सकता है। यही नहीं, किसी भी भारतीय भाषा में हिन्दी, असमिया, बंगाली, उड़िया, तमिल, तेलगू, कन्नड, मलयालम, महाराष्ट्रियन, गुजराती, राजस्थानी, पंजाबी, किसी भी भाषा में। हिन्दी और अँग्रेजी तो है हीं।

नहीं मैं कोई बड़े बजट की बात नहीं कर रहा हूँ। भेजने लायक उत्तम पुस्तक तीन, जी हाँ तीन रुपये में भी मिलती हैं। अगर बजट दस – पंद्रह रुपये तक कर लें तब तो कहना ही क्या है। ऊपरी सीमा का तो कोई अंत ही नहीं है। सामान्यत: भेजने का खर्च, पोस्ट से भेजते हैं तो पाँच से पंद्रह रुपए और अगर कूरियर करना चाहते हैं तो दस से तीस रुपये। ऐसी पुस्तकें कई जगह मिलेंगी यथा गीता प्रेस, गोरखपुर की पुस्तकें गोविन्द भवन, कोलकाता में आसानी से उपलब्ध हैं। इसके अलावा चिन्मय मिशन, विवेकानंद केंद्र, श्री औरोबिंदो आश्रम और ऐसी अनेक संस्थाओं, एन बी टी प्रकाशन, सर्व सेवा संघ प्रकाशन, नवजीवन प्रेस  के अच्छे प्रकाशन बहुत सस्ते में उपलब्ध हैं। इन प्रकाशकों की पुस्तक की सूची इंटरनेट पर उपलब्ध है। इन्हें इंटरनेट पर खोजकर अपने शहर में प्राप्ति स्थान से या ऑन लाइन मँगवा सकते हैं। ऐसा नहीं है कि इनमें केवल धार्मिक पुस्तकें ही मिलती हैं, विभिन्न विषयों पर रुचि के अनुसार पसंद कीजिये, मंगाइए और भेजिये। आपकी जानकारी के लिए ऐसी ही कुछ पुस्तकों की तस्वीर दे रहे हैं। अगर आपको और अधिक जानकारी चाहिए तो हमें अवश्य लिखें, हम यथा सम्भव उत्तर देंगे। 


ये पुस्तकें गीतप्रेस, चिन्मय मिशन, रामेश्वर टांटिया ट्रस्ट, विवेकानंद सेंटर द्वारा प्रकाशित हैं 

आपके पास भी अगर कोई नए अंदाज़ का सुझाव हो तो जरूर बताएं। हम उसे लोगों तक पहुचाएंगे। लीक पर न चलें, नयी लीक बनायेँ।

                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।


शुक्रवार, 16 अक्तूबर 2020

मार्क ट्वेन ने कहा

 (मार्कट्वेन अमेरिका के जाने माने व्यंगकार, उपन्यासकार, यात्रा-संस्मरण लेखक और भाषण कर्ता थे। 18 जनवरी से 31 मार्च 1896 उन्होंने भारत की यात्रा की। हिंदुस्तान में मुंबई, पूना, बनारस, कलकत्ता, दार्जिलिंग, आगरा, जयपुर, दिल्ली और दूसरे अनेक नगरों की यात्राएं कीं। अपने लेखन में उन्होंने अपनी इस यात्रा का जिक्र भी किया है जिनमें भारत के सम्बंध में बहुत विस्तार से लिखा है। आपके लिए उजाले के गाँव से इसे संकलित किया गया है।)

·      अगर आप सत्य बोलें तो आपको कुछ भी याद रखने की आवश्यकता नहीं है।

·      यह बेहतर है कि आप अपने मुंह को बंद रखें और लोगों को यह सोचने का मौका दें कि आप मूर्ख हैं, बजाय इसके कि आप उसको खोलें और आपके बारे में सारे संदेह ही दूर हो जाएँ।

·      अधिकतर लोग शास्त्रों के उन अंशों से परेशान रहते हैं, जिन्हें वे बिलकुल नहीं समझते किन्तु मुझे वे अंश परेशान करते हैं जिन्हें मैं समझता हूँ।

·      सही शब्द बहुत प्रभावी हो सकता है, किन्तु कोई भी शब्द उतना प्रभावी नहीं होता, जितना कि सही समय पर प्रयुक्त किया गया विराम।

·      सबसे बड़ा अकेलापन अपने साथ सहज न होना है।

·      यह हिंदुस्तान है! सपनों और राग-रंग की धरती, बेइंतिहा दौलत और बेइंतिहा दरिद्रता की धरती, शान-शौकत और फटे-हाल लोगों की धरती, महलों और झोपड़ियों की धरती, अकाल और टिड्डी दलों के हमले की धरती, मामूली और महान हस्तियों की धरती, अलादीन के चिराग, शेरों और हाथियों की धरती, काले नाग और जंगलों की धरती, यही है एक सौ राष्ट्रों के एक देश की सरजमीं, सैकड़ों जुबानों और हजारों धर्मों की धरती, मानव सभ्यता के फलने-फूलने की क्रीड़ास्थली, मनुष्य की वाणी की जन्मभूमि, इतिहास की जननी, आख्यानों की दादी, परम्पराओं की परदादी, जिसका अतीत दुनिया के शेष हिस्सों से प्राचीनतम है।

·      ऐसे लोग हैं, जो बड़ी कड़ाई के साथ हर खाद्य पदार्थ से, हर पेय से और अपने भीतर धुआँ लेने वाले पदार्थ और ऐसी हर वस्तु से जिन्हें बुरा समझा जाता है, अपने आपको वंचित रखते है।  यह कीमत स्वास्थ्य के लिए अदा करते हैं और मात्र स्वास्थ्य ही वह वस्तु है, जिसे वे प्राप्त करते हैं। कैसी विचित्र बात है? यह तो कुछ ऐसा है, जैसे आप सारी संपत्ति उस गाय के लिए लुटा दें, जो दुधरु नहीं रही है।

·      मैं युवा था तो हर बात को याद रख सकता था, चाहे वह घटित हुई हो या नहीं।

·      जब कभी आपको लगे कि आप बहुमत के साथ हैं, तो यह, अपने आपको सुधारने का समय है।

·      हिंदुस्तान में 20 लाख देवी देवता हैं, जिनकी सभी लोग पूजा करते हैं। धर्म के मामले में अन्य सभी देश  दरिद्र हैं, जबकि हिंदुस्तान लखपति है।

·      दूसरे देशों में स्टेशन पर गाड़ी का इंतजार करना बहुत थकाने वाला और उबाऊ होता है, लेकिन हिंदुस्तान में इस तरह का कोई एहसास नहीं होता। यहाँ के स्टेशन पर भारी चहल-पहल और शोरगुल रहता है। आभूषण पहने नर-नारियों की भीड़ नजर आती है। उनकी बहुरंगी वेशभूषा और परिधानों को देख कर मन जितना आनंदित होता है उसे शब्दों में वर्णित नहीं किया जा सकता।  

·      प्रत्येक दिन आप कुछ ऐसा करें जो करना नहीं चाहते। यह एक ऐसा स्वर्णिम नियम है, जिससे आप अपने कर्तव्य को बिना किसी कष्ट के निभाने की आदत डाल सकते हैं।

·      अपनी भ्रांतियों को दूर मत कीजिये, यदि वे चली गईं तो आपका वजूद भले ही रहे, लेकिन आपका जीना मुश्किल हो जाएगा।

·      पहले तथ्यों को बटोरिए और फिर जैसा चाहें, उनको तोड़ मरोड़ लीजिये।

·      हास्य बहुत बड़ी चीज है, जिस समय इसका प्रस्फुटन होता है, हमारा सारा चिड़चिड़ापन और गुस्सा दूर हो जाता है और उसकी जगह उत्फुल्लता का संचार होने लगता है।

·      मैंने कभी कोई व्यायाम नहीं किया, सिवाय सोने और आराम करने के।

·      कोई भी व्यक्ति बिना आत्म स्वीकृति के सुखी नहीं हो सकता।

·      अंग्रेज़ वह है, जो बहुत सारी बातें इसलिए करता है कि उसके पुरखे पहले करते रहे हैं। अमेरिकी वह है, जो वह करता है, जैसा पहले कभी नहीं हुआ।

                 ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।

शुक्रवार, 9 अक्तूबर 2020

सर्व धर्म समभाव

 (अलग-अलग समय एवं जगहों पर प्रश्नों के उत्तर में गांधी ने धर्म के संबंध में अपने विचारों को व्याख्यायित किया है। उन्होंने हर प्रश्न का बड़ी बेबाकी से उत्तर दिया। उनकी बातें प्रकाशित भी होती रही हैं। कई शोधकर्ताओं ने उसे एकत्रित करके भी प्रकाशित किया है। श्री रवि के. मिश्रा का लिखा ऐसा ही एक लेख गांधी एंड रिलीजन (Gandhi and Religion) के नाम से गांधी मार्ग-अँग्रेजी के जनवरी-मार्च 2020 के अंक में प्रकाशित हुआ। उसी के कुछ अंश आपकी जानकारी के लिए, हिन्दी में प्रस्तुत है।)

1.

अलस्तरी मकराए

गांधी जहाँ जीसस के बड़े प्रशंसक थे उन्होंने इस बात को मानने से इंकार कर दिया कि जीसस का स्थान  संसार के सब धर्म गुरुओं की तुलना में  ज्यादा ऊँचा है। उन्होंने अपने एक पत्र  में अलस्तरी मकराए (Alastari Macrae) को लिखा, “मैं जीसस को दुनिया के महानतम धर्म गुरुओं में मानता हूँ, लेकिन मैं यह विश्वास नहीं करता कि वे सर्वोच्च देव थे”।

2.

महिला मिशिनरी एमिली किन्नईर्ड (Emily Kinnaird) ने प्रश्न किया, “क्राइस्ट ईश्वर के एकमात्र पुत्र हैं?

एमिली किन्नईर्ड
गांधी, “आपके लिए क्राइस्ट ईश्वर के एकमात्र पुत्र हो सकते हैं। मेरे लिए वे ईश्वर के पुत्र थे। वे चाहे जितने भी पवित्र रहे हों लेकिन हम सब उसी ईश्वर की संतान हैं और वे सब करने की क्षमता रखते हैं जिसे क्राइस्ट ने किया; अगर हम प्रयास करें तो अपने भीतर के उस देवत्व को प्रकट कर सकते हैं”।  

 3.

महिला मिशीनरियों के समूह का प्रश्न, “अगर कोई काफी जिज्ञासु हो और किसी एक पुस्तक की  सिफ़ारिश करने पर ज़ोर दे तब उन्हें कौनसी पुस्तक की सिफ़ारिश करनी चाहिए?”

गांधी, “आप इस अवस्था में यही कहें कि आपके लिए बाईबल ही है। लेकिन अगर वे मुझसे पूछेंगे तो मैं किसी को कुरान कहूँगा, किसी को गीता, किसी को बाइबिल तो किसी को तुलसीदास कृत रामचरित मानस बताऊंगा। मैं एक समझदार डॉक्टर की  तरह रोगी के अनुसार उसे उपचार बताऊंगा”।

महिलाओं ने कहा, “लेकिन उन्हें गीता से ज्यादा कुछ प्राप्त नहीं हुआ”।

गांधी ने कहा, “लेकिन उन्हें भी बाइबिल या कुरान से ज्यादा कुछ नहीं मिला”।

महिलाओं ने फिर कहा, “लेकिन अगर हमारे पास आध्यात्मिक और चिकित्सीय दृष्टिकोण से कुछ है जिसे हम उन्हें दे सकते हैं तब उसे क्यों न दिया जाए?”

तब गांधी ने कहा, “इस दुविधा से बाहर निकलने का एक आसान मार्ग है। आप यह निश्चित रूप से अनुभव करें कि आपके पास जो है, आपका मरीज भी उसे प्राप्त कर सकता है, लेकिन किसी दूसरे रास्ते से। आप कह सकती हैं कि आप इसी रास्ते से आई हैं, लेकिन वे किसी दूसरे रास्ते से भी आ सकते हैं। आप क्यों ऐसा चाहती हैं कि वे भी उसी विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण हों जिससे आप हुई हैं?”

सी.एफ.एंड्रूज़
4.


सी
.एफ.एंड्रूस, “अगर ऑक्सफोर्ड समूह आपके बच्चे को जिन्दगी दे और वो अपना धर्म परिवर्तन करना चाहे तब आप क्या कहेंगे?”

गांधी, “मैं कहना चाहूँगा कि ऑक्सफोर्ड समूह जितने लोगों की जिंदगी बदली कर सकता है, जरूर करे लेकिन उनका धर्म नहीं।

 5.

इस प्रकार किसी भी तर्क पर किसी के भी धर्म परिवर्तन को खारिज कर दिया।  उन्होंने मिशनरियों द्वारा चलाये जा रहे मिथ्या अफवाहों को यह कह कर खारिज कर दिया कि किसी का भी धर्म परिवर्तन उस व्यक्ति के प्रति केवल हिंसा नहीं है बल्कि यह कार्य धर्म की आधारभूत मान्यताओं के खिलाफ है जिसका आधार ही यह है कि सब धर्म एक समान हैं। जिसका मूलभूत आधार यही है कि सब एक ही समान सत्य हैं और सब उसी एक ही देवतुल्य सत्य की ओर ले जाते हैं। और अगर सब धर्म समान हैं तब फिर धर्म परिवर्तन सिर्फ अनावश्यक ही नहीं बल्कि पागलपन है। यह केवल एक व्यक्ति के लिए ही नहीं बल्कि उस समाज के लिए भी हानिकारक है जिसमें ऐसी घटनाएँ घटती हैं।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अपने सुझाव (suggestions) दें, आपको कैसा लगा और क्यों, नीचे दिये गये एक टिप्पणी भेजें पर क्लिक करके। आप अँग्रेजी में भी लिख सकते हैं।