शुक्रवार, 25 अक्तूबर 2019

ऑस्ट्रेलिया – मौसम


ऑस्ट्रेलिया – मौसम

मेरे सिडनी आने  बाद किसी ने भारत से पूछा कि यहाँ का मौसम ठंडा है या गरम ? इसके जवाब में  मैंने यही कहा, मैं जब भी लंबे समय के लिए बाहर निकलता हूँ तब मेरे साथ गरम जैकेट, टोपी, मफ़लर साथ ही  पसीना पोंछने के लिए सुगंधित नैपकीन (वेट टिशू पेपर) और छाता भी होता है। हाँ मौसम समाचार पढ़ कर उसके मुताबिक थोड़ा फेर बादल हो सकता है क्योंकि मौसम समाचार के सही होने की उम्मीद ज्यादा रहती है। अब ठंडा है या गरम आप ही समझ लीजिये”।

 सिडनी का मौसम ऐसा ही है। कब गरम पड़ेगी, कब ठंड कुछ पता नहीं चलता। हो सकता है एक तरफ धूप इतनी तेज हो कि चमड़ी जल जाए, सन-बर्न क्रीम की जरूरत हो  लेकिन साथ ही ऐसी बर्फीली हवा चल रही हो कि रोंगटे खड़े हो जाएँ। हाँ, इसका अहसास तभी होता है जब खुले में हों। घर, ऑफिस, शॉपिंग मॉल, ट्रेन, बस, गाड़ी में इसका एहसास नहीं होता। ये सब सील्ड और शीत-ताप-नियंत्रित होते हैं। मैं सिडनी, सितंबर के मध्य में आया। कुछ लोग अक्तूबर में आने वाले थे। हमने कहा कि वहाँ कैसा मौसम है, यह हम बता देंगे, आप उसी प्रकार ठंडे या गरम कपड़े ले आइयेगा। हम अंत तक नहीं बता पाये कि ठंड है या गरम। लेकिन हाँ, हमने यह जरूर कहा कि गरम मौसम के अनुसार कपड़े ले आइए। मौसम बदलने के कारण, ठंड के अनुसार गरम कपड़े सस्ते  में मिल जाएंगे, यहीं खरीद लीजिएगा।

दक्षिण गोलार्ध में होने के कारण औस्ट्रेलिया में मौसम उल्टा रहता है, यानि दिसंबर-जनवरी में गर्मी और मई-जून-जुलाई में सर्दी। ऑस्ट्रेलिया 25.27744 S, 133.7751॰ E तथा सिडनी 33.8688S, 151.2093E में है। वहीं भारत 20.5937N, 78.9629E तथा कोलकाता 22.5726N, 88.3639E में है। भूमध्य रेखा से काफी दक्षिण में होने के कारण औस्ट्रेलिया भारत की तुलना में ठंडा है। इसी कारण यहाँ गर्मी में दिन बेहद लंबे और सर्दी में बहुत छोटे हो जाते हैं। यहाँ सूर्योदय भी भारत से पहले, सर्दी के 6 महीने 4.30 घंटे और गर्मी के 6 महीने 5.30 घंटे, होता है। एक घंटे के आगे पीछे का दिन निश्चित नहीं है, लेकिन अक्तूबर और अप्रैल के प्रथम सप्ताह में छुट्टी के दिन, समय में परिवर्तन किया जाता है। यह एक अकेला देश है जो एक पूरा महाद्वीप भी है। काफी बड़ा होने के कारण औस्ट्रेलिया को प्रमुखत: 3 समय क्षेत्र (टाइम ज़ोन) में बांटा हुआ है – पश्चिम, मध्य और पूर्व। पश्चिम से मध्य में 1.30 घंटे और मध्य से पूरव में आधे घंटे का फर्क है।

यहाँ के निवासियों के लिए अभी गर्मी ही है। हम जैकेट, मफ़लर और टोपी में घूम रहे होते हैं लेकिन यहाँ के बाशिंदे शॉर्ट और टी में। तापमान  30 और 9c के बीच है। धीरे धीरे अब तापमान चढ़ना शुरू होगा।  सबसे अच्छी बात यह है कि समुद्र के किनारे होने पर भी नमी ज्यादा नहीं है। इस कारण पसीना कम या नहीं आता है। बदन में चिपचिपापन नहीं होता है। प्रदूषण नहीं होने के कारण शरीर भी स्वस्थ रहता है। समुद्र किनारे घूम कर आने पर भी बदन में बालू, नमकीनपना, चिपचिपाहट नहीं लगती है। स्नान करना जरूरी नहीं होता है। उस कारण शरीर में स्फूर्ति रहती है, काम करने की शक्ति बनी रहती है। आलस नहीं आता है। व्यक्ति नहीं मौसम दोषी है, हमारे आलसीपने के लिए।

सुहाना सफर और ये मौसम हंसी........

* अब एकबार फिर मौसम बादल गया है। कह सकते हैं की गर्मी आ गई है। 

शुक्रवार, 18 अक्तूबर 2019

ऑस्ट्रेलिया – सिडनी

ऑस्ट्रेलिया – सिडनी

अगर आप सिडनी घूमने जा रहे हैं, तब निश्चित रूप से आप विश्व के एक खूबसूरत और अनुशासित शहर जा रहे हैं। यहाँ घूमने, देखने और अनुभव करने के लिए बहुत कुछ है। लेकिन इसके लिए आवश्यक है कि आँख और कान के साथ साथ दिमाग खुला होना चाहिए और संवेदना जागृत। सिडनी में क्या देखने का  है? इसका उत्तर एक प्रश्न है – सिडनी कितने दिन रहना है? कितने भी दिन हों विचार यह नहीं करना है कि क्या देखना है, विचार यह करना है कि क्या नहीं देखना है।  जी हाँ, यहाँ इतना कुछ करने और देखने का है कि लंबा समय भी शायद कम पड़ जाए अगर बहुत कुछ देखना, समझना और अनुभव करना है। ऑस्ट्रेलिया के दो प्रतिकात्मक स्थान (iconic spots) हैं और ये दोनों ही सिडनी में हैं – हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस। 


ओपेरा हाउस
हार्बर ब्रिज
आप कितने ही दिनों के लिए जायें अगर सिडनी देखना और समझना है तो आपकी पहली पसंद होनी चाहिए – पैदल यात्रा (walking tour)। बशर्ते आप मे पास इतने पैसे होने चाहिए और लगभग 2.30- 3.00 घंटे में 3-3.50 किमी चलने की ताकत। इसकी कीमत है 0.00। जी हाँ, इस यात्रा का कोई खर्चा नहीं लगता। बिना किसी पैसे की है। पर्यटकों का समूह होता है और साथ में एक गाइड भी। पहले या बाद में आपका गाइड किसी भी प्रकार की कोई भी अपेक्षा नहीं रखता। अगर आप सजग नहीं है तो टूर के समाप्त होने पर अलविदा कह कर तुरंत निकल जाता है, आपको उसे रोकना होगा। आप  चाहें तो उसे कुछ न दें, या फिर जो भी आपकी इच्छा हो दें। यह टूर रोज दिन में दो बार, सुबह 10.30 बजे और दोपहर 2.30 बजे शहर के टाउन हाल के नजदीक से शुरू होती है। बर्फ पड़ रही हो, वर्षा हो रही हो, तेज धूप हो उस जगह पर I am free” की हरी टी शर्ट का व्यक्ति आपकी प्रतीक्षा में खड़ा मिलेगा और अगर आप अकेले भी हैं तो वह उतने ही उत्साह और उमंग के साथ आपको ले जाएगा।


इस टूर के दौरान आपको सिडनी के बारे में जानकरी तो मिलेगी ही वह जगहें भी देखने और जानने को मिलेगी जिसे आप अन्यथा नहीं देखते, देखते भी तो जानते नहीं। वे जगहें जिसे आप देखेंगे वे हैं :

1.Sydney Opera House                              2.The Harbour Bridge
3.The Rock’s District                                   4.Cadman’s Cottage
5.Hyde Park Barracks                                 6.The ‘Rum’ Hospital
7.St Mary’s Cathedral                                  8.Customs House
9.Parliament House                                   10.Macquarie Street
11.Hidden Bar culture                                12.Queen Victoria Building
13.Laneways & Art                             14.Pitt St Shopping Mall
15.Martin Place                                         16.Sydney Tower
17.Hyde Park                                            18.Circular Quay
19.Town Hall                                              20.Sydney’s Oldest Cemetery
21.Hilton Bombing                                     22.Underground Tunnels
23.St Andrew’s Cathedral                          24.Reserve Bank of Australia Museum
25.Australia Square                                   26.Events & Transport
27.Free things to do & see                        

हाँ, यह सही है कि कुछ एक को छोड़ कर बाकी जगह अंदर नहीं जाएंगे,  लेकिन उन सबों के बारे में ऐसी जानकारी मिलेगी जो अन्यथा नहीं मिलेगी। इस जानकारी की सहायता से कहाँ जाना है और कहाँ नहीं यह भी निर्णय ले पाएंगे और यह भी समझ जाएंगे कि वहाँ जाने के लिए कोई वाहन चाहिए या नहीं। अगर चलने में परेशानी नहीं है और अगर यह अच्छा लगा तब और भी कई बिना खर्च के टूर कर सकते हैं – रॉक फ्री टूर, न्यू टाउन फ्री टूर।
इसके अलावा AUD 18 में एक बस टूर कर सकते हैं को 3 घंटे में -
श्रीमती मक्कुयारिएस पॉइंट, किंग्स क्रॉस, रोज़ बे, वॉटसन बे और सबसे प्रमुख
बोंडाई बीच घूमा देगा और साथ में होगा टूर गाइड भी।
अगर आप शाकाहारी नहीं हैं तो फूड टूर भी आपके लिए मतलब का हो सकता है।

ये सब टूर बिना खर्च के या बहुत कम खर्च के हैं। अत: कोई भी एजेंट इनके बारे न तो बताएगा और न ही  लेकर जाएगा। मैं केवल एक बात कह सकता हूँ – आप याद तो रखेंगे कि बिना खर्च के सिडनी को बड़े अच्छे ढंग से देखा, समझा और अनुभव किया। मेरे साथ आज की यात्रा बस यहीं तक की।


जी, क्या कहा? आप मुझे कुछ टिप देना चाहते हैं? आपकी मर्जी, जरूर दे सकते हैं।

शुक्रवार, 11 अक्तूबर 2019

ऑस्ट्रेलिया – दुर्गा पूजा


ऑस्ट्रेलिया – दुर्गा पूजा

माँ दुर्गा 
भारत के हर प्रान्त की भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत प्राय: अलग अलग हैं। हर प्रान्त को  अपनी इस विरासत पर गर्व है। प्रान्तीय संस्कृति ही भारतीय संस्कृति है।  लोगों का अपने क्षेत्रीय संस्कृति से लगाव अलग अलग धरातल पर है।  हम यह जानते हैं कि बंगाल उन कुछ एक प्रान्तों में है जिन्हे अपनी संस्कृति से बेहद लगाव भी है और बंगालियों की गहरी पैठ भी है। यही कारण है कि पत्र-पत्रिका-साहित्य पढ़ना, संगीत सुनना हर बंगाली का शौक है। वे अपने बच्चों को नृत्य-संगीत की शिक्षा भी देते हैं। बंगाल का प्रमुख त्योहार दुर्गा पूजा है। शरद ऋतु में अश्विन की सप्तमी, अष्टमी और नवमी, तीन दिन दुर्गा माता की बड़ी धूम-धाम, श्रद्धा और भक्ति से आराधना की जाती है। जहां बड़ों और बुजुर्गों के लिए यह एक पूजा-अनुष्ठान का समय होता है वहीं बच्चों और युवक-युवतियों के लिए छुट्टी, मस्ती और सैर सपाटे का। जगह जगह सार्वजनिक दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। मेले लगते हैं। सजावट होती है। झूले, चाट-पकौड़े की धूम रहती है। पूरा बंगाल, विशेषकर कोलकाता दुल्हिन की तरह सज जाता है। युवक-युवती, बाल-वृद्ध क्षमतानुसार सारी सारी रात घूमते हैं। इन तीन दिनों के लिए (दुर्गा) माता अपने पीहर आती हैं जहां उनका बड़े धूम धाम से स्वागत होता है। चौथे यानि दशमी के दिन अश्रुपूर्ण आँखों से माँ की विदाई होती है, सिंदूर खेला होता है। दुर्गा पूजा की गूंज अब केवल बंगाल या भारत तक नहीं बल्कि सारे संसार में सुनी जा सकती है।

खाने का आनंद
ऐसे समय में  सिडनी अछूता कैसे रह सकता है।  सिडनी, ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य की राजधानी है।  बंगाली एसोसिएशन ऑफ न्यू साउथ वेल्स यहाँ की लगभग 50 वर्ष पुरानी संस्था है। उस समय कई छोटी छोटी संस्थाओं को मिलाकर इसकी नींव पड़ी और तब से यह संस्था लगातार वृहद रूप में सिडनी में दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है। इसके अलावा और भी 4-5 सस्थाएं हैं जो सिडनी के इर्द गिर्द पूजा का आयोजन करती 
खिलाने का आनंद

हैं। विधिवत माता की प्रतिष्ठा, पूजा, अर्चना तो होती ही है साथ ही खाना-पीना, गाना-बजाना भी होता है।

इस संस्था में तकरीबन 500 परिवार सदस्य हैं। पूजा की व्यवस्था सराहनीय है। सदस्यों का सेवा भाव और समर्पण काबिले तारीफ है। भोग पकाने का कार्य सदस्य ही करते हैं। भोग क्या होता है, पूरा खाना ही होता है। मेज-कुर्सी लगी होती है। अतिथि भोजन लेकर आराम से बैठ कर भोग ग्रहण करते हैं। संस्था के 
पान, चाय, चाट , कैंडी और आइस क्रीम

सदस्य ही टेबल पर खड़े रहकर लोगों की सहायता करते रहते हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से व्यवस्था होती है, उन्हे पूरे आदर और सम्मान के साथ टेबल कुर्सी पर बैठा कर भोग दिया जाता है। संस्था के सदस्य, पुरुष-महिला-बच्चे, ही खुद घूम घूम कर पूरा कार्य करते हैं। लगभग 1400-1500 लोग जमा होते हैं और भोग लेते हैं। किसी को खाने में आनंद आता है, किसी को खिलाने में तो किसी को पकाने में। कोई पूजा में व्यस्त है, कोई गाने बजाने में। ऐसे आयोजन में अगर चाट – पकोड़ा न हो, चाय और कलकत्ते का पान न हो तो पूरा आयोजन ही फीका हो जाता है। महिलाओं के लिए शॉपिंग स्टॉल तो बच्चों के लिए कैंडी और आइस क्रीम भी रहती है। देश के नियमों और कानून को ध्यान में रखते हुए ज़ोर 
शॉपिंग
का ढोल-धमाका नहीं किया जाता है। लघु रूप में आरती और हल्के से दीया जलाया जाता है। मुझे जिज्ञासा हुई कि यहाँ विसर्जन कहाँ और कैसे किया जाता है। जानकारी मिली कि भारत की  तरह विसर्जन न कर, पूजा के बाद,  प्रतिमा को बड़े हिफाजत से रखा जाता है। उसी प्रतिमा को फिर कई वर्षों तक प्रयोग में लेते हैं तत्पश्चात पूरे आदर और सम्मान के साथ  उसे विघटित कर देते हैं।

ऐसे आयोजनों में भारतीय मूल के लोग अपनी पारम्परिक वेश भूषा में ही आते हैं और खाना-पीना, गाना-बजाना भी भारतीय होता है। ऐसा नहीं है कि केवल बंगाली ही भाग लेते हों। हिस्सेदारी सब प्रांत के लोगों की होती है। हाँ, बहुतायत में बंगाली ही होते हैं। ऐसे आयोजन अपनी मिट्टी से दूर उसकी खुशबू बनाए रखती हैं। 

इतने लोगों की उपस्थिती और भोजन के बावजूद कहीं भी कोई शोर-शराबा नहीं। कहीं जरा सा भी कचरा नहीं। कहीं कोई अनुशासनहीनता नहीं। सब अपनी प्लेट खुद उठा कर यथास्थान टब में डालते हैं। टब की भी निगरानी रखी जाती है। समयानुसार उसे लगातार खाली किया जाता है। कोई यह नहीं मानता कि इसकी सफाई का उत्तरदायित्व सरकार, निगम या आयोजक का है। सार्वजनिक स्थान को साफ रखना उतना ही हमारा कर्तव्य है जितना अपने घर को साफ और सुंदर रखने का। खुद अनुशासन बनाए रखते हैं। बुजुर्गों के स्थान पर युवा नहीं जाते। पंक्ति तोड़ कर बीच में घुसने का प्रयत्न नहीं करते। इसके लिए न हमें किसी कार्यकर्ता की आवश्यकता है न ही पुलिस की। विदेश को हम अपना घर समझते हैं, सभ्य लोगों के रहने की जगह। अपने देश को कूड़े का टब और बदमाशों का अड्डा। विदेश में स्वच्छता बनाए रखना हमारी ज़िम्मेदारी है और अनुशासन बनाए रखना सभ्यता की निशानी। लेकिन वही हम अपने देश में गंदगी करना अपना कर्तव्य और स्वच्छता रखना सरकार की ज़िम्मेदारी मानते हैं। अनुशासन तोड़ना हमें विशिष्ट व्यक्ति बनाता है और उसे मानना आम आदमी। जब तक हम नहीं बदलेंगे, देश नहीं बदलेगा।


सिडनी की पाक्षिक पत्रिका इंडियन लिंक की रिपोर्ट


शुक्रवार, 4 अक्तूबर 2019

सूतांजली अक्तूबर २०१९


सूतांजली अक्तूबर२०१९ में २ लेख हैं।
१.  अतिशबाजी और दिवाली
धीरे धीरे मानसिकता इस बात पर बनने लगी है कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए आतिशबाज़ी बंद होनी चाहिए। लेकिन इससे बचे श्रम, धन और उमंग को रोकने के बजाय अपने त्योहार को मनाने का नया तरीका अपनाना चाहिए। क्या और कैसे?
२. कहाँ गए अपने उत्सव और त्यौहार
जैसे जैसे नई तकनीक आती हैं उन्हे अपनाना ही चाहिए। उन्हे नकारते रहेंगे तो हमें दुनिया नकारने लगेगी। लेकिन अपनी संस्कृति और संस्कार को त्यागने के बजाय उसे नया रूप, नया कलेवर देना चाहिए जिसमें दोनों, तकनीक और संस्कृति, का समावेश हो। इस वर्ष दिवाली की शुभकामनाएँ भेजेंगे या फिर फॉरवर्ड करेंगे?
अपने विचार एवं टिप्पणी हम तक पहुंचाएं तो हमें अच्छा लगेगा।
पढ़ें http://sootanjali.blogspot.com पर