शुक्रवार, 16 जून 2023

‘माँ’ जैसी मैं


 

(कुछ तो होती हैं कहानियाँ, कुछ घटनाएँ और कुछ आपबीती। अब कही गई बात इन तीनों में से क्या है यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि क्या आपने वैसा क्षण जिया है या आपने ऐसा  देखा है या आपको इसका कोई अहसास ही नहीं है। तो फिर, अब यह ‘प्रीति’ की आपबीती है, या घटना है, या कहानी है? यह तो या तो प्रीति ही बता सकती है या शायद आप ही तय कर करें, मैं नहीं बता सकता। लेकिन हाँ मैं यह जरूर कह सकता हूँ कि मैंने इसे एक लंबे समय तक होते देखा है, और आज भी देख रहा हूँ, लेकिन क्या अब आगे देख सकूँगा.......?)   

          माँ अक्सर ही अपनी रोटियां जल्दी में बनाया करती थीं। सब को गरमागरम, मुलायम, घी लगी रोटियां परोसने के बाद कभी अध-सिकी, अध-पकी, कभी जली हुई, कभी दो तो कभी उतने ही आटे से बनी एक मोटी रोटी पास ही तश्तरी में रख ली जाती। उसके बाद चूल्हा साफ किया जाता, फिर प्लेटफॉर्म, उसके बाद आंचल से हाथ पोंछते हुए उसी तश्तरी में सब्जी, चटनी, सलाद सारी घिच्च-पिच्च करके और एक कटोरी में दाल ले, जैसे-तैसे खाना निबटाया जाता। पापड़ अपने लिए तो कभी सेका ही नहीं, किसी-न-किसी का बचा हुआ, ढीला, सीला खाकर ही संतुष्ट हो जातीं। बहुत चिढ़ हुआ करती थी मुझे कितनी बार गुस्सा भी किया, कई बार उठकर उनके लिए दूसरी रोटी बना लाती, पर वो हमेशा यही कहतीं, 'अरे... मेरा तो चलता है, स्वाद तो वही है न।' मैं पलटकर कहती... अगर स्वाद वही है, तो कल से हम सभी को भी वैसी ही रोटी बनाकर दो।' वो निरुत्तर हो जाती, गर्दन को एक झटका दे हंसने लगतीं। कभी-कभी मुस्कुराकर कह भी देती थीं, जब माँ बनोगी, तब समझोगी।' मैं झुंझला जाती और चिल्लाती।'

          पर चिल्लाने से क्या होता है... शादी हुई, ससुराल आई। आम भारतीय नारी की तरह जीवन चलने लगा। पूज्य ससुर जी के निधन के बाद हम सासू-माँ के साथ हमारे शहर में रहने लगे। एक दिन अचानक ही कुछ बात चली और उन्होंने मुझे कहा... 'तू मेरे लिए कुछ स्पेशल न बनाया कर, मैं तो सुबह का बचा भी खा लेती हूँ। उस दिन बहुत दिल दुखा मेरा, और मैंने उन्हें कहा... 'आप घर की सबसे बड़ी हैं और विशिष्ट भी आपके लिए कुछ करना मुझे अच्छा लगता है, करने दीजिए।' वो हैरान हो मेरा चेहरा देख रही थीं, पर उन्हें ये सुनकर कहीं प्रसन्नता भी हुई थी, उनकी आंखों की नम कोरें इसका प्रमाण थीं।

          उन्हीं दिनों मेरा भाभी जी (जेठानी जी) के यहाँ भी जाना हुआ। वहाँ भी मिलता-जुलता दृश्य... भाभी बच्चों की प्लेट में ही अपना खाना लगा लिया करतीं और उनके प्लेट में बचे-खुचे के साथ थोड़ा और परोसकर भोजन शुरू कर देतीं। कई बार ऐसा भी होता कि कुछ बचा होता... तो बच्चों को कहतीं... इधर दे जाओ, मैं खा लूंगी।' मुझसे रहा नहीं गया और मैंने तुरंत ही कहा... 'भाभी, आपका खाना तो हो गया था, फिर आपने क्यों लिया?' उनका जवाब था, 'अरे, फेंकना पड़ता, बेकार जाता, सो... खा लिया।' मैंने सवाल किया.... 'आप डस्टबिन हो, जो सब का बचा-खुचा आपको ही समेटना है, आपको स्वास्थ्य की परवाह नहीं?' वो सोच में पड़ गई थीं। पर एक वर्ष बाद जब हम मिले, तो उन्होंने कहा कि... 'मैंने कभी ध्यान ही नहीं दिया था इस बात पर, मेरे बढ़ते हुए वजन का एक कारण ये भी था। उन्हें खुश देख मैं और भी खुश हो गई थी। समय बीतता गया।

          पर आज कुछ ऐसा हुआ कि ये सभी यादें एक साथ ताजा हो गई। मैं खाना लेकर बैठी ही थी, बेटी जिद पर थी कि आपके ही साथ खाऊंगी। मेरे आते ही उसने रोटियां बदल लीं। मैंने उसके हाथों से छीनने की बहुत कोशिश की, पर वो नहीं मानी। उसके चेहरे पर वही चिढ़ थी और आंखों में वैसा ही दुख! सच में बहुत ही बुरा लगा मुझे! आंखें नम हैं, वक्त के साथ पता ही नहीं चला कि कब मेरी बेटी बड़ी हो गई और मैं 'माँ' जैसी!

          यह केवल खुद रूखा-सूखा खा कर परिवार को अच्छा गरम खाना देना तक सीमित नहीं है बल्कि यह है खुद कष्ट उठा कर भी दूसरे के सुख का ध्यान रखना है।

(पिछली बार मैंने लिखा था ‘अपना कर्ज चुकाया’, यही है अपना असली कर्ज चुकाना और इसकी शिक्षा उपदेश से नहीं उदाहरण से ही दी जा सकती है। याद रखिये आपने दिया तभी आपने पाया।

(प्रीति एक गुजरात में रहने वाली एक सामाजिक कार्यकर्ता व ब्लॉगर हैं)

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

क्या आपको हमारे पोस्ट पसंद आ रहे हैं,

क्या आप चाहते हैं औरों को भी इसे पढ़ना / सुनना चाहिए!

तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

और अपनी प्रतिक्रिया ऑनलाइन दें।

 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/zeWRYG0nrow


शुक्रवार, 9 जून 2023

अपना कर्ज चुकाया?

                                                                   चिंतन 



कर्ज का अर्थ जानते हैं? क्या इसका अर्थ सिर्फ ऋण या उधार या लोन में मिल धन ही  है? चलिये, एक बार आपके मतानुसार इसका अर्थ सिर्फ यहीं तक सीमित भी कर दें तो आपको कर्ज मिला कैसे? देने वाले ने आपको कर्ज क्यों दिया? आप इस काबिल कैसे हुए कि दुनिया ने आपको कर्ज दिया?

 जब हम इस दुनिया में आए थे उस समय  हम खुद खा-पी नहीं सकते थे, चल और खड़े नहीं हो पाते थे, और-तो-और बैठ भी नहीं सकते थे। न कपड़े पहनना आता था न खाना-पीना, मल-मूत्र का त्याग भी बिस्तर में ही कपड़ों में किया करते थे। न अक्षर ज्ञान था न कोई उपाधि। अगर  हम वैसे ही रहे होते तो हमें कर्ज मिलता? कर्ज मिलना तो दूर शायद भीख भी नहीं मिलती। लोग दुत्कार कर दूर भगा देते।  यह तो कोई और ही था जिसने हमें खाना, पीना, बैठना, चलना, दौड़ना सिखाया। कपड़े दिये और उन्हें पहनना भी सिखाया। पढ़ाया-लिखाया-सिखाया और इस काबिल बनाया कि आज हम समाज में उठ-बैठ सकते हैं।

हमें बहुत कुछ मिला, अनेक सफलताएँ हासिल कीं। हाँ, ऐसा भी कुछ है जो हम हासिल नहीं कर सके, हमें नहीं मिला। लेकिन वे शायद हमारी काबिलीयत से ज्यादा रहीं हों या हमने उसे हासिल करने के लिए आवश्यक और उचित कर्म ही नहीं किया! प्रारम्भिक लालन-पालन के बाद हमारे जीवन में अनेक लोग आते रहे जिनका हमारे जीवन को बनाने, सँवारने और निखारने में योगदान रहा। हमने बहुत कुछ पढ़ा, सुना, देखा। आज हमें पता भी नहीं किससे क्या सीखा? किसका लिखा, किसका पढ़ा, किसका सुना वह क्या था जो हमारे दिमाग में आया और हमारा यह स्वरूप गढ़ता गया और हम आज जैसे हैं वैसे बने। उन सब ने हमारे वर्तमान स्वरूप को बनाने में अपना-अपने ढंग से सहयोग दिया।

जीवन की छोटी-छोटी घटनाओं ने बुरी आदतें बदल डालीं, अच्छे संस्कारों से संस्कारित किया:

1)    नन्ही बिटिया के प्रश्न “पापा क्या हम महीने में एक दिन अच्छे होटल में खाना नहीं खा सकते?” ने पिता को उसका उत्तरदायित्व समझाया,

2)    देर रात लोगों को घर आते-जाते देख पड़ोसी समझ गए कोई दिक्कत है और सहायता के लिए बिन-बुलाये पहुंचे तो पड़ोसी धर्म समझ आया,

3)     अपने दोस्त से पार्क में बात कर रहा थे तो अचानक एक अंजान व्यक्ति हाथ जोड़ खड़ा हो गया “आपकी बात सुन आज मेरी एक समस्या हल हो गई”, क्यों अच्छी बातें ही करनी चाहिए समझ आई,

4)     विद्यालय की एक प्रधानाध्यापक (प्रिन्सिपल) ने कहा “आपकी लिखी एक सलाह मानी तो मेरी दुनिया बदल गई, मुझे विश्वास ही नहीं था कि ऐसा भी हो सकता है।” अच्छा ही क्यों लिखते-पढ़ते रहना चाहिए, समझे,

5)    दुर्घटना हुई, होश ही नहीं रहा, न जाने किसने उठाया हॉस्पिटल तक पहुंचाया, घर पर खबर की, जान बची, अपाहिज होने से बच गये। कौन थे वे लोग पता ही नहीं! अनजानों की भी सहायता करनी चाहिए,

6)    जब सड़क पर पटक कर गुंडे पीट रहे थे एक अंजान महिला बीच में कूदी और गुंडों से छुड़ाया। कौन थी वह महिला आज तक पता नहीं। राहगीर  के कर्तव्य का पाठ पढ़ा,

7)    ट्रेन में सफर के दौरान दाल का दोना हाथ से गिरा और पूरी दाल फर्श पर फैल गई। इसके पहले समझें कि क्या करें, सामने की बर्थ की महिला ने तुरंत अखबार से पोंछ कर साफ कर दिया। सहयात्री क्या होता है समझ आई।  

ऐसी ही अनेक बातें-घटनाएँ हमारे साथ घटीं-पढ़ीं-सुनीं जिसने हमें प्रभावित किया, हमें शिक्षा दी।

इनमें से कइयों को हमने उस समय के मुताबिक ‘कुछ’ दिया, बहुतों को कुछ भी नहीं दिया। न हमें पता है कि हमने क्या लिया और न देने वालों को पता है कि उन्होंने क्या दिया। हमारे लिये  उसका क्या महत्व था, क्या मूल्य था, क्या भूमिका थी इसका मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। ऐसे भी अनेक थे जिन्हें हमने कुछ दिया ही नहीं क्योंकि हमें पता ही नहीं चला कि उसने कुछ दिया है। इस बात पर हमें चिंतन करना है कि आप-हम जो हैं उसकी तुलना में हमने उन्हें कितना दिया? क्या हमें जो मिला उस के अनुरूप उन्हें दिया गया? उनमें से कितनों को तो आपके माता-पिता-अभिभावकों ने अपनी समझ  और सामर्थ्य के अनुसार ही दिया होगा न? क्या वह समुचित था? क्या उनका बकाया किसी ने चुकाया? 

          इन में केवल हमारे माता-पिता, भाई-बहन, आस-पड़ोस, परिवार-संबंधी, दोस्त-सहपाठी, शिक्षक-गुरु ही नहीं बल्कि इनसे इतर सहयात्री, पुस्तक, लेख, कहानी, कविता, फिल्म, पोस्टर, विज्ञापन, प्रकृति, पशु-पक्षी और भी न जाने किस-किस ने और किन-किन ने हमारे स्वरूप को प्रभावित किया। और-तो-और दुश्मन ने भी सिखाया। क्या आप यह सोच रहे हैं कि यह तो उनका कर्तव्य था, उनका कार्य था, जिसे उन्हें निभाना ही था। बहुत खूब, सही कहा आपने। लेकिन जिसने आपको  बताया कि यह उनका कर्तव्य था क्या उन्होंने आपको आपका कर्तव्य भी बताया? क्या हमें अपना कर्तव्य पता है? या अपने कर्तव्य को बांध कर रद्दी की टोकरी में फेंक आए हैं? 

          ऐसे लोग जिन्होंने हमारे व्यक्तित्व को बनाने में, जाने-अनजाने में जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उनका कर्ज हमारे ऊपर बाकी है। जिन्हें हम जानते हैं उनका भी और जिन्हें नहीं जानते उनका भी। हमें उनके ऋण चुकाने हैं, उन्हें चुकायें। हम  अपने आप को उ-ऋण करें। और जिन्हें हम नहीं जानते उनके बदले समाज को, प्रकृति को, पशु-पक्षी को, शिक्षक को, लेखक-कवि को और ऐसे अनेक अनजान मानव के ऋण से अपने को मुक्त करें। 

          जैसे-जैसे हम देते जाएंगे, उन्हें जिन्हें हम जानते हैं और उन्हें भी जिन्हें हम नहीं जानते तो पुष्पित-पल्लवित होते रहेंगे। अगर हम देते रहेंगे, अपने कर्ज को चुकाते रहेंगे तो हम फलते-फूलते रहेंगे। यह आवश्यक नहीं कि धन देकर ही इन ऋणों को चुकाया जाये। वही दीजिये, जो आपके पास है। वही दें जो पाया। अपना समय दें, प्यार दें, स्नेह दें, मुस्कुराहट दें, शिक्षा दें, सेवा दें। फेहरिस्त बहुत लंबी है, हम इसमें अपने सामर्थ्य अनुसार जोड़ते रहें, देते रहें। यह एक परम्परा है जिसे अपने लिये, अपने लोगों के लिए जीवित रखिये, पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाते रहिये।

          किसी समय हमने अपने आँगन में एक पौधा लगाया। जब लगाया तब वह मात्र एक बीज था। उसे खाद देते रहे, पानी देते रहे, अंधी-तूफान से बचाते रहे। हवा-धूप की व्यवस्था करते रहे। उसकी देख भाल करते रहे। शनैः-शनैः पौधा बढ़ने लगा, पौधे से पेड़ बना गया। अब उसकी उतने देख-भाल की जरूरत नहीं रही। कुछ खाद, हवा, पानी की व्यवस्था वह खुद करने में सक्षम हो गया, लेकिन फिर भी उसे हमारी निरंतर आवश्यकता बनी रही। धीरे-धीरे उसमें बढ़िया पत्ते, फल, फूल आ गए। हमें प्रसन्नता के साथ-साथ सुंदर सुगंधित फूल मिलने लगे, स्वादिष्ट फल मिलने लगे, हवा, शीतलता, छाँह, औषधियाँ मिलने लगीं। अब अगर हम यह सोचने लगें कि इस पौधे को तो हमने बहुत कुछ दिया है अब और देने की क्या जरूरत है? अब हमारा अधिकार है लेने का और उसका देना का! उसे देना बंद कर दें, उसकी देख-भाल बंद कर दें। धीरे-धीरे हमें भी मिलना बंद हो जाएगा। डटे रहेंगे तो हमें ही नहीं हमारी पीढ़ियों को भी मिलेगा।

          उनसे मिलने वाले फल-फूल का स्वाद लेते रहिए। चरित्र हमारा निखरेगा, सुवास हमारा फैलेगा। जिस प्रकार आपने जितना दिया था उससे कहीं ज्यादा मिला। वैसे ही आप जितना देंगे आपको उससे कहीं ज्यादा मिलेगा।

याद रखिए – देना ही पाना है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

आज की  इस ‘ऑन लाइन’ यांत्रिक दुनिया में जो मन में है उसे ऑन लाइन बताइये।

 इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें

और अपनी प्रतिक्रिया ऑनलाइन दें।

 

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/LSWbJZaEaY8

 

शुक्रवार, 2 जून 2023

सूतांजली जून 2023


 

यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/3fSgItgAm6c

ब्लॉग  पर पढ़ें : à 

https://sootanjali.blogspot.com/2023/06/2023.html


शुक्रवार, 19 मई 2023

संवेदनशील बनें - क्यों और कैसे

                                                                                                      सरलता



सरलता मानव की स्वाभाविक प्रवृत्ति है। सरलता-सहजता हमें अपना स्वाभाविक जीवन जीने के लिए ही प्रेरित करती है। जैसे-जैसे हम संसार से ग्रहण करने लगते हैं हमारी यह सहजता लुप्त होने लगती है, दूसरों की सरलता देख हम दांतों तले अंगुली दबा लेते हैं, और सोचने लगते हैं कैसे हैं ये इतने सरल! काश! दुनिया ऐसी ही सरल होती! हम यह भूल जाते हैं कि अगर दुनिया को सरल बनाना है तो शुरुआत अपने से ही करनी होगी। अगर हम सब सरल होते तो, कैसी होती ये दुनिया? अपनी भाग-दौड़ की जिंदगी में थोड़ा ठहर कर नज़र घुमायें तो आपको दिख जाएंगे ऐसे लोग, और मन होगा कि बैठें रहें इनकी शीतल छाया में, कुछ पल ही सही हम भी सरल हो लें, इनके साथ।

          योगेन्द्र यादव को मिले ऐसे लोग अपनी एक यात्रा में और अंकित कर दी सफ़ेद पन्नों पर एक  दास्तां। आप भी आनंद लीजिये इस सरलता का, और अगर आनंद आये तो कभी-कभार ऐसा ही आनंद दूसरों में भी बाँट कर देखिये कि आनंद किस में ज्यादा है – देने में या लेने में? तो पढ़िये योगेन्द्र की दास्तां उन्हीं के शब्दों में - 

 

... भीतर कुछ दूर चलने के बाद  सड़क से थोड़ा हटकर पहाड़ियों के नीचे छोटी-मोटी दुकानें और गुमटियां हैं जो निम्न आय वर्ग के लोगों की रोज़ी-रोटी से जुड़ी हैं। हम चाय के साथ कुछ खाने-पीने के लिए जिस दुकान पर रुके वह एक छोटा-सा घर था जहां पर्यटकों के लिए भोजन की भी व्यवस्था थी। सामने सड़क तक फैली खुली ज़मीन पर कुछ खाटें भी रखी थीं, जो इस घर को किसी ढाबे-सा स्वरूप भी देती थीं। घर में पति-पत्नी और बच्चों समेत पूरा एक युवा परिवार रहता था। ... (पत्नी) की बातों में एक अनगढ़ सहजता थी, और उसके हाव-भाव और व्यवहार में प्रकृत सौंदर्य के कोमल स्पर्श-सा कुछ लरजता रहता... और मुझे वह किसी कहानी की जीती- जागती किरदार-सी लगती।

  हमारे दिलों में उन लोगों के लिए प्यार और सम्मान होना चाहिए जो एक अजनबी मुसाफिर के साथ भी बातचीत के क्रम में अपना पूरा संसार, अपने विचार और अपनी सोच की तमाम सहज अनगढ़ता बेहिचक सामने रख देते हैं। इसके अपने खतरे भी हो सकते हैं। खतरे तो भोलेपन और सहजता में अंतर्निहित ही हैं। लेकिन यह उनका भोलापन ही है कि ऐसे लोग इन खतरों के बारे में सोचते भी नहीं और प्रकृति भी तो अपनी सहजता और भोलेपन में ही जीती है उसने भी इन खतरों के बारे में कब सोचा!

  मैंने जब पूछा- ‘आपको अजनबियों - से इस तरह बात करते हुए डर नहीं लगता?' तो उसने कहा- 'आप अजनबी कहां और फिर डर कैसा! रोज ही कितने अनजान मुसाफिरों से बात होती है। दूर से ही देखकर बता सकती हूं कौन-कैसा है? ... आधी रात को भी सामने सड़क पर कोई गाड़ी रुकती है और लोग आकर खाट पर बैठ जाते हैं  तो उनके लिए उसी समय खाने-पीने, और अगर रुकना चाहें तो यहीं खाट पर या भीतर बरामदे में सोने की व्यवस्था कर देती हूं।

  'एक बार की बात है, कोई बारह बजे रात को एक परिवार गाड़ी से उतरा, मियां-बीबी और एक बच्चा, शायद एक साल का भी नहीं, मेरी छुटकी जितना बड़ा, बच्चा रोए जा रहा था, चुप होने का नाम नहीं। बताया कि एक घंटे से रो-रो कर बेहाल है। हिचकियां बंधी जा रहीं थीं। मैंने कहा बच्चा मुझे दो। मैं बच्चे को सीधे अंदर बरामदे में लेकर गयी... और दो मिनट बाद लेकर बाहर आ गयी, बच्चा बिल्कुल शांत और चंगा मेरी गोद में खेल रहा था। बीबी की आंखें चमक उठीं? लेकिन उस चमक में संदेह और आश्चर्य के मिले-जुले भाव थे। पूछा ‘कैसे चुप करा दिया’? मैंने कहा, ‘मैं आपसे चुप कराने के पैसे तो मांग नहीं रही’। जब आये थे तो उनके चेहरे पर बारह बज रहे थे, अब चेहरे पर पूरी राहत थी। पूछा ‘चाय पिला सकती हो’? मैंने कहा... भला आप लोगों को चाय क्यों नहीं पिला सकती। मियां-बीबी आश्चर्य में एक दूसरे का मुंह ताकने लगे। जाते समय पांच सौ का नोट थमाने लगे। मैंने कहा बीस रुपए होते हैं चाय के, खुल्ला दे दो। कहा, रख लो खुल्ले नहीं हैं। मैंने कहा नहीं रख सकती। कोई मां बच्चे से दूध पिलाने के पैसे नहीं लेती और आप वही देना चाहते हो न!

  'एक और बात बताऊं आपको... जाते-जाते उन दोनों के चेहरे पर जो भाव, मुस्कुराने की कोशिश में जो संकोच, खुशी और कृतज्ञता के मिले-जुले भाव उभर आये थे न उन्हें मैं यहां आने वाले और भी बहुत सारे मुसाफिरों के चेहरे पर कई-कई रूपों में देख चुकी हूं। बहुत सुख है इस भाव में, किसी अजनबी सैलानी के थके-बुझे चेहरे को जगा देने में।  कुछ पल के लिए किसी दाता को राजी खुशी याचक जैसी भूमिका में देखने का सुख। इस सुख में हमारे जीवन की छोटी-मोटी दुश्वारियां और संघर्ष पता नहीं कहां बिला जाते हैं। ये सब बातें मेरे मरद की समझ के भी बाहर है।  कहता है इतनी बदहाली में भी तुम कैसे खुश रह लेती हो। अब उसे कैसे समझाएं कि चाहो तो तुम भी रह सकते हो।..... मैंने बस पूछने के लिए पूछ दिया- 'कहां हैं वो, दिखे नहीं ?'

  और वह शुरू हो गई? 'होगा कहीं, बही-खाता लेकर बैठा होगा हिसाब-किताब करने, पाई-पाई का हिसाब रखता है। मैं पूछती हूं क्या फायदा है? अपनी मेहनत है, अपना पैसा है, अपना कारोबार है, तो फिर हिसाब किसे देना है? … कई बार हुआ है कि लोग किसी न किसी बहाने खुश होकर अधिक पैसे देकर जाने लगे हैं। लेकिन भरसक मेरी कोशिश रही कि जितना बनता है उतना ही लूं और हर बार उसकी एक ही रट कि इस तरह तो मुझसे यह व्यापार नहीं चलने वाला... कि आगे से किसी के साथ लेन-देन हो तो उसे बुला लिया करूं। मैं सोचती हूँ कैसे बुला लूं, ...अगर बुला भी लूँ तो कभी-कभी किसी के चेहरे पर वो नैसर्गिक भाव कहां से देख पाऊंगी जो मुझे बहुत दिनों तक ज़िंदा रखता है। ... वह रहा हिसाब-किताब के साथ चलने वाला आदमी और मैं रही अपने भीतर उठती तरंगों के साथ तालमेल बैठा कर चलाने वाली .....’

  आपके जीवन में भी ऐसे क्षण आए होंगे, ऐसे लोग आए होंगे जिन्होंने आपको झकझोर दिया होगा और यदा-कदा आपके होठों पर उन्हें याद कर मुस्कान आ जाती होगी। क्या कहा? – आपको नहीं मालूम, आपको ऐसे लोग नहीं मिले, ऐसे क्षण नहीं आए? ऐसा तो हो ही नहीं  सकता। हाँ, आपके आँखों के सामने वे लोग आए, उनकी बातें आपके कानों में भी पड़ीं, लेकिन दिख कर भी नहीं दिखा, सुन कर भी नहीं सुना क्योंकि देखने और सुनने का काम न आँख करते हैं न कान। वे तो सिर्फ द्वार हैं। इनके पीछे छिपे “आप” उन्हें देखते और सुनते हैं। लेकिन आप कहीं और व्यस्त थे, आप के पास उन्हें देखने-सुनने का समय नहीं था। आप इसके प्रति संवेदनशील नहीं थे। अपनी संवेदना को थोड़ा दुरुस्त कीजिये, फिर महसूस कीजिये। रोज-रोज ऐसे क्षण आने लगेंगे, ऐसे लोगों से मुलाक़ात होने लगेगी। जीवन सुखमय होने लगेगा।      

ज्ञान तो दे दिया लेकिन अब संवेदनशीलता बढ़ेगी कैसे, यह सरलता आएगी कैसे?

व्याख्यान न देकर बहुत थोड़े शब्दों में कहूँ तो :

1.    अपनी गति थोड़ी धीमी करें, ‘सुनने’ और ‘देखने’ का समय दें, कैसे –

                          I.          जो देखा और सुना उसे समझने का प्रयत्न करें,

                        II.          निष्कर्ष निकालने या प्रत्युत्तर, जवाब देने की हड़बड़ी न करें,

                      III.          सामने वाले के दृष्टिकोण को जानें।

2.    प्रारम्भ घर या पड़ोस के बच्चों से करें। वे बहुत सरल, सहज और संवेदनशील होते हैं। आपको बहुत कुछ सीखा सकते हैं।

          बस यहाँ से प्रारम्भ करें। हाँ हर समय, हर रोज समय नहीं निकाला जा सकता लेकिन दिन में एक बार तो कर ही सकते हैं। वहीं से प्रारम्भ करें। वह भी नहीं तो कोई बात नहीं, दिन के अंतराल बढ़ा दें, लेकिन सप्ताह में कम-से-कम एक बार जरूर। अगर आपको फर्क महसूस होता है तो अपने अनुभव टिप्पणी, कोममेंट्स, में  लिखें, दूसरों को प्रोत्साहित करें।

(नवनीत)

~~~~~~~~~~~~

क्या आपको हमारे पोस्ट पसंद आ रहे हैं, क्या आप चाहते हैं दूसरों को भी इसे पढ़ना / जानना चाहिए!

तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, और दूसरों से शेयर करें।

आपकी एक टिक – एक टिप्पणी दूसरों को

पढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

~~~~~~~~~~~~

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

 https://youtu.be/BWUDURy3G5A

मेरा यू ट्यूब चैनल ->

youtube.com/@maheshlodha4989

शुक्रवार, 12 मई 2023

रेल के डब्बे की खुशबू

हम बदलेंगे, युग बदलेगा



यह संस्मरण है एक युवक का। वह चेन्नई में कार्यरत था और पैतृक घर भोपाल में था। एक दिन उसे पिताजी का तुरंत घर आने का समाचार मिला। वह आनन-फानन में रेलवे स्टेशन पहुँचा
, आरक्षण  की कोशिश की, लेकिन आरक्षण नहीं मिला। प्लेटफार्म पर भोपाल की गाड़ी खड़ी थी लेकिन उसमें  बैठने की जगह नहीं थी। मरता क्या नहीं करता, बिना कुछ सोचे-समझे सामने के स्लीपर क्लास के डिब्बे में  घुस गया। डिब्बे के अन्दर भी बुरा हाल था। जैसे-तैसे जगह बनाने हेतु बर्थ पर एक सज्जन को लेटे देखा तो उनसे याचना करते हुए बैठने के लिए जगह मांग ली। सज्जन मुस्कुराये और उठकर बैठ गए और बोले-- "कोई बात नहीं, आप यहाँ बैठ सकते हैं।"

          उन्हें धन्यवाद दे, वहीं कोने में बैठ गया। थोड़ी देर बाद ट्रेन चल पड़ी और सभी लोग व्यवस्थित हो गए और सबों को बैठने की जगह मिल गई। लोग अपने साथ लाया हुआ खाना खाने लगे, पूरे डिब्बे में भोजन की महक भर गयी। मैंने अपने सहयात्री को देखा और सोचा, बातचीत का सिलसिला शुरू किया जाये। मैंने कहा-- "मेरा नाम आलोक है और मैं इसरो में वैज्ञानिक हूँ। आज़ जरुरी काम से अचानक मुझे घर जाना था इसलिए साधारण स्लीपर क्लास में चढ़ गया, वरना मैं वातानुकूलित (एसी) श्रेणी से कम में यात्रा नहीं करता।" वे मुस्कुराये और बोले-- "वाह ! तो मेरे साथ एक वैज्ञानिक यात्रा कर रहे हैं। मेरा नाम जगमोहन राव है। मैं वारंगल जा रहा हूँ। उसी के पास एक गाँव में मेरा घर है।" इतना कह उन्होंने अपना बैग खोला और उसमें से एक डिब्बा निकाला। वे बोले -- “ये मेरे घर का खाना है, आप लेना पसंद करेंगे ?” मैंने संकोचवश मना कर दिया और अपने बैग से सैंडविच निकाल कर खाने लगा। जगमोहन राव! ये नाम कुछ सुना-सुना और जाना-पहचाना सा लग रहा था, परन्तु इस समय याद नहीं आ रहा था।

          कुछ देर बाद सभी जैसे-तैसे सोने की कोशिश करने लगे। आलोक के सामने एक परिवार बैठा था, माता-पिता और दो बड़े बच्चे। वे भी खाना खा कर सोने लगे। मैं बर्थ के पैताने में उकड़ू बैठ कर अपने मोबाइल में गेम खेलने लगा।

          रेलगाड़ी तेज़ रफ़्तार से चल रही थी। अचानक मैंने देखा कि सामने वाली बर्थ पर बच्चों के पिता तड़पने लगे और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। उनका परिवार भी घबरा कर उठ गया और उन्हें पानी पिलाने लगा, परन्तु वे कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे। मैंने चिल्ला कर पूछा- अरे! कोई डॉक्टर को बुलाओ, इमरजेंसी है।" उनके परिवार के लोग उन्हें असहाय अवस्था में देख रोने लगे। तभी मेरे साथ वाले जगमोहन राव नींद से जाग गए। मैंने उन्हें सब बताया। मेरी बात सुनते ही वे लपक कर बर्थ के नीचे से अपना सूटकेस निकाले, स्टेथेस्कोप निकाला और सामने वाले सज्जन के सीने पर रख कर धड़कने सुनने लगे। एक मिनट बाद उनके चेहरे पर चिंता की लकीरें दिखने लगीं। उन्होंने कहा कुछ नहीं और सूटकेस में से एक इंजेक्शन निकाला और सज्जन के सीने में लगा दिया और उनका सीना दबा-दबा कर, मुंह पर अपना रूमाल लगा कर अपने मुंह से सांस देने लगे। कुछ मिनट तक सी.पी.आर. तकनीक से कृत्रिम रूप से स्वांस देने के बाद मैंने देखा कि रोगी सहयात्री का तड़पना कम हो गया। जगमोहन राव जी ने अपने सूटकेस में से कुछ और गोलियां निकालीं और परिवार के बेटे से बोले-- “बेटा!  ये बात सुनकर घबराना नहीं। आपके पापा को गंभीर हृदयाघात आया था, पहले उनकी जान को ख़तरा था परन्तु मैंने इंजेक्शन दे दिया है और ये दवाइयां उन्हें दे देना।”

उनका बेटा आश्चर्य से बोला-- “पर आप कौन हो?"

वे बोले-- “मैं एक डॉक्टर हूँ। मैं इनकी तबीयत के बारे में पूरा विवरण और दवाइयां पर्ची पर लिख देता हूँ, अगले स्टेशन पर उतर कर आप लोग इन्हें अच्छे अस्पताल ले जाइएगा।" 

          उन्होंने अपने बैग से एक लेटरपेड से एक पर्ची निकाली और जैसे ही मैंने उस लेटरपेड पर उनका व्यक्तिगत विवरण पढ़ा, मेरी याददाश्त वापस आ गयी। उस पर छपा था - डॉक्टर जगमोहन राव हृदय रोग विशेषज्ञ, अपोलो अस्पताल, चेन्नई। अब तक मुझे भी याद आ गया कि कुछ दिन पूर्व मैं जब अपने पिता को इलाज के लिए अपोलो हस्पताल ले गया था, वहाँ मैंने डॉक्टर जगमोहन राव के बारे में सुना था। वे अस्पताल के सबसे वरिष्ठ, विशेष प्रतिभाशाली हृदय रोग विशेषज्ञ थे। उनसे मिलने का समय लेने के लिए महीनों लगते थे। मैं आश्चर्य से उन्हें देख रहा था। एक इतना बड़ा डॉक्टर रेल की साधारण श्रेणी में यात्रा कर रहा था और मैं एक छोटा-सा तृतीय श्रेणी वैज्ञानिक घमंड से वातानुकूलित श्रेणी में यात्रा की बात कर रहा था और ये इतने बड़े आदमी इतने सामान्य ढंग से पेश आ रहे थे। मैंने उत्सुकतावश उनसे पूछा-- “डॉक्टर साहब! आप तो आराम से, वातानुकूलित श्रेणी, में यात्रा कर सकते थे फिर सामान्य श्रेणी में यात्रा क्यूँ?"

          वे मुस्कुराये और बोले-- “मैं जब छोटा था और गाँव में रहता था, तब मैंने देखा था कि रेल में कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं होता, खासकर दूसरे दर्जे में। इसलिए मैं जब भी घर या कहीं जाता हूँ तो साधारण क्लास में ही सफ़र करता हूँ। न जाने कब किसे मेरी जरूरत पड़ जाए! मैंने डॉक्टरी लोगों की सेवा के लिए ही की थी। हमारी पढ़ाई का क्या फ़ायदा यदि हम किसी के काम न आ पाये?"

          इसके बाद सफ़र उनसे यूं ही बात करते बीतने लगा। सुबह के चार बज गए थे। वारंगल आने वाला था। वे  यूं ही मुस्कुरा कर लोगों का दर्द बाँट कर, गुमनाम तरीके से मानव सेवा कर, अपने गाँव की ओर निकल लिए और मैं उनके बैठे हुए स्थान से आती हुई खुशबू का आनंद लेते हुए अपनी बाकी यात्रा पूरी करने लगा।

          अब मेरी समझ में आया था कि इतनी भीड़ के बावजूद डिब्बे में खुशबू कैसे फैली? ये खुशबू उन महान व्यक्तित्व और पुण्य आत्मा की खुशबू थी जिसने मेरा जीवन और मेरी सोच दोनों को महका दिया।

          किसी के भी बदलने से कुछ भी बदलने वाला नहीं है, न सरकार के - न विपक्ष के, न धर्म के - न अध्यात्म के, न प्रशासन के - न विधायक के लेकिन अगर - हम बदलेंगे, युग बदलेगा।



~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

आपलोगों में से अनेकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ व्हाट्सएप्प पर प्राप्त हो रही हैं –

टिप्पणी, ईमोजी और औडियो के रूप में; कइयों के फोन भी मिले हैं।

आप सबों को हृदय से आभार, आप से एक अनुरोध भी है।

आज की  इस ‘ऑन लाइन’ यांत्रिक दुनिया में जो मन में है उसे ऑन लाइन बताइये।

 इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें

और अपनी प्रतिक्रिया ऑनलाइन दें।

 

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

 https://youtu.be/rsDmtKO3d-g

मेरा यू ट्यूब चैनल ->

youtube.com/@maheshlodha4989

शुक्रवार, 5 मई 2023

सूतांजली मई 2023



यू ट्यूब पर सुनें : à

https://youtu.be/uOYPWvHKu74

ब्लॉग  पर पढ़ें : à 

https://sootanjali.blogspot.com/2023/05/2023.html

हमारा चैनल

http://youtube.com/@sootanjaliindia9648

 



 

शुक्रवार, 21 अप्रैल 2023

मलाईदार लस्सी का रहस्य


           

बाहर अच्छी गरम है। एसी चला कर सोफा पर अधलेटा पड़ा हूँ। तभी रसोई से पत्नी ने आवाज दी, चलो आज ‘हलवाई’ की लस्सी पी कर आते हैं। पता है कि वह पसीने में लथ-पथ होगी, ना कहने का सवाल ही पैदा नहीं होता, ‘हाँ चलो’, मैंने उठते-उठते कहा। तभी सामने चल रहे टीवी पर नजर पड़ी। एन्कर कह रहा था, ‘आपके शहर की सबसे अच्छी लस्सी की सच्चाई, जिसे सुन कर आप दंग रह जाएंगे और शायद बाजार की लस्सी पीना बंद कर देंगे। क्या आपने कभी सोचा कि आपकी लस्सी का स्वाद वैसा क्यों नहीं होता जैसा बाजार की लस्सी का होता है? आइए आज सुनते हैं हमारी विशेष रिपोर्ट जिसमें इस रहस्य पर से हम पर्दा उठा रहे हैं।’ तब तक पत्नी ने कहा, ‘आवाज थोड़ा बढ़ाओ’, और मेरे बगल में सोफा पर जांच गई। एंकर ने लस्सी का जो किस्सा सुनाया उसका सार-संक्षेप -

‘हलवाई’ अपनी लस्सी के लिए प्रसिद्ध रहा है। वास्तव में उसकी लस्सी शहर में चर्चा का विषय रही है। उसके दीवानों में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हैं। एक आयकर अधिकारी, जो एक बार उस रास्ते से गुजरा, उस दुकान पर लगी कतार को देखकर हैरान रह गया और उसने खुद उसकी लस्सी चखी तो वह भी उसका दीवाना हो गया और नियमित व्यसनी बन गया।

          लेकिन एक दिन अचानक उसका ध्यान स्वादिष्ट लस्सी से हटकर उसकी कमाई की ओर चला गया। उसकी जिज्ञासा ने जल्द ही उसे ग्राहक से आयकर अधिकारी बना दिया। वह यह देखकर चकित रह गया कि हलवाई की कोई फ़ाइल ही नहीं है। उसने तुरंत उसे अपनी आय का ब्योरा जमा करने का निर्देश भिजवाया और जल्द उसे ब्यौरा प्राप्त भी हो गया।

          जब उसने उस ब्यौरे की जांच की तो उसकी आँखें चौड़ी हो गई, खर्च खाते में ‘ब्लोटिंग पेपर’ का खर्च देखकर। हलवाई ब्लोटिंग पेपर का क्या कर रहा है? और वह भी इतनी बड़ी रकम? इस रहस्य को सुलझाने में असमर्थ वह उच्चाधिकारी के पास गया। बड़ी से बड़ी कंपनी में और न ही किसी भी सरकारी दफ्तर में भी इतना ब्लॉटिंग पेपर लगता है। तब यह हलवाई इतने ब्लॉटिंग पेपर का क्या कर रहा है?  इसे ‘मिलावट’ का मामला समझ आयकर अधिकारियों ने यह मामला पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने हलवाई को भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत ‘खाद्य पदार्थों में मिलावट’ के आरोप में पकड़ लिया।  मजिस्ट्रेट ने हलवाई को अभियोजन पक्ष के तर्क को सही ठहराया और सार्वजनिक स्वास्थ्य के आरोप में हलवाई को एक साल के कठोर कारावास की सजा सुना दी।

          हलवाई ने उच्च न्यायालय में अपील की। और यहाँ से प्रारम्भ होती है असली रिपोर्ट। बचाव पक्ष के वकील ने उच्च न्यायालय के समक्ष तर्क दिया, "माई लॉर्ड, मेरे मुवक्किल के खिलाफ आरोप बिल्कुल निराधार और काफी अस्पष्ट है। वह कई वर्षों से इस लस्सी को बेच रहा है, इस अवधि में लस्सी के हजारों प्रेमियों ने मीठा मथा हुआ दही चखा और उसका आनंद लिया है। क्या अभियोजक पक्ष ने इन हजारों में से एक भी ग्राहक पेश किया है, जिसने शिकायत की हो या गवाही दी हो कि मेरे मुवक्किल की दुकान की लस्सी के कारण वह कभी बीमार पड़ा या किसी बीमारी से पीड़ित हुआ? इसके विपरीत, मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं कि मेरे मुवक्किल के ग्राहक असाधारण रूप से अच्छे स्वास्थ्य का आनंद लेते हैं और मैं अनेक सम्मानित ग्राहक पेश कर सकता हूं, जिनका स्वास्थ्य मेरे इस दावे को पूरी तरह से पुष्ट करेगा।"

          बचाव पक्ष के वकील ने अपना ब्रीफ़केस खोलकर पिक्चर फ्रेम निकाले जिनमें कुछ हस्तलिखित प्रमाण पत्र लगे थे। न्यायाधीशों के सामने उन्हें गर्व से कहा, "मी लॉर्ड, ये कुछ प्रतिष्ठित लोगों के प्रमाण पत्र हैं, न केवल इस शहर के, बल्कि देश के भी, जिन्होंने प्रशंसात्मक शब्दों में इसकी मनोरमता की गवाही दी है। मेरे मुवक्किल की लस्सी की विशेषता और मौलिकता के कारण ही वह सूबे के उच्चाधिकारियों और नेताओं से बहुत आदर पाता है और उसे महत्वपूर्ण समारोहों में आमंत्रित किया जाता है। आपको यह जानकर प्रसन्नता होगी कि गर्मियों के मौसम में, मेरे मुवक्किल की लस्सी को इस देश के विशेष पेय के रूप में आने वाले विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को पिलाई जाती है।"

          "लेकिन ब्लॉटिंग पेपर के बारे में आपका क्या कहना है?" एक न्यायाधीश ने अधीरता से पूछा। "ब्लॉटिंग पेपर, माई लॉर्ड," बचाओ पक्ष के वकील ने उत्तर दिया, "मेरे मुवक्किल द्वारा गाढ़ा दही और मलाई  बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक महत्वपूर्ण सामग्री है, जिसे देखते ही उसके ग्राहकों के मुंह में पानी आ जाता है। ब्लॉटिंग पेपर के उपयोग से उत्पन्न होने वाली मोटी मलाई के कारण ही ग्राहकों को इसे पचाने में बहुत मदद मिलती है।"

          अदालत में जाहिर तौर पर उसने जो जादू पैदा किया था, उसका आकलन करते हुए, वकील अब और भी सूक्ष्म तर्कों पर चले गए। अपने  सलाह जैसे संबोधन में उन्होंने कहा, "मेरा मुवक्किल लस्सी बनाने की कला में माहिर है। एक रसायनज्ञ की तरह वह ब्लॉटिंग पेपर का उपयोग बहुत वैज्ञानिक रूप से मापी गई मात्रा में करता है। वह केवल एक प्रसिद्ध पेपर मिल द्वारा बनाए गए पूरी तरह से साफ ब्लॉटिंग पेपर का ही उपयोग करता है। इसे दूध के साथ मिलाने से पहले अच्छी तरह से पीसा जाता है।” एक लंबी सांस लेते हुए और न्यायाधीश की आँखों-में-आंखें  डाल कर वकील ने अपनी बात जारी रखी, "यह अफ़सोस की बात है कि पुलिस ने मेरे मुवक्किल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वास्तव में, मेरे मुवक्किल की ईमानदारी बहुत सराहनीय है। वह इतना ईमानदार है कि उसकी लस्सी में इतनी गाढ़ी मलाई होने के बावजूद वह इस स्वादिष्ट मलाई के लिए कुछ भी अतिरिक्त राशि नहीं लेता है। अपनी लस्सी उसी दर पर बेचता है जिस दर पर दूसरे हलवाई बेचते हैं। मैं निवेदन करता हूं, यह एक महत्वपूर्ण बिंदु है, जिसे मैं आपसे नोट करने करने का अनुरोध करता हूं। यदि मेरा मुवक्किल चाहता तो वह आसानी से मलाई के लिए एक अतिरिक्त राशि वसूल कर सकता था। लेकिन चूंकि वह जानता है कि ग्राहकों के लिए जो मलाई है, वह वास्तव में मलाई नहीं है, इसलिए वह ईमानदारी से मानता है कि उसे अधिक शुल्क नहीं लेना चाहिए।”

          "लेकिन निश्चित रूप से आप उम्मीद नहीं करते होंगे कि हम आपकी वाकपटुता से सहमत होंगे कि लस्सी में ब्लॉटिंग पेपर के उपयोग से ग्राहकों के स्वास्थ्य को नुकसान और चोट नहीं पहुँती है," न्यायाधीशों में से एक ने टिप्पणी की।

          "निश्चित रूप से, महोदय, निश्चित रूप से।"  जज की तीखी टिप्पणी के जवाब में बचाव पक्ष के काउंसलर ने कहा, "आइए देखते हैं कि ब्लोटिंग पेपर किस चीज से बना होता है। सर, ब्लॉटिंग पेपर मूल रूप से उन्हीं सामग्रियों से बना होता है, जो वनस्पति घी बनाने के लिए प्रयोग किये जाते हैं। रासायनिक प्रयोगशाला के विश्लेषण में यह पाया गया है कि ब्लॉटिंग पेपर कच्चे बाँस का बना होता है। हाँ सर, बाँस, जो अचार की सबसे स्वादिष्ट किस्म का है”। वकील ने आगे कहा, "केवल अंतर यह है कि ब्लॉटिंग पेपर में, यह सूखे रूप में होता है। इस प्रकार ब्लॉटिंग पेपर में जो कुछ भी है, और जिसका अर्थ है कि मेरे मुवक्किल ने लस्सी में जो कुछ भी मिलाया है, वह एक प्रकार की वनस्पति ही है।" एक हंसी के साथ बोलते हुए, वकील ने आगे कहा, "इससे भी बढ़कर यहाँ ब्लॉटिंग पेपर वही काम करता है जो हमारी जानी-मानी देसी जड़ी-बूटी इसबगोल करती है। यानी यह आंतों को सिकुडऩे से रोकती है, जिससे मेरे मुवक्किल की लस्सी लेने वाले ग्राहकों को कब्ज की शिकायत नहीं होती, क्योंकि यह उनके पेट और आंतों को स्वस्थ्य रखती है। आप जानते हैं कि चिकित्सा विज्ञान ने कमोबेश पुष्टि की है कि अधिकांश रोग पेट के विकारों के कारण होते हैं - हमारी अधिकांश बीमारियों और खराब स्वास्थ्य का मूल कारण यही है। और चूँकि लस्सी पेट और आंत को साफ रखती है इस कारण मेरे मुवक्किल के ग्राहक अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं।"

          जब वकील ने देखा कि न्यायाधीश एवं अन्य उपस्थित लोग उनकी दलीलों को बहुत रुचि से सुन रहे हैं, वकील ने विजयी भाव से कहा, "और तो और, लस्सी में ब्लॉटिंग पेपर, मानव शरीर में मौजूद सभी जहरों को सोंख कर मिटा देता है ।" वकील के तर्क ने न्यायाधीशों को विस्मय में डाल दिया।

          वकील ने, आगे कहा, "चूंकि लस्सी में बहुत अधिक चर्बी होती है, बहुत से लोग इसे पचा नहीं पाते हैं। लेकिन मेरे मुवक्किल द्वारा मिश्रित ब्लॉटिंग पेपर अतिरिक्त चर्बी को अवशोषित करता है, जिससे चर्बी को पचाने में बहुत सहायता मिलती है। कोई आश्चर्य नहीं, सैकड़ों ग्राहक मेरे मुवक्किल के पास आते हैं क्योंकि वे केवल इस की लस्सी को पचा सकते हैं।”

          चकित श्रोताओं के रवैये से बहुत प्रोत्साहित महसूस करते हुए, बचाव पक्ष के वकील ने अदालत के सामने झुककर और विनती करते हुए अपनी टिप्पणी समाप्त की, "कृपया मेरे मुवक्किल के व्यापार के रहस्यों को क्लाइंट सुरक्षा प्रदान करें, जिसे मैं आपके आधिपत्य के सामने रखने के लिए बाध्य हूं। मुझे डर है कि कुछ नकलची और बेईमान विदेशी बहु-देशीय निर्माता ब्लोटिंग पेपर का पैटेंट करवाकर, इसकी  ब्रांडिंग करके भारी और मोटे मुनाफे में बेचेंगे। यह सब मेरे मुवक्किल, जिसकी महान प्रतिभा और ईमानदारी का पूरा देश कृतज्ञ और कर्जदार है, के प्रति अन्याय और नाइंसाफी होगी।" अदालत ने मामले को खारिज कर दिया, उसकी लस्सी का पैटेंट करवा दिया और उसे स-सम्मान बरी कर दिया।”

          एन्कर ने एक लंबी सांस लेते हुआ आगे कहा -  “न्यायालय ने तो उसे बारी कर दिया, लेकिन आप क्या करेंगे? क्या इन दलीलों पर आपको विश्वास है? क्या ब्लोटिंग पेपर से बनी लस्सी आप पीयेंगे? या फिर वही कहेंगे, अपना पुराना डियालोग  - “मेरे अकेले के करने से क्या होगा?” निर्णय आपके हाथ में है।

          मैं अभी तक स्तब्ध पड़ा था, तभी पत्नी की आवाज कानों में पड़ी, “रहने दो मैं घर में ही अच्छी सी लस्सी बनाती हूँ, भले ही मलाईदार न बने कम-से-कम ब्लोटिंग पेपर तो नहीं ही होगा।”

 (यहाँ लस्सी तो केवल एक माध्यम है, लेकिन कमोबेश बाज़ार में उपलब्ध सभी खाद्य पदार्थों के पककेट्स का एक ही किस्सा है। घर में पकाया हुआ समान फ्रीज़ में भी कुछ ही दिन चलता है जबकि बाजार में बिकने वाले पदार्थ कई सप्ताह / महीने  चलते हैं, क्यों? गणमान्य रसायन शास्त्री, विशेषज्ञ, लैबरोटरी, डॉक्टर किस के पक्ष में बोलते के लिए मजबूर हैं?)

~~~~~~~~~~~~

क्या आपको हमारे पोस्ट पसंद आ रहे हैं, क्या आप चाहते हैं दूसरों को भी इसे पढ़ना / जानना चाहिए!

तो इसे लाइक करें, सबस्क्राइब करें, और दूसरों से शेयर करें।

आपकी एक टिक – एक टिप्पणी दूसरों को

पढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

~~~~~~~~~~~~

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र à

https://youtu.be/0NMA-MspVJo

मेरा यू ट्यूब चैनल ->

youtube.com/@maheshlodha4989