शुक्रवार, 27 सितंबर 2019

ऑस्ट्रेलिया – वेस्टमीड


ऑस्ट्रेलिया – वेस्टमीड


स्वच्छ, निर्मल, बेदाग आकाश। कहीं बादल एक टुकड़ा भी नहीं, सारे सारे दिन। कहीं कोई धब्बा नहीं। सामान्य नीले रंग से थोड़ा गहरा नीला। देखा तो देखता ही रह गया, नजरें नहीं हटीं, पाँव थम गए। पल्लव ने पुकारा तब देखा वे आगे बढ़ गए हैं और मैं सर उठाए आसमान ताक रहा हूँ। हाँ, यहाँ का आकाश अलग है।  अगर आकाश की शुभ्रता और निर्मलता देखने लायक है तो यह भी उतना ही सच है कि सुबह-शाम पक्षियों के झुंड आकाश में एक संगीतात्मक लय में चक्कर लगाते नहीं दिखते। कबूतर, चिड़िया (गौरय्या) दिखते हैं। कौव्वे हमारे भारत कि तुलना में ज्यादा बड़े और काले कि देखते ही भय सा लगता है।  मैना बहुतायत में, कभी कबार तोतों का जोड़ा भी नजर आता है। इनके अलावा यहाँ के स्थानीय पक्षी जैसे कि कोकाटू (cockatoo) अलग अलग रंग की किलंगी में, सफ़ेद गुल (silver gull) तथा अन्य कई पक्षी दिख जाते जाते हैं। हवा शीतल नहीं, ठंडी है। धूप इतनी तेज कि चमड़ी जल जाए, ठंड इतनी कि कंप-कंपी छूट जाए। मौसम का मिजाज कब कैसे बदलेगा पता नहीं। हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। तापमान आज, 24 सितंबर का 7-22 सेंटीग्रेड। पूर्वी औस्ट्रेलिया  भारत से 4.30 घंटे आगे है। अक्तूबर से यह फर्क 5.30 घंटे हो जाएगा।  
 
वेस्टमीड स्टेशन और ट्रेन 
वेस्टमीड, सिडनी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 27 किलोमीटर और सिडनी से 25 किलोमीटर है। दरअसल वेस्टमीड सिडनी के पश्चिम में  उसका एक उपनगर है। दूरी पर न जाएँ क्योंकि यहाँ की  द्रुतगति से सपाट सड़कों पर दौड़ती आरामदेह बसों और रेल के लिए इतनी दूरी न तो ज्यादा है, न थकाने वाली और न ही समय लेने वाली। हमारा निवास इसी उपनगर में है। यह उपनगर और दो उपनगर हैरिस पार्क और पैरामैटा के बाद है। इन तीनों ही नगरों में भारतीय मूल के निवासियों का बाहुल्य है। वेस्टमीड और हैरिस पार्क के मध्य पैरामैटा में रेस्टुरेंट, कार्यालय, शॉपिंग सेंटर हैं।

वेस्टमीड का क्षेत्रफल 2.9 km2  है और जनसंख्या 2016 की जनगणना के अनुसार 16309 थी। यहाँ भारत मूल के निवासी सबसे ज्यादा हैं, 36.3%। दूसरे नंबर में ऑस्ट्रेलिया के निवासी आते हैं, 25.4%। इनके अलावा चीन, श्रीलंका, फिलीपींस और नेपाल मूल के लोग भी हैं। इस क्षेत्र में अँग्रेजी बोलने वाले 20.8% हैं और दूसरे नंबर में हिन्दी बोलने वाले, 10.1% हैं। यहाँ के निवासियों की औसत साप्ताहिक आय $1866 है जो देश के औसत $1438 से ज्यादा है। और शायद इसी कारण यहाँ की औसत अचल संपत्ति (रियल इस्टेट) के ऋण का मासिक भुगतान $2000 है जबकि देश का औसत $1755 है। हिन्दू (40.8%) सबसे ज्यादा हैं।  शायद यही कारण है कि यहाँ घूमते फिरते ऐसा आभास होता है कि हम भारत में ही घूम रहे हैं। भारतीय स्टोर और रेस्टुरेंट्स भी बड़ी संख्या में हैं।

वेस्टमीड की  पहचान यहाँ की मेडिकल सेंटर, स्कूल और यूनिवरसिटि के कारण है। वृहद वेस्टमीड सरकारी 
स्कूल और यूनिवरसिटि 
अस्पताल भारत के किसी भी निजी अस्पताल से टक्कर ले सकता है। बड़ों के अलावा बच्चों और मेंटल हेल्थ के अलग से अस्पताल हैं। निजी अस्पताल और डॉक्टरों के अनेक क्लीनिक हैं। वेस्टर्न सिडनी यूनिवरसिटि, WSU कॉलेज, UWS कॉलेज भी यहीं हैं। वेस्टमीड पब्लिक स्कूल 1917 में स्थापित हुआ था। इसके अलावा कैथरीन माउलेय कैथॉलिक स्कूल, और पैरामैटा मरिस्ट हाई स्कूल जो की औस्ट्रालिया का सबसे पुराना कैथॉलिक स्कूल है जिसकी स्थापना 1820 में हुई थी। इनके अलावा और भी कई स्कूल यहाँ हैं।

घरों के नमूने 
रहने के लिए छोटे छोटे बंगलानुमा मकान हैं। हर ऐसे बंगले के साथ एक छोटा सा बगीचा और गाड़ी खड़ी करने की जगह। ऐसे एक जैसे बंगलों का समूह भी है जिसने कॉलोनी का सा रूप ले लिया है। कुछ एक छोटे छोटे 2 या 3 तल्लों के मकान और समूह भी हैं। बहुमंजली इमारतों का केवल एक समूह है। ऐसी और एक इमारत वेस्टमीड स्टेशन के निकट बन रही है।

रोज़मर्रा की चीजों के लिया कोल्स का वृहद सुपर स्टोर है। यहाँ फल, सब्जी के अलावा रोज़मर्रा में लगने वाली हर वस्तु बड़ी संख्या में उपलब्ध है। इस स्टोर में सेल्फ बिलिंग काउंटर है जहां आप खुद अपना बिल बना और भुगतान कर सकते हैं, बिना किसी की दखलंदाजी के। कहीं किसी प्रकार की रोक टोक, चेकिंग नहीं है लेकिन कैमरा और तकनीक की सहायता से अपने आप पूरी निगरानी रखी जाती है और सबसे बड़ी बात यह है कि यहाँ आदमी आदतन ईमानदार है। खास बात यह है कि, जैसा मैं पहले लिख चुका हूँ, यहाँ की जनसंख्या में भारत मूल के हिन्दू ही सबसे ज्यादा हैं। अगर हम ऑस्ट्रेलिया में ईमानदार हो सकते हैं तो अपने देश में क्यों नहीं?  हमें दूसरों जैसा नहीं बनना है, दूसरों को अपने जैसा बनाना है।

बाहर खाने का शौक  हो या खरीददारी करनी हो तो पैरामैटा जाना की ठीक है। यहाँ रेस्टुरेंट्स की भरमार है और वेस्ट फील्ड का बहुमंजिला और बहु इमारतों में फैला वृहद बाजार है जिसे पूरा एक दिन में नहीं घूमा जा सकता। इसमें मल्टीप्लेक्स में मूवी भी देखी जा सकती है। यह स्टोर रेल स्टेशन और बस अड्डे से सटा हुआ है।  वेस्टमीड स्टेशन से केवल एक स्टेशन दूर है। लगभग 2.5किमी। कई एयर कंडीशंड बसें भी दौड़तों रहती हैं जिन्हे 10 मिनट से भी कम समय लगता है।
 
बच्चों एवं बड़ों का पार्क, चैरिटी का समान डालने की जगह, बस स्टॉप 
पिछले चार वर्षों में यहाँ यातायात में बढ़ोतरी हुई है। यहाँ की दौड़ती गाडियाँ, घूमते लोग, बच्चे दादा-नाना की संख्या और इनके साथ साथ यातायात नियमों का उल्लंघन और गंदगी में भी आबादी की तुलना में वृद्धि दिखाई पड़ती है। लेकिन इन सब के बावजूद एक स्वस्थ्य वातावरण, प्रदूषण मुक्त जलवायु और शांत परिवेश मानव के रहने के लिए अच्छा स्थान है।

कोई टिप्पणी नहीं: